Connect with us

Hi, what are you looking for?

दिल्ली

यमुना में मरी मछलियों का वीडियो बनाने वाले पत्रकार पर एफ़आईआर, डीयूजे ने कहा- सरकार की ज़रूरत से ज़्यादा प्रतिक्रिया

यमुना में मरी मछलियों का वीडियो बनाने वाले स्वतंत्र पत्रकार सत्येंद्र सिंह पर एफ़आईआर को डीयूजे ने सरकार की ज़रूरत से ज़्यादा प्रतिक्रिया बताया और आरोप वापस लेने व वैज्ञानिकों से निष्पक्ष जांच की मांग की।

दिल्ली यूनियन ऑफ़ जर्नलिस्ट्स (डीयूजे) ने यमुना नदी में मरी मछलियों का वीडियो बनाने वाले पत्रकार सत्येंद्र सिंह के ख़िलाफ़ दर्ज एफ़आईआर पर हैरानी जताई है। यूनियन का कहना है कि यह सख़्ती साफ़ तौर पर अपनी साफ़-सुथरी छवि पेश करने की धुन में लगी सरकार की ज़रूरत से ज़्यादा प्रतिक्रिया है।

डीयूजे ने अपने बयान में कहा है कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि दिल्ली-एनसीआर हवा और पानी, दोनों के गंभीर प्रदूषण से जूझ रहा है। दुर्भाग्य से संकट से निपटने के बजाय प्रदूषण पर सियासी जंग लड़ी जा रही है। स्वतंत्र पत्रकार सत्येंद्र सिंह इसी सियासत के बीच फंस गए हैं, क्योंकि उनकी रिपोर्ट में दावा किया गया था कि छठ पर्व से पहले यमुना की सफ़ाई के लिए इस्तेमाल किए गए केमिकल्स के ज़हर से बड़ी संख्या में मछलियां मर गईं।

यूनियन के मुताबिक़, भाजपा और आम आदमी पार्टी एक-दूसरे पर आरोप लगा रही हैं। सत्ताधारी भाजपा का आरोप है कि उसकी सरकार को बदनाम करने के लिए किसी ने नदी में मरी मछलियां डाल दीं।

इस बीच कुछ और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें महिलाएं नदी में सफ़ेद झाग के बीच पूजा करती दिख रही हैं। डीयूजे ने कहा है कि झाग आमतौर पर इस बात का संकेत होता है कि किसी जल स्रोत में ज़हरीला कचरा बहकर आ रहा है।

डीयूजे ने मांग की है कि सत्येंद्र सिंह के ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप वापस लिए जाएं और नदी की पारिस्थितिकी के जानकार वैज्ञानिकों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यूनियन का कहना है कि इसकी जांच होनी चाहिए कि मछलियों की मौत के लिए झाग हटाने वाले (एंटी-फ़ोम) केमिकल्स ज़िम्मेदार थे या इसके पीछे कोई और कारण था, जैसा कि पहले भी हो चुका है।

डीयूजे ने कहा कि यमुना को सफ़ाई और अपनी पारिस्थितिकी की बहाली के लिए लंबी अवधि के उपायों की सख़्त ज़रूरत है। त्योहार की रस्मी डुबकी के बाद इसे भुलाया नहीं जाना चाहिए।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास