जयपुर। राजस्थान पत्रिका के प्रधान संपादक गुलाब कोठारी का 23 नवंबर को प्रकाशित अग्रलेख ‘हम तो डूबेंगे सनम…’ प्रदेश की सियासत के साथ-साथ पत्रकारिता जगत में भी बड़ी बहस का कारण बन गया है। लेख में कोठारी ने भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों की सरकारों को भ्रष्टाचार और माफिया के गठजोड़ के लिए कठघरे में खड़ा किया है। इशारों-इशारों में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मौजूदा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर भी तीखे वार किए हैं।
पत्रिका जहां इस अग्रलेख को सत्ता, संगठन और नौकरशाही में हलचल मचाने वाला बता रहा है, वहीं संस्थान से जुड़े रहे कई वरिष्ठ पत्रकारों ने पलटकर खुद कोठारी की संपादकीय नीति, उनके दावों और नीयत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी ओर कुछ पत्रकार इसे दिलेरी भरा कदम भी बता रहे हैं।
अग्रलेख में क्या लिखा गया
कोठारी ने लिखा है कि वे पांच दशक से राजस्थान की राजनीति देख रहे हैं और इस दौरान सबसे बड़ा बदलाव यह आया कि सत्ता पूरी तरह कारोबार में बदल गई है, जिस पर माफिया का दबदबा है। उनके मुताबिक मंत्री और मुख्यमंत्री तक इस पकड़ से बाहर नहीं हैं।
बिना नाम लिए उन्होंने लिखा कि “एक राजवंश की बेटी के राज में जितना लूटा गया”, उतनी ही लूट अब एक ‘रंक’ के गद्दी पर बैठने के बाद हो रही है। राजनीतिक हलकों में इस टिप्पणी को वसुंधरा राजे और भजनलाल शर्मा, दोनों पर सीधा निशाना माना जा रहा है। अशोक गहलोत का जिक्र उन्होंने ‘जादूगर’ के रूप में किया। एक पूर्व मुख्यमंत्री पर उन्होंने यह तंज भी कसा कि वे सदन में विधायक के रूप में बैठना पसंद नहीं करते और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर भी जनता के मुद्दे नहीं उठाते।
लेख में मंत्री मदन दिलावर, झाबर सिंह खर्रा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, गजेंद्र सिंह खींवसर और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के नाम लेकर कहा गया है कि इनके पांव जमीन पर नहीं हैं। कोठारी ने शिखर अग्रवाल प्रकरण का हवाला देते हुए दावा किया कि हर विभाग में ऐसे लोग सरकारी संरक्षण में पल रहे हैं। उन्होंने एडीजी आनंद श्रीवास्तव को डीजीपी बनाने की मुख्यमंत्री की कथित कोशिश और जेडीसी सिद्धार्थ महाजन द्वारा हाईकोर्ट के फैसले के बावजूद 600 से ज्यादा गांवों में काम कराने का मुद्दा भी उठाया।
अग्रलेख में भाजपा को संघ की राजनीतिक इकाई बताते हुए कहा गया कि पार्टी गौण होती जा रही है। पंचायत चुनावों में गांवों में भाजपा की जमीन खिसकने, परबतसर में भाजपा प्रत्याशी को सिर्फ एक वोट मिलने, अनुभवहीन मंत्रिमंडल, पार्टी में सत्ता के कई केंद्र बनने और राज्य की बिगड़ती आर्थिक हालत पर भी सरकार को घेरा गया। लेख का समापन इस बात पर होता है कि ऐसी सरकारें धिक्कार की ही पात्र हैं।
पत्रिका का दावा: जयपुर से दिल्ली तक हलचल
अगले ही दिन 24 नवंबर को पत्रिका ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि इस अग्रलेख से प्रदेश के राजनीतिक-प्रशासनिक गलियारों से लेकर दिल्ली तक हलचल मच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक सचिवालय में अफसरों के बीच नियुक्तियों में वरिष्ठता की अनदेखी पर चर्चा हुई, एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने अखबार की कतरन मंगवाकर उसे ऊपर तक भेजने की बात कही, जबकि कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लेख ने किसी को नहीं बख्शा।
गहलोत के सलाहकार रहे पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने लेख साझा करते हुए लिखा, ‘शौक से डूबे जिसे भी डूबना है…’। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल पाटिल ने भी भाजपा सरकार पर उठाए गए सवालों को सही ठहराया। 25 नवंबर को पत्रिका ने इसी अग्रलेख पर जयपुर में परिचर्चा भी कराई, जिसमें पूर्व डीजीपी, सेवानिवृत्त अफसरों और कानूनविदों ने सत्ता-अफसरशाही के गठजोड़ पर सवाल उठाए। गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद से प्रदेश भाजपा में पहले से ही हलचल है।
पूर्व सहयोगी पत्रकारों के तीखे सवाल
लेकिन इसी अग्रलेख पर पत्रिका से जुड़े रहे कई वरिष्ठ पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर कोठारी को ही आईना दिखा दिया। वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि यदि स्मृति वन में पत्रिका के संस्थापक स्वर्गीय कर्पूर चंद कुलिश की मूर्ति लगाने की अनुमति मिल गई होती, तो संपादकीय की भाषा कुछ और होती। गौरतलब है कि पत्रिका समूह इन दिनों कुलिश जी का जन्मशती वर्ष मना रहा है।
विजय शर्मा ने मजीठिया वेज बोर्ड के अनुसार वेतन मांगने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने, कर्मचारियों के हक मारे जाने और अदालतों में पेश दस्तावेजों से जुड़े आरोपों का हवाला देते हुए कोठारी को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन करने की नसीहत दी।
पत्रकार अजीत राठौड़ ने पूरे मामले को जनता के मुद्दों से ज्यादा ‘मलाई’ की खींचतान करार दिया। वहीं महेश शर्मा ने सरकारी स्थलों के नामकरण और सत्ता व मीडिया के आपसी रिश्तों को लेकर सवाल उठाए। इन प्रतिक्रियाओं के बाद भजनलाल सरकार, वसुंधरा राजे और खुद मीडिया की विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छिड़ गई है।
इन आरोपों पर खबर लिखे जाने तक गुलाब कोठारी या पत्रिका प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
समर्थन में भी उठीं आवाजें
हालांकि सभी पत्रकार आलोचना के पक्ष में नहीं हैं। अरविंद चोटिया, विष्णु शर्मा समेत कुछ पत्रकारों ने इस अग्रलेख को बड़ी दिलेरी वाला कदम बताया है। उनका मानना है कि ऐसे दौर में जब सरकारों पर सीधे सवाल उठाने वाले संपादकीय कम ही दिखते हैं, एक बड़े अखबार के प्रधान संपादक का इस तरह सत्ता को ललकारना मायने रखता है।
पत्रकार अरविंद चोटिया ने सोशल मीडिया पर लिखा:
गुलाब जी भी मैदान में हैं! राजस्थान के प्रतिष्ठित अखबार राजस्थान पत्रिका के मालिक गुलाब कोठारी जी ने सरकार को सलटा दिया है। गुलाब जी का कद वो है कि उनके लिखे हुए को पढ़ा जरूर जाता है और उस पर चर्चा भी होती है। होना तो असर भी चाहिए, लेकिन कलयुग है।
गुलाब जी खुलकर लिखते हैं। जैसे… “एक राजवंश की बेटी के राज में जितना लूटा गया, उतना ही आज ‘रंक’ के राजगद्दी पर आने के बाद उनके शासन में लूटा जा रहा है। सत्ता में आते ही सब अभावग्रस्त हो जाते हैं। बीच में एक जादूगर कांग्रेस की अवहेलना करके भी शासन कर गया। भीतर दोनों मिलकर चल रहे हैं। प्रदेश बिक रहा है।”
इसमें सब कुछ आ गया है। पिछले 28 बरसों से क्या चल रहा है, वो साफ दिखता है। आम आदमी इसे महसूस कर सकता है। गुलाब जी ने सभी बड़बोले मंत्रियों को भी निपटा दिया है। सच में जमीन पर कोई नहीं है। जनता जमीन पर ले आई है, तब भी वे हवा में ही हैं।
नौकरशाही को लेकर लिखे पैरों में ये पंक्तियां बेहद महत्वपूर्ण हैं, जैसे गुलाब जी उस सिस्टम के बीच में ही बैठे हुए हैं और सब कुछ देख पा रहे हैं… “मैंने ऐसा भी सुना है कि कुछ को तो सत्ता के शीर्ष का संरक्षण प्राप्त है। पुलिस अधिकारी एडीजी आनंद श्रीवास्तव का मामला तो जयपुर-दिल्ली के बीच आज भी सुर्खियों में है। मुख्यमंत्री उनको ही महानिदेशक बनाना चाहते हैं। एक बार विफल भी हो चुके हैं। दिल्ली की अनसुनी भी कर चुके हैं। ये पुलिस अधिकारी अधिकृत रूप से भी तीनों ही मुख्यमंत्रियों की आंखों का तारा रहे हैं।”
अब क्या बाकी रह जाता है?
कुल मिलाकर ‘हम तो डूबेंगे सनम…’ ने राजस्थान में एक साथ दो बहसें छेड़ दी हैं। पहली, प्रदेश की सरकार और व्यवस्था के कामकाज पर, और दूसरी, उस मीडिया घराने के अपने आचरण पर, जो सत्ता को आईना दिखाने का दावा कर रहा है।

