नई दिल्ली। प्रसार भारती ने दूरदर्शन न्यूज (DD News) के लिए अनुभवी न्यूज एंकरों की भर्ती निकाली है। संस्था ने एक वर्ष के अनुबंध (Contract) के आधार पर कुल चार एंकरों की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें दो पद DD India और दो पद PB-SHABD के लिए हैं।
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार चयनित एंकरों की नियुक्ति दूरदर्शन भवन, नई दिल्ली में होगी। उन्हें अनुभव और योग्यता के आधार पर प्रतिमाह 1 लाख रुपये से 1.5 लाख रुपये तक का समेकित पारिश्रमिक (Negotiable) दिया जाएगा।
योग्यता
आवेदक के पास पत्रकारिता, मास कम्युनिकेशन या संबंधित विषय में डिग्री/पीजी डिप्लोमा होना चाहिए। साथ ही कैमरा-फ्रेंडली व्यक्तित्व, प्रभावशाली आवाज, शुद्ध उच्चारण, बेहतर एंकरिंग कौशल और अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ जरूरी है।
अनुभव की शर्त
उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम पांच वर्ष का अनुभव होना चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 45 वर्ष से कम होनी चाहिए।
क्या होंगी जिम्मेदारियां
चयनित एंकरों को समाचार बुलेटिन प्रस्तुत करने, ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव इंटरव्यू, फील्ड रिपोर्टिंग, सरकारी कार्यक्रमों की एंकरिंग और अन्य संपादकीय जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इसके अलावा उम्मीदवार में ऑन-एयर प्रेजेंस, उत्कृष्ट संचार कौशल, समसामयिक घटनाओं की गहरी समझ और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता अपेक्षित है।
अनुबंध की प्रमुख शर्तें-
- नियुक्ति पूरी तरह संविदा (Contract) के आधार पर होगी।
- अनुबंध की अवधि एक वर्ष होगी, जिसे प्रदर्शन और आवश्यकता के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
- चयनित अभ्यर्थी किसी अन्य संस्थान में समानांतर नौकरी नहीं कर सकेंगे।
- बिना कारण बताए एक माह का नोटिस या एक माह का वेतन देकर अनुबंध समाप्त किया जा सकता है।
- इस नियुक्ति पर नियमितीकरण या पेंशन का कोई दावा मान्य नहीं होगा।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार प्रसार भारती के AVEDAN पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नोटिफिकेशन जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर जमा करना होगा। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।





