Connect with us

Hi, what are you looking for?

उत्तर प्रदेश

आखिर मेरे पत्रकारिता से जुड़े दस्तावेज कौन मांग रहा है और क्यों? क्या मेरे खिलाफ कोई जांच चल रही है?

कुशीनगर की हाटा पुलिस चौकी ने द न्यूज़ मंच के पत्रकार शिव कुमार कुशवाहा से पत्रकारिता से जुड़े दस्तावेज मांगे, पर वजह और आदेश देने वाले अधिकारी का नाम नहीं बताया।

कुशीनगर में पुलिस चौकी कस्बा हाटा के गेट पर खड़े पत्रकार शिव कुमार कुशवाहा

शिव कुमार कुशवाहा

आज मैं THE NEWS MANCH के अपने सभी दर्शकों, शुभचिंतकों और पत्रकारिता को समझने वाले लोगों के सामने अपने साथ हुई एक घटना साझा करना चाहता हूं। मैं नहीं जानता कि इस पूरे मामले के पीछे क्या वजह है, किस स्तर से निर्देश दिए गए हैं और कौन से अधिकारी मेरे बारे में जानकारी जुटाना चाहते हैं। लेकिन कल जो कुछ हुआ, उसके बाद मुझे लगा कि यह बात आप सभी तक पहुंचनी चाहिए।

पूरा मामला समझिए…

कल हाटा चौकी से मेरे पास फोन आया। मुझे चौकी पर बुलाया गया। जब मैं वहां पहुंचा तो चौकी इंचार्ज साहब ने मुझसे पत्रकारिता से संबंधित लाइसेंस, प्राधिकरण पत्र और अन्य दस्तावेज मांगे। मैंने उनसे सहजता से सवाल किया कि आखिर ये दस्तावेज क्यों मांगे जा रहे हैं और किस अधिकारी ने इन्हें मांगा है? उन्होंने बताया कि उनके उच्च अधिकारियों की ओर से दस्तावेज मांगे गए हैं, लेकिन उन्हें खुद इसकी वजह की जानकारी नहीं है।

इसके बाद मैंने हाटा थाने के कोतवाल साहब से फोन पर बात की। उनसे भी यही जानकारी मिली कि उच्च अधिकारियों ने दस्तावेज मांगे हैं। मैंने उन्हें बताया कि THE NEWS MANCH NETWORK PRIVATE LIMITED एक पंजीकृत कंपनी है और कंपनी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जिला सूचना कार्यालय में पहले ही जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद मुझे दोबारा सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

आज सुबह मैं स्वयं हाटा चौकी पहुंचा और अपने पास उपलब्ध पत्रकारिता तथा कंपनी से संबंधित सभी दस्तावेज जमा कर दिए। मैंने अपनी तरफ से कोई असहयोग नहीं किया। लेकिन यहां एक बात जरूर बताना चाहता हूं कि दस्तावेज जमा करने के बाद मुझे कोई लिखित प्राप्ति रसीद यानी रिसीविंग नहीं दी गई। मुझे बताया गया कि ये कागजात उच्च अधिकारियों को भेजे जाएंगे।

मैंने सीओ कसया से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका सीयूजी नंबर नहीं लग सका।

अब सवाल यह है कि आखिर यह सब किसके निर्देश पर हो रहा है?

क्या कुशीनगर जिले के किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मेरे दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं? क्या यह शासन स्तर से कराई जा रही कोई जांच है? क्या मेरे मीडिया संस्थान के पंजीकरण और पत्रकारिता से जुड़े दस्तावेजों का सामान्य सत्यापन किया जा रहा है? या फिर मेरे खिलाफ कोई विशेष शिकायत अथवा जांच है?

मुझे इनमें से किसी भी सवाल का जवाब अभी तक नहीं मिला है। मैं किसी अधिकारी पर आरोप नहीं लगा रहा हूं और न ही किसी निष्कर्ष पर पहुंच रहा हूं। लेकिन जब किसी पत्रकार से उसके काम और संस्थान से जुड़े दस्तावेज मांगे जाते हैं, तो उसे यह जानने का अधिकार जरूर होना चाहिए कि दस्तावेज किस उद्देश्य से मांगे जा रहे हैं और किस अधिकारी के निर्देश पर यह प्रक्रिया चल रही है।

मैं जांच से नहीं डरता, लेकिन पारदर्शिता जरूर चाहता हूं।

यदि मेरे संस्थान के दस्तावेजों का सत्यापन करना है तो उसका स्वागत है। यदि किसी अधिकारी को कोई जानकारी चाहिए तो मैं उपलब्ध कराने के लिए तैयार हूं। आज भी मैंने सभी उपलब्ध दस्तावेज जमा कर दिए हैं। लेकिन मेरी विनम्र मांग है कि मुझे यह बताया जाए कि यह प्रक्रिया किसके आदेश पर हो रही है, इसका उद्देश्य क्या है और मेरे द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की प्राप्ति रसीद क्यों नहीं दी गई?

आखिर जनता को यह सब क्यों बता रहा हूं?

क्योंकि मैं कोई सरकारी अधिकारी नहीं हूं, न ही किसी राजनीतिक दल का प्रवक्ता हूं। मैं एक स्वतंत्र पत्रकार हूं और THE NEWS MANCH NETWORK PRIVATE LIMITED के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता कर रहा हूं। कुशीनगर की गलियों, गांवों और कस्बों से लेकर लखनऊ, दिल्ली और देश-दुनिया के बड़े मुद्दों तक हमने अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया है। हमने गरीबों की समस्याएं उठाईं, पीड़ितों को मंच दिया, प्रशासन से सवाल पूछे और जनता से जुड़े मुद्दों को सामने रखा। हमारा उद्देश्य किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी रखना नहीं, बल्कि जनता के सवालों को जिम्मेदारी के साथ उठाना है।

आज यदि मेरे पत्रकारिता से जुड़े दस्तावेज मांगे जा रहे हैं तो मैं इसे छिपाना नहीं चाहता। मैं चाहता हूं कि मेरे दर्शक जानें कि मेरे साथ क्या हुआ, मैंने क्या जवाब दिया और अब तक मुझे क्या जानकारी मिली है।

मैं अपने दर्शकों से एक बात कहना चाहता हूं—पत्रकारिता केवल कैमरा लेकर खबर दिखाने का नाम नहीं है, बल्कि सवाल पूछने और जवाबदेही सुनिश्चित करने का भी नाम है। जिस तरह हम दूसरों से सवाल पूछते हैं, उसी तरह जब हमारे सामने कोई सवाल खड़ा होता है तो हमें भी तथ्यों के साथ जनता को जानकारी देनी चाहिए।

मेरी संबंधित अधिकारियों से तीन स्पष्ट अपेक्षाएं हैं:

  1. मुझे बताया जाए कि मेरे दस्तावेज किस उच्च अधिकारी के निर्देश पर मांगे गए हैं।
  2. यह स्पष्ट किया जाए कि यह सामान्य दस्तावेज सत्यापन है या मेरे खिलाफ किसी शिकायत अथवा जांच का हिस्सा है।
  3. मेरे द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों की लिखित प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जाए।

मैं फिर दोहराता हूं कि मुझे किसी जांच से कोई परेशानी नहीं है। कानून और नियमों का पालन करना हर नागरिक और संस्था की जिम्मेदारी है। लेकिन जानकारी मांगने वाले अधिकारियों की पहचान और प्रक्रिया का उद्देश्य भी स्पष्ट होना चाहिए।

मैं अपनी पत्रकारिता जारी रखूंगा। जनता के मुद्दे उठाता रहूंगा। सवाल पूछता रहूंगा।

अगर कोई शिकायत है तो उसकी जांच हो, अगर कोई कमी है तो उसे बताया जाए और अगर कोई सत्यापन है तो वह नियमानुसार पूरा किया जाए। लेकिन पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।

आज यह बात इसलिए सार्वजनिक कर रहा हूं ताकि कल कोई यह न कह सके कि मेरे साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। आप सभी मेरे दर्शक हैं, आप ही मेरी ताकत हैं और आप सभी को यह जानने का अधिकार है कि आपके बीच काम करने वाले एक स्वतंत्र पत्रकार के साथ क्या घटनाक्रम हुआ है।

सच के साथ, हर समय…
The News Manch

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास