बलोद (छत्तीसगढ़): हमर राज पार्टी के जिला अध्यक्ष और एक पत्रकार की कार में सुपारी देकर आग लगाने के प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम अंगारी की सरपंच ममता डडसेना और उनके सहयोगी श्यामू उर्फ रिंकू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में पाँच आरोपियों को पकड़ चुकी है।
पुलिस के मुताबिक घटना 1 दिसंबर 2025 की है। बुढ़ापारा वार्ड-20 पाररास निवासी देवेंद्र साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 9 बजे उनके घर की बाउंड्री वॉल के भीतर खड़ी कार (CG 24 W 7166) को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना बालोद में धारा 326(जी) व 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने विशेष टीम बनाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, एसडीओपी देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी निरीक्षक शिषुपाल सिन्हा के नेतृत्व में थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि साजिश के केंद्र में ग्राम अंगारी की सरपंच ममता डडसेना, उनके जेल में बंद पति अश्वनी डडसेना और सहयोगी श्यामू उर्फ रिंकू यादव थे। बताया गया कि अश्वनी डडसेना ने जेल से ही पूरी योजना तैयार की थी। उनकी पत्नी ममता और सहयोगी श्यामू ने दल्लीराजहरा क्षेत्र के आरोपियों को पत्रकार की कार में आग लगाने के लिए सुपारी दी थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को देवेंद्र साहू का पता, खर्च की राशि और अन्य आवश्यक सुविधाएँ ममता डडसेना व श्यामू यादव ने उपलब्ध कराई थीं। हिरासत में लेकर की गई सख्त पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर 7 दिसंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- ममता डडसेना (53 वर्ष), पति अश्वनी डडसेना, निवासी ग्राम अंगारी, थाना एवं जिला बालोद
- श्यामू यादव उर्फ रिंकू यादव (38 वर्ष), पिता मिलन यादव, निवासी ग्राम ढौर, थाना उतई, जिला दुर्ग



