Connect with us

Hi, what are you looking for?

टीवी

रूबिका की ‘इंसुलिन’ वाली चूक पर हंगामा, पर अंग्रेज़ी एंकरों की टूटी-फूटी हिंदी पर चुप्पी क्यों?

रूबिका लियाकत के ‘इंसुलेशन’ की जगह ‘इंसुलिन’ बोलने पर उड़ रहे मज़ाक के बहाने गिरिजेश वशिष्ठ ने हिंदी चैनलों में अंग्रेज़ी वाले एंकरों के दबदबे और औपनिवेशिक मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।

वरिष्ठ पत्रकार गिरिजेश वशिष्ठ का स्केच

गिरिजेश वशिष्ठ

रूबिका लियाकत ने अपने शो में ‘इंसुलेशन’ की जगह ‘इंसुलिन’ बोल दिया। उनका खूब मज़ाक उड़ाया जा रहा है कि इनको इतना भी नहीं पता। हिंदी के पत्रकार हिंदी की पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए वे अंग्रेज़ी में बहुत दुरुस्त हों, यह ज़रूरी नहीं है। हालांकि, इससे भी मेरी असहमति नहीं है कि हिंदी पत्रकारिता के लिए आपको ठीक-ठाक अंग्रेज़ी आनी ही चाहिए।

पुराने ज़माने में अख़बार में जो ख़बरें आती थीं, वो अंग्रेज़ी में ही आया करती थीं। समाचार एजेंसियों के टेलीप्रिंटर सिर्फ़ अंग्रेज़ी में ही काम करते थे, जिससे अंग्रेज़ी की ज़रूरत बहुत ज़्यादा थी। बाद में जब हिंदी के टेलीप्रिंटर आ गए, तो भी अख़बार अंग्रेज़ी की सेवाएं ज़रूर लेते थे क्योंकि उनकी ख़बरें बेहतर हुआ करती थीं। आज भी ख़बरों की रिपोर्टिंग का बड़ा हिस्सा अंग्रेज़ी में ही आता है। इसलिए रूबिका की निंदा एक हद तक स्वीकार्य है।

लेकिन कहीं न कहीं इसके पीछे उनकी वैचारिक पृष्ठभूमि भी ज़िम्मेदार है। वो बचपन से संघी नहीं हैं, वे ऐसी कैसे बनीं, इसकी भी एक कहानी है। यही कहानी सुधीर चौधरी और रोहित सरदाना की भी रही है। ज़ी न्यूज़ सुभाष चंद्रा का चैनल था। उनके एक भाई तो बाकायदा गणवेशधारी संघी थे और शुरुआत के दिनों से ही, जब ज़ी का एक ही बुलेटिन होता था, वो जैन टीवी की राह पर एक संघी चैनल ही था।

इसी संघी वातावरण में सुधीर चौधरी का शो ‘डीएनए’ (DNA) शुरू हुआ। इस शो को बीजेपी समर्थक और भक्त बहुत पसंद करते थे, जिसका कारण मोदी का नया-नया जादू था। लोग आरएसएस की कॉन्स्पिरेसी थ्योरी (Conspiracy Theory) को खूब अपना रहे थे। जब चैनल में एक शो हिट हुआ, तो बाकियों ने भी यही फॉर्मूला अपनाया। बेबाक रोहित सरदाना और रूबिका इसी राह पर आगे बढ़े। रोहित का आईक्यू (IQ) बेहतरीन था, तो इसका इस्तेमाल करके वो सुपरस्टार बन गए। लेकिन क्या रूबिका को संघी मानना सही रहेगा? नहीं, वो बहुत से पत्रकारों के टीआरपी (TRP) की होड़ में एक खास दिशा पकड़ लेने वाले चलन का ही हिस्सा हैं।

अब मैं आता हूं ‘हिंदी वालों के साथ भेदभाव’ के मुद्दे पर। अंग्रेज़ी के एंकर सड़ी हुई, घटिया और अनर्थ वाली हिंदी रोज़ बोलते हैं और गलत शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। चाहे राजदीप हों, राहुल कंवल हों या कोई और—ये सारे हिंदी के चैनलों के प्राइम टाइम में जब चाहे घुस जाते हैं। लेकिन वो ‘अंग्रेज़’ हैं, तो उनकी गलतियां भी हसीन लगती हैं। रूबिका हिंदी वाली हैं, तो उनकी गलतियां बड़ी हो जाती हैं।

मैं रूबिका का बचाव नहीं कर रहा, लेकिन यह सच है कि हिंदी के अख़बारों और चैनलों में हिंदी के पत्रकारों के सिर पर ये ‘अंग्रेज़’ क्यों बैठे दिखते हैं? यही टूटी-फूटी हिंदी जब फ़िल्म में कोई कॉमेडियन बोलता है तो हम उस पर हंसते हैं, लेकिन जब ये न्यूज़ चैनलों पर बोलते हैं तो इन्हें सिर-आंखों पर बैठाते हैं। हिंदी के कई काबिल एंकर बाहर हैं और प्राइम टाइम में ये लोग घुसे बैठे हैं। अंग्रेज़ी के प्रति गुलामी का यह रवैया समझ नहीं आता।

कंटेंट अब हिंदी में जनरेट हो रहा है, रिपोर्टिंग हिंदी में हो रही है, दर्शक हिंदी वाले हैं और सोशल मीडिया पर भी हिंदी का बोलबाला है, फिर भी यह हाल है। हिंदी के पत्रकारों के लिए भी रवैये में बदलाव ज़रूरी है। गलती किसी को नहीं करनी चाहिए, और करेगा तो मज़ाक भी उड़ना चाहिए। लेकिन जो एक विदेशी भाषा को सीखकर उसे इस्तेमाल में लाने की कोशिश कर रहा है, वो तो मज़ाक का पात्र बन रहा है; और जो अपने ही देश की भाषा ढंग से नहीं बोल पा रहा, वो हीरो है। वाह रे औपनिवेशिक मानसिकता वाले जोकरो!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास