‘जी मीडिया कॉरपोरेशन लिमिटेड’ के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) विजयंत कुमार के ‘इंडिया टुडे’ समूह जॉइन करने की अटकलों पर विराम लग गया है। ‘टीवी टुडे नेटवर्क लिमिटेड’ ने BSE और NSE को सूचित किया कि वे इंडिया टुडे समूह से नहीं जुड़ रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ‘जी मीडिया’ ने उन्हें समूह स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देने की पेशकश की है, जिसमें ‘जी टेलीफिल्म्स’ में भी CTO का पद शामिल हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विजयंत कुमार पिछले 25 वर्षों से ‘जी मीडिया’ से जुड़े हैं और छह साल से CTO के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने ‘महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी’ से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया है और ‘टीम कंप्यूटर्स’ में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
टीवी पत्रकार महिमा कटारिया ने iTV नेटवर्क (इंडिया न्यूज/न्यूजएक्स) से विदा ले ली है। वह जुलाई 2022 से इस मीडिया समूह का हिस्सा थीं और बतौर सीनियर करेसपॉन्डेंट महत्वपूर्ण बीट्स, खासकर पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) को कवर कर रही थीं।
महिमा ने इंडिया डेली लाइव के साथ अपने नए सफर की शुरुआत की है। यहां भी वह सीनियर करेसपॉन्डेंट के तौर पर जुड़ी हैं और पीएमओ बीट की जिम्मेदारी संभालेंगी। पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दस वर्षों के अनुभव के साथ महिमा कटारिया कई बड़े मीडिया संस्थानों का हिस्सा रह चुकी हैं।
iTV नेटवर्क से पहले महिमा कटारिया ने Zee News में करीब एक साल तक काम किया। उससे पहले वह Republic TV में साढ़े तीन साल तक राजनीति से जुड़े अहम मुद्दों को कवर कर चुकी हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी से सोशियोलॉजी ऑनर्स के बाद उन्होंने एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज से सोशल वर्क्स में पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया। पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में दक्षता के लिए उन्होंने ISOMES से टीवी प्रॉडक्शन और डायरेक्शन में पीजी डिप्लोमा किया, साथ ही गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में भी पोस्ट ग्रेजुएशन कर चुकी हैं।


