Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (23): Unauthorised को क्या लिखेंगे – अनाधिकृत या अनधिकृत?

Unauthorised के लिए हिंदी मीडिया में दो शब्द चलते हैं – अनाधिकृत और अनधिकृत। जिसको जो सही लग रहा है, लिख रहा है। हैरानी की बात यह है कि एक ही वेबसाइट की एक ख़बर में आपको अनधिकृत मिलेगा तो दूसरी में अनाधिकृत। लगता है, संपादक जी ने छूट दे रखी है – जो चाहो लिखो, बस हिट्स आने चाहिए…

राजधानी दिल्ली समेत देशभर से आए दिन ये ख़बरें आती रहती हैं कि झुग्गियों को ध्वस्त कर दिए जाने से सैकड़ों ग़रीब परिवार बेघर हो गए। ये ख़बरें मन को उदास करती हैं कि ग़रीबी के चलते जो लोग इन झोपड़पट्टियों में रहने और जीने को मजबूर हैं, हमारी सरकारें और हमारे संस्थान उनसे वह छप्पर तक छीन रहे हैं।

चंद महीनों पहले यूपी से एक मार्मिक विडियो भी सामने आया था जिसमें एक बच्ची तोड़फोड़ दस्ते से अपनी कॉपी-किताबों को बचाते हुए भाग रही है। यह सब उस सरकार के राज में हो रहा है जिसने कभी वादा किया था कि 2022 तक देश के हर परिवार के सिर पर छत होगी। वह सरकार जो एक तरफ़ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देती है और दूसरी तरफ़ ‘विकास’ के नाम पर उस बच्ची जैसे न जाने कितनों को सड़क पर लाकर खड़ा कर दे रही है। यह सब केवल इसलिए कि उनकी झुग्गियों को सरकारी मंज़ूरी प्राप्त नहीं हैं। वे unauthorised हैं।

Unauthorised के लिए हिंदी मीडिया में दो शब्द चलते हैं – अनाधिकृत और अनधिकृत। जिसको जो सही लग रहा है, लिख रहा है। हैरानी की बात यह है कि एक ही वेबसाइट की एक ख़बर में आपको अनधिकृत मिलेगा तो दूसरी में अनाधिकृत। लगता है, संपादक जी ने छूट दे रखी है – जो चाहो लिखो, बस हिट्स आने चाहिए।

सही है अनधिकृत क्योंकि यह ‘अन्’ और ‘अधिकृत’ से मिलकर बना है। जिस तरह ‘अन्’ और ‘अंत’ से मिलकर अनंत बनता है, ‘अन्’ और ‘अर्थ’ से मिलकर अनर्थ बनता है, उसी तरह ‘अन्’ और ‘अधिकृत’ से मिलकर अनधिकृत बनेगा, अनाधिकृत नहीं।

अधिकृत और अनधिकृत | Authorised और Unauthorised

अनधिकृत को कई लोग अनाधिकृत शायद इसलिए लिख रहे हैं कि अनधिकृत के मुक़ाबले अनाधिकृत बोलना आसान है। दूसरा कारण यह भी हो सकता है कि कुछ लोग जिन्हें हिंदी व्याकरण की थोड़ी-बहुत समझ है, वे इसे ‘अन’ और ‘अधिकृत’ की संधि समझते हैं। हिंदी में दो ‘अ के मिलने से ‘आ’ होता है। जैसे मत+अनुसार=मतानुसार, स्व+अर्थ=स्वार्थ। तो वे शायद समझते हैं कि अन+अधिकृत=अनाधिकृत होगा।

लेकिन शायद उनको मालूम नहीं कि यहाँ ‘अन’ और ‘अधिकृत’ की संधि नहीं हो रही, ‘अन्’ और ‘अधिकृत’ की संधि हो रही है। शुरू में ‘अन्’ है, ‘अन’ नहीं है।

‘अन्’ संस्कृत का उपसर्ग है, ‘अन’ हिंदी का। संस्कृत के शब्दों में ‘अन्’ लगता है (अन् +एक=अनेक, अन्+इच्छा=अनिच्छा) जबकि हिंदी के अपने शब्दों में ‘अन लगता है (अनबन, अनमोल आदि)।

अनाधिकृत की तरह अनाधिकार भी ग़लत है। यहाँ भी ‘अन्’ और ‘अधिकार’ की संधि हो रही है। होगा ‘अनधिकार’।

अनधिकृत संस्कृतनिष्ठ और मुश्किल शब्द हैं। इससे बचने के लिए कई बार अख़बार अवैध शब्द चला देते हैं। जैसे अवैध झुग्गियाँ तोड़ीं।

लेकिन अवैध (ILLEGAL) और अनधिकृत (UNAUTHORISED) के अर्थ में अंतर है।

अवैध काम वह है जो देश के क़ानून के ख़िलाफ़ जाकर किया गया हो। जैसे चोरी या हत्या। ऐसा कोई तरीक़ा नहीं है जिससे आप इस अवैध काम को वैध कर लें। अगर आपका जुर्म साबित हो जाए तो आपको अपने किए की सज़ा भुगतनी होगी।

लेकिन अनधिकृत काम वह है जो अधिकारियों की उचित मंज़ूरी के बग़ैर किया गया हो। अगर बाद में नियमों के तहत मंज़ूरी ले ली जाए तो वह काम अनधिकृत से अधिकृत हो सकता है।

इसलिए जो काम अनधिकृत हो, वह अवैध हो, यह ज़रूरी नहीं है। लेकिन हिंदी मीडिया में किसको फुर्सत है कि इतनी बारीकियाँ समझे या समझाए।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा (22): एनबीटी से अमर उजाला तक सब Rafale को ग़लत लिख रहे हैं

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन