अयोध्या/लखनऊ। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावा गबन मामले की जांच के बीच मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव का एक वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के दावे चर्चा में हैं। बताया जा रहा है कि 2 जुलाई को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E0231 से बेंगलुरु रवाना होने के दौरान कुछ यात्रियों ने उन्हें देखकर विरोध जताया और “चंदा चोर” व “चढ़ावा चोर” के नारे लगाए। स्थिति को संभालने के लिए फ्लाइट के केबिन क्रू को हस्तक्षेप करना पड़ा। इस घटना की जानकारी एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने दैनिक भास्कर को दी है।
इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 6 जुलाई को होने वाली बैठक का एजेंडा जारी कर दिया है। बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट और मंदिर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान मंदिर की सजावट से जुड़े कार्यों में भी कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि सजावट का काम अलग-अलग ठेकेदारों को दिया गया था और बाद में अतिरिक्त कार्य दिखाकर अधिक भुगतान किए जाने के आरोप सामने आए हैं। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
उधर, आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर की है।
जांच के क्रम में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने शुक्रवार को ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा से करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव से भी पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने दोनों से संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे हैं और उनके बैंक खातों के लेनदेन की भी जांच की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के ऑडिट रिकॉर्ड भी तलब किए गए हैं।
चढ़ावा गबन मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है और अब ट्रस्ट की आगामी बैठक तथा एसआईटी की विस्तृत रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी गोपाल राव को फ्लाइट में देखकर लोग भड़क गए। उन्होंने ‘चंदा चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। फ्लाइट की केबिन क्रू ने यात्रियों को समझाया।
मामला 2 जुलाई का है। मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव सुबह 7:05 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट 6E0231 से बेंगलुरु के लिए रवाना हुए थे, तभी यह वाकया हुआ।
-राजेश साहू, पत्रकार



