Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा (58) : THUMBNAIL – जिसे सारा हिंदी मीडिया ग़लत लिख-बोल रहा है!

नीरेंद्र नागर-

शब्दचर्चा 58 में आज मैं एक ऐसे शब्द पर बात करूँगा जिसको तक़रीबन सारा हिंदी मीडिया – न्यूज़ मीडिया हो या सोशल मीडिया – ग़लत लिख और बोल रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है कि हिंदी मीडिया में काम करने वालों और सोशल मीडिया पर सक्रिय लोगों को उनके अंग्रेज़ी के शिक्षकों ने MB से अंत होने वाले शब्दों के बारे में वह आसान-सा नियम नहीं बताया जो दूसरी-तीसरी क्लास में ही बताया जाना चाहिए था। ऐसा भी हो सकता है कि शिक्षक ने बताया हो लेकिन इन पत्रकारों ने ही ध्यान नहीं दिया हो।

शब्द है THUMBNAIL जिसे हिंदी जगत में थंबनेल बोला और लिखा जा रहा है। यह ग़लत उच्चारण है। सही उच्चारण क्या है, यह मैं थोड़ी देर में बताऊँगा, पहले यह बता दूँ कि जब मैंने इसके सही उच्चारण के साथ गूगल पर हिंदी ख़बरें सर्च कीं तो मुझे कुल 6 ख़बरें मिलीं। इनमें दो भड़ास की थीं और एक-एक जागरण, नवभारत टाइम्स, DNA और News18 की थी।

News18 की स्टोरी दिलचस्प थी क्योंकि वह भी शब्दों के सही उच्चारण से संबंधित थी। इसमें तीस ऐसे शब्दों की लिस्ट थी जिनमें कोई-न-कोई लेटर साइलंट होता है। जैसे DEBT (डेट में B साइलंट है), BALLET (बैले में T साइलंट है) आदि। चूँकि THUMBNAIL में भी एक लेटर साइलंट है, इसलिए वह भी इस लिस्ट में था।

जी हाँ, THUMBNAIL में भी B साइलंट है यानी इसमें B का उच्चारण नहीं होता। इसे बोला और लिखा जाएगा थमनेल।

ऊपर मैंने एक नियम की बात की थी। वह नियम यही है कि अगर किसी शब्द के अंत में MB हो तो B का उच्चारण नहीं होगा। THUMB के अंत में भी MB है, इसलिए उसमें भी B का उच्चारण नहीं होगा। उसको बोला जाएगा थम।

इसीलिए जब THUMB (थम) के बाद NAIL लगेगा तो पूरे शब्द का उच्चारण होगा थमनेल। सिंपल।

THUMB की तरह MB से अंत होने वाले जितने भी शब्द हैं, उन सबमें B का उच्चारण नहीं होता। जैसे:-

  • LAMB लैम, न कि लैंब।
  • BOMB बॉम, न कि बॉम्ब।
  • COMB कोम, न कि कोम्ब।
  • DUMB डम, न कि डंब।
  • WOMB वूम, न कि वूंब या वोंब।
  • TOMB टूम, न कि टूंब या टोंब।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा 57 : छठ पर सूर्य को क्या देते हैं – अर्घ, अर्घ्य या अर्ध्य?

Local News Community
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन