देश के अग्रणी मीडिया नेटवर्क टाइम्स नेटवर्क (Times Media Network) में शीर्ष स्तर पर बदलाव देखने को मिला है। सीओओ (न्यूज ब्रॉडकास्ट बिजनेस) के पद पर कार्यरत वरुण कोहली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जून 2024 में नेटवर्क से जुड़े कोहली ने करीब साढ़े 13 महीने के कार्यकाल में न्यूज ब्रॉडकास्टिंग बिजनेस के अहम ऑपरेशंस की जिम्मेदारी संभाली।
उनके नेतृत्व में चैनल ने कई रणनीतिक बदलाव और मार्केट में अपनी स्थिति मजबूत करने के कदम उठाए। स्ट्रैटेजी, लीडरशिप, सेल्स और मार्केटिंग में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले कोहली को ‘हैंड्स-ऑन’ प्रोफेशनल के रूप में जाना जाता है। वे कई ब्रांड्स को लॉन्च कर उन्हें लाभदायक बनाने और संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने का श्रेय रखते हैं। उनके इस्तीफे के बाद सीईओ (एंटरटेनमेंट और डिजिटल बिजनेस) रोहित गोपाकुमार अब न्यूज ब्रॉडकास्टिंग वर्टिकल का अतिरिक्त अंतरिम प्रभार भी देखेंगे।
इसी समूह से जुड़े मुनीष देवगन ने भी अपनी पारी को विराम दिया है। करीब चार साल से टाइम्स नेटवर्क के साथ जुड़े देवगन, डिजिटल हिंदी वीडियो क्लस्टर के हेड के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने नेटवर्क के यूट्यूब चैनलों को मजबूती से स्थापित किया और डिजिटल दर्शकों तक उसकी पहुंच को बढ़ाया।
सूत्रों का कहना है कि देवगन जल्द ही एनडीटीवी की डिजिटल (NDTV Digital) टीम में एक बड़ी जिम्मेदारी निभाते नजर आ सकते हैं, हालांकि इस पर आधिकारिक घोषणा फिलहाल बाकी है।
दूसरी ओर, वरिष्ठ न्यूज एंकर मारिया शकील ने एनडीटीवी समूह (NDTV Group) को अलविदा कह दिया है। अगस्त 2023 में NDTV 24×7 में एग्जिक्यूटिव एडिटर (नेशनल अफेयर्स) के रूप में जुड़ीं मारिया, राष्ट्रीय राजनीति और समसामयिक विषयों पर अपनी पैनी पकड़ के लिए जानी जाती हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और विशेष शो किए, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।
फिलहाल उनके अगले कदम को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन मीडिया जगत में चर्चा है कि वे जल्द ही किसी अन्य बड़े मीडिया संस्थान में नई पारी की शुरुआत कर सकती हैं।
इन तीनों पत्रकारों के पद छोड़ने को मीडिया उद्योग में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। यह भी माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में देश के अन्य बड़े न्यूज़ नेटवर्क्स में भी शीर्ष स्तर पर फेरबदल देखने को मिल सकता है।


