वेद रत्न शुक्ला-
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के वार्षिक निर्वाचन सत्र 2026-27 के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री का कार्य शनिवार को संपन्न हो गया। दो दिनों तक चली इस प्रक्रिया में कार्यकारिणी के नौ पदों के लिए कुल 29 पत्रकारों ने अपनी दावेदारी ठोंकी है। शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर कुल 34 नामांकन पत्र खरीदे गए हैं। रविवार को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जिसके बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी वागीश चंद्र श्रीवास्तव ने सहायक चुनाव अधिकारी आलोक दूबे और डी.के. गुप्त के साथ जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को कुल छह नामांकन पत्र खरीदे गए। शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष के लिए वेद प्रकाश पाठक, मंत्री पद के लिए विनय कुमार सिंह, पुस्तकालय मंत्री के लिए अरविंद कुमार वर्मा तथा कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए अजीत सिंह ने नामांकन पत्र लिया।
वहीं, नामांकन पत्रों की बिक्री के पहले दिन शुक्रवार को कुल 28 नामांकन पत्र खरीदे गए। शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए ओंकार धर द्विवेदी, अतुल मुरारी तिवारी, मनोज यादव, कुंदन उपाध्याय और विजय जायसवाल ने नामांकन लिया। उपाध्यक्ष पद के लिए प्रिंस पांडेय, धनेश निषाद और वेद प्रकाश पाठक ने दावेदारी पेश की। महामंत्री पद के लिए हेमंत तिवारी, आशीष भट्ट, विनय सिंह, पंकज श्रीवास्तव और बृजेंद्र सिंह ने नामांकन पत्र खरीदे।
कोषाध्यक्ष पद के लिए सुशील कुमार, संजय त्रिपाठी और दुर्गेश यादव मैदान में हैं। संयुक्त मंत्री पद के लिए हरेंद्र धर दुबे और महेंद्र गौड़ ने नामांकन लिया। पुस्तकालय मंत्री पद के लिए संजय कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए रजनीश त्रिपाठी, नरसिंह प्रजापति, मनोज मिश्र, विभव पाठक, विकास पांडेय, विनोद प्रदीप अलेक्जेंडर, जितेंद्र कुमार और विपिन कुमार पाण्डेय ने नामांकन पत्र लिए।
मुख्य चुनाव अधिकारी के अनुसार रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच और सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मंगलवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी तथा उसी दिन वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 14 फरवरी को सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान होगा, जबकि शाम 4 बजे से मतगणना की जाएगी। चुनाव को लेकर पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और इस बार मुकाबला काफी रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।


