ग्रेटर नोएडा | होली के मौके पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में विभिन्न संस्थाओं द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब द्वारा होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। हालांकि, इस आयोजन के दौरान नोएडा मीडिया क्लब के पूर्व अध्यक्ष पंकज पाराशर की गिरफ्तारी का प्रभाव मंच पर नजर आया।
डीएम बोले- पत्रकारिता समाज के लिए जरूरी, लेकिन ईमानदारी बनी रहे
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पत्रकारिता के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “पत्रकारिता समाज का आईना होती है, लेकिन कुछ लोग इसे संदेह के घेरे में ले आते हैं। हालांकि, पत्रकारों के माध्यम से प्रशासन को अहम जानकारियां मिलती हैं, जो शासन को सुचारू रूप से चलाने में सहायक होती हैं।” उन्होंने कहा कि पत्रकारों की जिम्मेदारी सिर्फ खबरें प्रकाशित करना ही नहीं, बल्कि निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता को बनाए रखना भी है।
महेश शर्मा ने दिया इशारों में बड़ा संदेश
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद डॉ. महेश शर्मा ने भी पत्रकारिता पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, “अगर कोई नेता खुद को पत्रकारों और जनता से ज्यादा समझदार समझे तो वह मूर्खता कर रहा है।”
उन्होंने अपने संबोधन में इशारों-इशारों में पंकज पाराशर की गिरफ्तारी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जब कोई डॉक्टर गलत कामों में लिप्त पाया जाता है, तो पूरी बिरादरी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। इसी तरह, यदि कोई पत्रकार संदेह के घेरे में आता है तो पूरी पत्रकारिता पर सवाल उठते हैं।
डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में स्क्रैप और प्लास्टिक के इस्तेमाल का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “यदि कोई मुझे प्लास्टिक से बना निमंत्रण पत्र देता है, तो मैं उस कार्यक्रम में नहीं जाता।”
सपा प्रवक्ता बोले- पत्रकारिता हो निष्पक्ष
कार्यक्रम में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने भी पत्रकारिता पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि मीडिया को निष्पक्ष रहना चाहिए और किसी भी एक पक्ष की खबरें दिखाने से बचना चाहिए। हालांकि, जब उन्होंने इस विषय पर ज्यादा बोलना चाहा तो मंच से टोक दिया गया कि यह होली मिलन समारोह है।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर प्रेस क्लब अध्यक्ष आदेश भाटी, पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र चंदेल, रविंद्र जयंती, कपिल शर्मा, राजेंद्र भाटी, तरुण भड़ाना, रोहित प्रियदर्शन, कृष्ण कुमार, अमित, विनोद शर्मा सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। इसके अलावा, भाजपा नेता हरीश चंद्र भाटी, सतींद्र नागर, विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी नरेंद्र भाटी, सपा नेता महेंद्र नागर, फकीरचंद नागर, समाजसेवी हरेंद्र नागर और अर्चना प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
ये भी पढ़ें…
पत्रकार पंकज पाराशर पर एक और FIR, नोएडा अथॉरिटी की जीएम से 1 लाख रु महीना वसूलने का आरोप!



