सोनपुर (बिहार)। हरिहर क्षेत्र सोनपुर के कालीघाट में श्रावणी मेला की तैयारियों की कवरेज के दौरान दैनिक जागरण के पत्रकार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल पत्रकार अवध किशोर शर्मा ने हरिहरनाथ थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 28 जुलाई की दोपहर करीब 2:30 बजे अवध किशोर शर्मा मंदिर परिसर स्थित घाट पर श्रावणी मेला से संबंधित समाचार संकलित कर रहे थे और मोबाइल फोन से तस्वीरें ले रहे थे। इसी दौरान शत्रुघ्न कुमार और उसके साथ मौजूद 3-4 अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
पत्रकार का आरोप है कि हमलावर कट्टा, लोहे की रॉड, हॉकी स्टिक और अन्य धारदार हथियारों से लैस थे। उन्होंने सिर पर कई वार किए, जिससे उनका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्रकार को अनुमंडलीय अस्पताल, सोनपुर ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। बताया गया है कि उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
अपने आवेदन में पत्रकार ने आरोप लगाया है कि हमला पूर्व नियोजित था और हमलावर उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाना चाहते थे। उन्होंने पुलिस से नामजद आरोपी शत्रुघ्न कुमार और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों और नागरिकों में रोष और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

ये है अवध किशोर शर्मा दैनिक जागरण के सोनपुर से संवाददाता है आज संवाद संकलन के क्रम में सोनपुर हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के कालीघाट के पास बदमाशों ने उनके ऊपर जानलेवा हमला किया है। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। पत्रकार संगठनों में इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सारण के पुलिस कप्तान के साथ ही साथ बिहार के डीजीपी से भी सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
-अनूप नारायण सिंह


