Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

आयोजन

विमल मिश्र को ‘परिवार गौरव सम्मान’, डॉ.अभिज्ञात व देवदीप राजपुरोहित को ‘अग्रसर सम्मान’

सुपरिचित स्तंभकार और नवभारत टाइम्स, मुंबई के पूर्व सिटी एडिटर विमल मिश्र को प्रतिष्ठित ‘परिवार गौरव सम्मान’ देने की घोषणा की गई है। पुरस्कार समारोह शनिवार, 21 दिसंबर को दिन 3 बजे मुंबई प्रेस क्लब में होगा। पुरस्कार स्वरूप विमल जी को सम्मानपत्र के साथ 51 हजार रुपये की मानद् राशि प्रदान की जाएगी।

यह जानकारी परिवार संस्था के संस्थापक अध्यक्ष रामस्वरूप गाडिया व महामंत्री सुरेश शर्मा ने दी। समारोह नवभारत टाइम्स के वर्तमान संपादक सुंदरचंद ठाकुर व पूर्व संपादकों विश्वनाथ सचदेव व शचींद्र त्रिपाठी और जाने-माने समीक्षक विजय कुमार की उपस्थिति में होगा।

विमल मिश्र मूलतः वाराणसी के हैं और पांच वर्ष वाराणसी के ‘आज’ दैनिक में और 31 वर्ष नवभारत टाइम्स, मुंबई में कार्य करने के बाद कुछ समय पहले सेवानिवृत्त हुए। उनके दादाजी पं. वासुदेव मिश्र और उनके भाई पं. छोटूलाल मिश्र व पं. दुर्गाप्रसाद मिश्र हिंदी दैनिक पत्रकारिता के आदि पुरुषों में थे, जिन्हें भारत का पहला राजनीतिक दैनिक पत्र कहे जाने वाले कोलकाता से प्रकाशित ‘भारत मित्र’ का संस्थापक संपादक होने का श्रेय हासिल है।

वे पत्रकारिता के लिए मदर टेरेसा इंटरनैशनल अवॉर्ड, महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी पुरस्कार, डॉ. हरिवंशराय बच्चन पुरस्कार, गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार, नारद पुरस्कार और मुंबई हिंदी पत्रकार संघ पत्रकारिता सेवा सम्मान आदि 25 से अधिक पुरस्कारों के विजेता हैं। नवभारत टा‌इम्स में उनके साप्ताहिक स्तंभ ‘लोग’ व ‘हमसे है मुंबई’ और हर र‌विवार छपने वाले विविधरंगी फीचर लेख बहुत लोकप्रिय थे। मुंबई की लोकल ट्रेनों पर लिखी और भारतीय रेलवे द्वारा प्रकाशित उनकी कॉफी टेबल ‘मुंबई लोकल’ अपनी तरह की पहली पुस्तक है।

खड़दह सांस्कृतिक उत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोहा

कोलकाता/बैरकपुर ।। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित खड़दह सांस्कृतिक उत्सव 2019 सम्पन्न हो गया। अग्रसर समाज कल्याण केन्द्र के संयोजन में यह उत्सव का 19 आयोजन था। इस वर्ष यह 13 दिसम्बर से शुरू हुआ। इस दौरान मेला भी लगा था और विज्ञान प्रदर्शनी भी लगायी गयी थी।

पेंटिंग, काव्य आवृत्ति, गीत, संगीत व नृत्य प्रतियोगिताओं में सैकड़ों स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। कठपुतली नृत्य ने लोगों को लुभाया। बालीवुड के गायकों शब्बीर कुमार, सुदेश भोंसले व शैलजा सुब्रमण्यम ने अपनी हिन्दी गीतों व इंद्रनील सेन, लावणी भट्टाचार्य, ईमन चक्रवर्ती ने बांग्ला गीतों से लोगों का मन मोह लिया।

सांसद सौगत राय ने विज्ञान मेले का उद्घाटन कर उत्सव की शुरुआत की। पत्रकारिता में सराहनीय योगदान के लिए हिन्दी के पत्रकार डॉ.अभिज्ञात और अंग्रेज़ी पत्रकार देवदीप पुरोहित को अग्रसर सम्मान प्रदान किया गया। अग्रसर के कार्यकारी अध्यक्ष सुकंठ बनिक, सचिव अरिजीत घोष, मुख्य संयोजक उत्तम दत्त, मीडिया समन्वयक दिव्येन्दु चौधुरी ने उत्सव के कार्यक्रमों को संयोजित किया था। कार्यक्रमों का संचालन तानिया साहा ने किया। मेले से होने वाली आय से कैंसर व किडनी के मरीजों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन