शिवसेना यूबीटी नेता, उद्धव ठाकरे ने कहा है, देश ऐसे हाथों में है जो केवल झूठ फैलाते हैं।
संजय कुमार सिंह
आज मेरे ज्यादातर अखबारों की लीड एक है – मनीला में क्वाड सम्मेलन। इसमें कुछ वोट बटोरू होता तो नरेन्द्र मोदी कागज का छोटा सा टुकड़ा उठाने के लिए क्यों झुकते? और दूसरी खबर होती तो कोई न कोई अखबार लीक से अलग होता। आज द टेलीग्राफ के पास भी कोई दूसरी लीड नहीं है। किसी तरह पहला पन्ना भरा है – क्रिकेट या आईपीएल या धोनी पर टिप्पणी से। देशबन्धु ने भी सुप्रीम कोर्ट की खबर को लीड बनाया है कि 48 सवालों पर नोटिस जारी करने से मना कर दिया। ऐसे में उद्धव ठाकरे ने जो कहा है वह पहले पन्ने पर नहीं है। अमर उजाला के पहले पन्ने पर एक शीर्षक है – भाजपा ने दिया चुनावी नारा राधे-राधे कमल खिला दे। नवोदय टाइम्स में तीन कॉलम की खबर है – होर्मुज में टैंकर पर हमला, भारतीय लापता। पूरे चालक दल को छोड़ना पड़ा जहाज, दल के 24 सदस्य सुरक्षित। टाइम्स ऑफ इंडिया में एक खबर है, एसआईआर के बाद यूपी में 18.8 लाख वोटर जुड़े लेकिन वयस्क आबादी से 2.50 करोड़ की कमी अभी भी है। द हिन्दू की खबर के अनुसार, 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ड्राफ्ट एसएसआर रोल में लगभग 75 लाख नाम जोड़े गए; गोवा में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखी गई। हिन्दुस्तान टाइम्स की सेकेंड लीड है, सीजेआई ने पीआईएल रोस्टर (के सवाल) पर जज से दो मामले लिए। आज बिलकिस बानों की खबर का फॉलो अप भी लीड हो सकता था। खबर है भी लेकिन सरकारी प्रचार के लायक तो नहीं ही है। इसमें सरकार के बारे में कुछ नया भी नहीं है।
आज दिल्ली के अखबारों में फिर एक पुरानी बिल्डिंग गिरने की खबर है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। खबर के अनुसार, बिल्डिंग पुरानी थी, जर्जर हो चुकी थी और उसमें दरारें भी थीं। हादसे में चार लोगों के घायल होने की भी खबर है। लेकिन मेरे दस अखबारों में से कम से कम दो में प्रधानमंत्री की पर्ची उठाने वाली फोटो पहले पन्ने पर है। अमर उजाला में यह फोटो लीड के साथ है और इसका कैप्शन है, चारो नेताओं के खड़े होने के लिए मंच पर उनके नाम वाले कार्ड जमीन पर रखे थे। इनपर संबंधित देशों के छोटे झंड़े छपे हुए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने नाम का कार्ड उठाकर जेब में रख लिया। यह बेहद असामान्य है खासतौर से इसलिए कि साथ खड़े तीन अन्य देशों के नेताओं ने ऐसा नहीं किया।
प्रधानमंत्री का ऐसा करना पूरी तरह अनुचित है और न भी हो तो खबर भले हो, प्रशंसा की बात नहीं है। या बाकी खबर नहीं है। इसलिए अगर यह फोटो मेरे 10 में से दो अखबारों में पहले पन्ने पर छपी है तो प्रधानमंत्री के असामान्य या अनअपेक्षित व्यवहार के कारण और इस आधार पर कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री ने जानबूझकर किया या अनजाने में इसे महत्व देने की कोशिश की गई है। अमर उजाला में इस फोटो का भी शीर्षक है – पीएम मोदी ने जमीन से उठाकर जेब में रखा तिरंगे का मार्कर। सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो हैं जो बता रहे हैं कि मोदी पहले ऐसे निशान के पीछे खड़े रहे हैं। आप कह सकते हैं कि मोदी ने अनुभव से सीखा होगा और इस बार झंडे को अपमान से बचाया। यह सही भी हो तो तरीका हेडलाइन मैनेजमेंट वाला ही कहा जाएगा। मोदी आयोजकों को चिट्ठी लिख सकते थे कि भविष्य में जगह बताने के लिए झंडे नहीं लगाए जाएं। ऐसा नहीं किया और इस बार उठा कर जेब में रख लिया तो यही मानना पड़ेगा कि हेडलाइन मैनेजमेंट की कोशिश है। इसका फायदा यह भी होता है कि चर्चा मूल मुद्दों से चाहे गए विषय पर डायवर्ट हो जाती है।
दि एशियन एज में खबर और कैप्शन लगभग वही है लेकिन साथ खड़े देशों और उसके प्रमुखों के नाम भी लिखे हैं। दि एशियन एज में फ्लैग शीर्षक का एक मुद्दा है – ट्रम्प ने प्रधानमंत्री की प्रशंसा की और कहा, ‘एक महान नेता हैं’। प्रधानमंत्री ने जमीन पर रखे जगह बताने वाले कागज को उठाकर जेब में रख लिया तो यह क्वाड सम्मेलन की खबर को लीड बनाने वाले अखबारों के लिए चारो नेताओं की फोटो खबर है, झुके हुए, लगभग महत्वहीन कागज को उठाते हुए प्रधानमंत्री की नहीं। हो सकता है, कागज में झंडा छपा हो और सरकार समर्थक कल से यही बताने में लगे हैं कि प्रधानमंत्री ने इसीलिए इसे उठाकर जेब में रख लिया। मुझे पता नहीं है और खबरों से यह पता नहीं चल रहा है कि बाकी देशों के लोगों ने ऐसा क्यों नहीं किया। अपने और दूसरे देशों के झंडे का भी सम्मान सभी राष्ट्राध्यक्षों को करना चाहिए और अगर वे नहीं करते हैं तो भारत के प्रधानमंत्री का ऐसा करना अच्छा या प्रशंसनीय क्यों है? ऐसा करते हुए ट्रम्प ने कहा कि मोदी बेहद सख्त हैं। अखबार में यह भी सिंगल कॉलम की खबर है।
कहीं ऐसा तो नहीं कि बाकी देशों के नाम लिखे थे और भारत का झंडा छपा था या दोनों था इसलिए प्रधानमंत्री को नाम के साथ बना झंडा उठाना पड़ा और दूसरे देशों के प्रमुखों ने नहीं उठाया। अगर ऐसा था तो क्या कारण हो सकता है? आप जानते हैं कि मोदी राज में भारत को अंग्रेजी में हर बार इंडिया लिखने की जगह कई बार भारत लिखा गया है और क्वाड के आयोजक देश नहीं तय कर पाए कि भारत लिखें या इंडिया और इस कारण झंडा बना दिया जिसे प्रधानमंत्री को उठाना पड़ा। मुझे पूरा मामला समझ में नहीं आ रहा है और अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि सिर्फ मोदी क्यों झुके और बाकी लोग क्यों नहीं झुके। मुझे लगता है कि यह छोटा मामला नहीं है लेकिन मीडिया के साथ भाजपा समर्थक प्रचारक इस मुद्दे पर शांत हैं। वे भी जो राहुल गांधी के किसी भी कदम की आलोचना करने लगते हैं चाहे वह उनका निजी मामला हो या विदेश में बच्चों के बीच बोलने के लिए आमंत्रित किए जाने का। दूसरी ओर प्रधानमंत्री का ऐसा करना तिरंगे के प्रति गैर जरूरी प्रेम दिखाने और इसका उपयोग अयोग्यता व अक्षमता के बावजूद सत्ता से चिपके रहने की कोशिश में भी हो सकता है। मीडिया का काम है कि जनता को सच बताए पर मीडिया का एक बड़ा वर्ग न सिर्फ सरकार और प्रधानमंत्री की सेवा में लगा है विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने और बदनाम करने का मौका भी नहीं चूकता है।
आज दिल्ली में एक और बिल्डिंग गिरने की खबर बताती है कि सरकार इस दिशा में कुछ नहीं कर रही है या कर पा रही है। इसलिए अयोग्य और अक्षम कही जा सकती है। ऐसी सरकार की प्रशंसा या बचाव देश हित में तो नहीं ही है। विपक्ष के लिए लेवल प्लेइंग फील्ड भी नहीं है। चुनाव चोरी और वोट चोरी के मामले एक तरफ। चुनाव आयोग के मामले में सुप्रीम कोर्ट का रवैया भी अपनी जगह है। जहां तक सरकार के निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से काम करने की बात है, आज दैनिक भास्कर में छपी एक खबर के अनुसार पूर्व उपराष्ट्रपति को अभी तक (दो साल हो गए) उनके हक का टाइप 8 का बंगला नहीं आवंटित किया गया है। इससे पहले एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश के मामले में उनके बंगले में बने रहने का उपयोग उनके खिलाफ प्रचार के लिए किया गया था। सरकार ने अपने लोगों को योग्यता नहीं होने के बावजूद जो बंगले दे रखे हैं वह अलग है और उसपर खबर नहीं होती है, वह भी एक मुद्दा है।
नवोदय टाइम्स की एक खबर के अनुसार दिल्ली को ग्रैप-3 से मुक्ति मिल गई है और वायु प्रबंधन आयोग ने कहा है कि लापरवाही मिली तो कार्रवाई होगी। मैं यहां बता चुका हूं कि हर साल दीवाली पर प्रदूषण बढ़ जाने के बावजूद पटाखे चलाने को त्यौहार से जोड़कर देखा जाता है और पटाखों पर प्रबंध लागू नहीं होता है जबकि बदनामी से बचने के लिए अधिकारियों को चेतावनी दी गई और अगले ही दिन असर हुआ। इसके तरीके चलताऊ और सार्वजनिक हैं। असल में प्रदूषण कम हो रहा है कि नहीं, मु्द्दा ही नहीं है। इसमें यमुना का प्रदूषण भी मुद्दा है। दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दावा किया है कि यमुना के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। इस संबंध में navbharatlive.com की एक खबर है, यमुना की दो तस्वीरें, दो सियासी दावे…आप ने दिखाया झाग तो भाजपा ने गिनाए 1,400 साफ-सुथरे घाट, तेज हुई सियासत! इसके साथ छपी तस्वीर सोशल मीडिया से ली गई है। खबर है कि छठ पूजा के दौरान यमुना में सफेद झाग दिखने पर भाजपा और आप आमने-सामने आ गईं है। यह अलग बात है कि झाग नहीं दिखने का मतलब यह नहीं होगा कि यमुना में प्रदूषण नहीं है। इसलिए, भाजपा खबरों और बयानों से यमुना को साफ करने में लगी है।
आज देशबन्धु की लीड का शीर्षक है, शिवसेना यूबीटी नेता, उद्धव ठाकरे ने कहा, देश ऐसे हाथों में है जो केवल झूठ फैलाते हैं। सत्ता परिवर्तन ही एकमात्र विकल्प है। मुंबई डेटलाइन से खबर इस प्रकार है, शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि और जन्म शताब्दी वर्ष के मौके पर उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री शाह की विश्वसनीयता और उनके पुराने राजनीतिक बयानों पर सवाल उठाए। अमित शाह ने हाल में कोविड- 19 के दौरान उद्धव ठाकरे के मुख्य मंत्री रहने और उस दौरान जो कुछ हुआ उसपर टिप्पणी की थी। ठाकरे ने उनका जवाब दिया और उन्हें अफवाहें फैलाने वाला करार दिया। इस तरह आज ही दिल्ली सरकार के साथ-साथ अमित शाह और नरेन्द्र मोदी के ऐसे कामों की खबर है जिससे वे अखबारों में अच्छा दिखने की कोशिश में लगे हुए हैं। कुछेक अखबार उनकी जरूरत भी पूरी करते हैं।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।
