Connect with us

Hi, what are you looking for?

टीवी

टीवी डिबेट में बुलाया, छह महीने बाद भी भुगतान नहीं! वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी का पत्र

कोलकाता के वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी का कहना है कि बंगाल चुनाव के दौरान एक बड़े टीवी चैनल ने उन्हें विश्लेषक के तौर पर डिबेट में बुलाया, पर छह महीने बाद भी भुगतान नहीं किया, सिर्फ तारीख पर तारीख मिल रही है।

यशवंत जी नमस्कार,

हिंदी और अंग्रेज़ी चैनल चलाने वाले एक मीडिया समूह ने बंगाल चुनाव के दौरान मई के पहले सप्ताह में विश्लेषक के तौर पर तीन कार्यक्रमों में बुलाया था। लेकिन बार-बार कहने के बावजूद अब तक कोई भुगतान नहीं दिया है। सिर्फ तारीख पर तारीख दी जा रही है। दो हिस्सों में वही लिखा है। जंचे तो जगह दे सकते हैं।

धन्यवाद,
प्रभाकर


नाम बड़े और दर्शन छोटे

इस साल मई में पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों के दौरान कई राष्ट्रीय टीवी चैनलों की डिबेट में शामिल हुआ था। उस समय काफी व्यस्तता थी। लेकिन कुछ एंकरों से निजी पहचान के कारण मैंने खासकर चुनावी नतीजों के दिन (चार मई) उनके साथ डिबेट में शामिल रहने पर हामी भर दी थी।

नतीजा निकल गया, सरकार भी बन गई। लेकिन मैं उन चैनलों के भुगतान का इंतज़ार करता रहा। खासकर तीन चैनल तो खुद के टॉप होने का दावा करते हैं और उनके कई एंकरों को करोड़ों के पैकेज मिलने की खबरें भी अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं। लेकिन डिबेट में शामिल होने वाले लोगों के मेहनताने के भुगतान के मामले में वो फिसड्डी ही साबित हुए हैं।

दो चैनलों ने तो कई बार टोकने पर तीन महीने बाद भुगतान कर दिया। लेकिन एक बड़े चैनल ने आज तक भुगतान नहीं किया है। गेस्ट कोऑर्डिनेटर हर महीने अगले सप्ताह भुगतान पक्का होने की गारंटी देता है। अब तो बार-बार टोकना भी अच्छा नहीं लगता है। भुगतान के लिए कहते समय लगता है उनसे कर्ज़ मांग रहा हूं।

चैनल के एंकर बेचारे शर्मिंदा हैं। उनसे पुरानी पहचान है। लेकिन वो भी क्या करें? और अब तो हाल में उन्होंने उस चैनल की नौकरी भी छोड़ दी है।

उस चैनल के जिस पहले कार्यक्रम में हिस्सा लिया था, उसे आज छह महीने पूरे हो गए। कभी कहा जाता है कि चैनल का दफ्तर शिफ्ट हो रहा है। मानो मेरा भुगतान कर दिया तो शिफ्टिंग रुक जाएगी।

दो बार मुझसे बैंक खातों का ब्योरा मांगा गया। लेकिन हमेशा कोई नया बहाना या अगले सप्ताह भुगतान का आश्वासन। वह अगला सप्ताह पता नहीं कब आएगा?

दरअसल, हर दफ्तर और खासकर मीडिया संस्थानों के लेखा विभाग में कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनको लगता है कि यह भुगतान उनकी जेब से ही जाने वाला है।

सही कहा जाता है कि नाम बड़े और दर्शन छोटे… क्या कहा? उस चैनल का नाम क्या है? अरे, नाम में क्या रखा है? कुछ दिन और इंतज़ार कर लेता हूं। नहीं तो, नाम भी बता दूंगा।

शर्म उनको मगर आती नहीं

अस्सी के दशक के आखिर में फ्रीलांस लेखन के दौरान सैकड़ों लेखों और रिपोर्टों का भुगतान नहीं मिला था। तब लेखकों के पैसे दबा लेना आम था। लेकिन अब मौजूदा डिजिटल दौर में भी स्वनामधन्य टीवी चैनल ऐसा करने से बाज़ नहीं आते। मैंने पहली कड़ी में नाम छिपाते हुए इस बारे में लिखा था।

फेसबुक पर ऊपर लिखी पोस्ट के बाद संबंधित चैनल के गेस्ट कोऑर्डिनेटर का फोन आया था। “सर, आपने सोशल मीडिया पर लिख दिया!” मैंने कहा—आपकी कंपनी ने भुगतान नहीं दिया है, इसलिए आप समझ गए कि उसी बारे में लिखा है। लेकिन बाकी लोग तो नहीं जानते। उन्होंने भरोसा दिया कि इस शुक्रवार को पक्का भुगतान हो जाएगा। लेकिन भुगतान नहीं आया।

उसके बाद मैंने उनको मैसेज भेजा—भाई, यह तारीख पर तारीख का सिलसिला कब तक चलेगा? आपकी हर तारीख फेल हो रही है। इस पर उन्होंने फौरन फोन किया—”सर, ऐसा क्यों कह रहे हैं? सॉफ्टवेयर की दिक्कत है।” मैंने कहा कि तब तो बहुत मुश्किल होगी। आपको वेतन भी नहीं मिल रहा होगा? या फिर यह दिक्कत सिर्फ मेरे लिए है? उनके पास कोई जवाब नहीं था।

कुछ दिन और बीते। हर बार पहले सोमवार, फिर शुक्रवार को भुगतान का खोखला भरोसा मिलता रहा। लेकिन भुगतान अब तक नहीं मिल सका है। अब तो उस गेस्ट कोऑर्डिनेटर ने मेरे मैसेज का जवाब देना भी बंद कर दिया है और फोन भी नहीं उठा रहे।

इस बीच, चैनल से इस्तीफा दे चुके वो वरिष्ठ पत्रकार बार-बार इस देरी पर शर्मिंदगी जताते रहे हैं। लेकिन मैंने कहा कि आपका क्या दोष है…

सोच रहा हूं कि कुछ दिन और इंतज़ार कर लूं। उसके बाद चैनल के नाम का भी खुलासा कर दूंगा, ताकि आगे से लोग वहां जाने से पहले सावधान रहें।

प्रभाकर मणि तिवारी
वरिष्ठ पत्रकार, कोलकाता
[email protected]

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास