बस्ती- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सत्ता के रसूख से जुड़ा एक विवादित मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के शिवनगर तुरकहिया मोहल्ले में उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री Mahesh Shukla पर मान्यता प्राप्त पत्रकार विपिन त्रिपाठी और उनके परिवार के साथ अभद्रता, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगे हैं।
एबीपी न्यूज की वेबसाइट में पब्लिश खबर के अनुसार, घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर राज्य मंत्री पत्रकार को गोली मारने और जिंदा दफन करने जैसी धमकी देते दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर पत्रकार विपिन त्रिपाठी ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
जमीन विवाद का है मामला
जानकारी के मुताबिक विवाद शिवनगर तुरकहिया इलाके में स्थित एक जमीन को लेकर शुरू हुआ। पत्रकार विपिन त्रिपाठी का कहना है कि उन्होंने राहगीरों की सुविधा और कीचड़ से राहत के लिए अपने घर के सामने स्थित जमीन पर मलबा डलवाया था।
आरोप है कि उक्त जमीन की रजिस्ट्री और वहां मलबा डलवाने की बात राज्य मंत्री महेश शुक्ला को नागवार गुजरी। इसी के बाद वह अपने समर्थकों के साथ पत्रकार के घर पहुंच गए।
गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि राज्य मंत्री ने घर पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हाथापाई की गई। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विपिन त्रिपाठी ने दावा किया कि कैमरे के सामने उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि घटना के बाद पूरा परिवार भय के माहौल में है।
मंत्री की ओर से नहीं आया बयान
मामले में राज्य मंत्री महेश शुक्ला का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बताया गया कि संपर्क करने के प्रयास के बावजूद उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
पुलिस ने जांच शुरू की
हाई-प्रोफाइल मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाल मोतीचंद्र ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



