लखनऊ: पत्रकार नीरज श्रीवास्तव (51) का आज शनिवार 11 जुलाई को निधन हो जाने की जानकारी सामने आई है। वह पिछले कई दिनों से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे और 30 जून से लखनऊ पीजीआई में एडमिट थे। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे वीआईपी रोड स्थित श्मशान घाट पर किया जाएगा। नीरज लाइव टुडे न्यूज़, इंडिया समेत कई न्यूज़ चैनल और समाचार पत्रों में रिपोर्टिंग कर चुके थे। उन्होंने पत्रकारिता की शुरूआत दैनिक जागरण से की थी।
विवेक तिवारी-
सबको छोड़कर अनंत यात्रा पर चले गए नीरज श्रीवास्तव। 7 या 8 वर्षों से साथ शुरू हुआ था, लाइव टुडे से, उससे पहले भी फील्ड पर मिलते थे, सम्मान देने में कभी कोई कमी नहीं, जो भी टास्क दीजिए जी सर मैं करके देता हूँ। जबान का पक्का था नीरज।

लाइव टुडे के बाद न्यूज इंडिया फिर आज की खबर में साथ मिला। आखिरी बार 4 दिन पहले ही बात हुई थी, लंबी बात की कोशिश कर रहे थे पर मुझसे हुआ नहीं, मैंने कहा आराम करो।
क्यों ऐसा हुआ कैसे हुआ सारी बात बेमानी है। कोई तर्क कुछ भी ईश्वर की मर्जी से आगे कहां है। सिर्फ दुख जता सकते हैं, जाना चाहता हूं उसे देखने पर जिस हाल में हूं जा भी नहीं पा रहा। सारे पत्रकार भाइयों बहनों से प्रार्थना है इस मुश्किल घड़ी में उसके परिवार के साथ रहें।
पत्रकार भी एक परिवार ही है। नीरज का जीवन पत्रकार मित्रों के साथ चला, कटा। एक पत्रकार अपने जीवन का अधिकतर समय पत्रकारों के साथ बिताता है, उतना परिवार के साथ भी नहीं गुजरता। नीरज भी वैसा ही था। तुम बहुत याद आओगे मेरे दोस्त….. अलविदा नीरज.. स्मृतियों में सदैव रहना, प्रभु श्रीराम तुम्हें अपने चरणों में स्थान दें। ॐ शांति।।
नीरज के भाई पंकज श्रीवास्तव का एफबी पोस्ट-
नमस्कार पत्रकार बंधुओं, मेरे बड़े भाई नीरज कुमार (नीरज श्रीवास्तव) एक लंबे अर्से से किडनी के बीमारी लड़ रहे थे और लगातार डायलेसिस के माध्यम से खुद को खड़ा रखने की पूरी कोशिश कर रहे थे।
दिनांक 30.06.2026 को आकस्मिक उनकी तबियत कुछ ज्यादा बिगड़ जाने के कारण उन्हें पीजीआई, लखनऊ के इमरजेंसी वार्ड के येल्लो जोन में एडमिट किया गया जहाँ उनकी तबियत 8.07.2026 को सुबह 6 बजे एक बार फिर बिगड़ गयी जिससे उन्हें वेंटिलेटर पर डाला गया और आज दिनांक 11.07.2026 को 12:20 a.m पर उनका आकस्मिक निधन हो गया।
उनके जीवन के इस सफर में सभी पत्रकार भाइयों ने एक जुटता दिखाई और उनके लिए पीजीआई प्रशासन से बेहतर से बेहतर इलाज कराने की मांग की और जम सब के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे, दुःख की इस घड़ी में आप सभी का यह सहयोग आजीवन हमारा परिवार याद रहेगा और आप सभी का आभारी रहेगा, इसी क्रम में मा0 उप मुख्यमंत्री जी व मा0 गुडडू त्रिपाठी जी ने भी पीजीआई प्रशासन को बेहतर इलाज के लिए, हर संभव प्रयास के लिए बोला उनका भी हृदय से धन्यवाद!
आज दिनांक 11.07.2026 को सुबह 11 बजे वीआईपी रोड, बैकुंठ धाम पर उनकी मुखाग्नि होनी सुनिश्चित हुई है। आप सभी के सहयोग के लिए एक बार पुनः हृदय से धन्यवाद।



