Connect with us

Hi, what are you looking for?

साहित्य

अकु श्रीवास्तव और उनकी किताब का पोस्टमार्टम, हेमंत शर्मा की कलम से!

बिहार चुनाव 2025 पर वरिष्ठ पत्रकार अकु श्रीवास्तव की किताब ‘गरदा उड़ गईल’ की पड़ताल। पलायन, नया ‘MY’ समीकरण, SIR और जन सुराज पर हेमंत शर्मा का लेख।

वरिष्ठ पत्रकार हेमंत शर्मा

हेमंत शर्मा-

गर्दा उड़ गयल.

मित्रवर अकु श्रीवास्तव ने गरदा उड़ा दिया है. गरदा और जलती पराली ही इस वक्त सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती है. दिल्ली की आबोहवा इसी गर्दे ने खराब कर रखी है.

अकु श्रीवास्तव यानी अपने अवधेश कुमार श्रीवास्तव. वही लखनऊ वाले. अवधेश कुमार श्रीवास्तव से अकु श्रीवास्तव की यात्रा के बीच वे थोड़े समय के लिए अवधेश राही भी बने थे. अवधेश कुमार को ‘अकु’ मशहूर व्यंग्यकार केपी सक्सेना ने बनाया.

अवधेश से अकु की यात्रा की कहानी भी गरदा उड़ा देने वाली है. दरअसल अवधेश नाम के एक और साथी पत्रकार हुआ करते थे. उधारी उनका शौक था. शौक-शौक में तकादेदारों की लंबी फौज उनका पीछा किया करती थी. अक्सर अवधेश की गफलत में अवधेश कुमार श्रीवास्तव को फोन दाग दिया करते थे. दो-चार शब्द भी कह दिया करते थे. इस मुफ्त की उधारी से छुटकारा पाने के लिए अपने श्रीवास्तव जी, अवधेश से अकु श्रीवास्तव बन गए.

खैर, बहुत दिनों से उनकी किताब- “गरदा उड़ गईल” पढ़ने की सोच रहा था. किताब बिहार के चुनावी नतीजों पर है. रविवार को थोड़ी फुर्सत मिली तो किताब उठा ली. सोचा था कुछ पन्ने पढ़ूंगा, लेकिन बिहार की राजनीति का ऐसा चक्कर चला कि किताब पूरी करके ही दम लिया. अब इसका अंग्रेजी संस्करण भी आ गया.

बिहार की राजनीति भी अजीब चीज है. यहां सत्ता का रास्ता केवल वोटों की गिनती से नहीं निकलता. उसके नीचे जाति की परतें हैं, इतिहास की स्मृतियां हैं, सामाजिक न्याय की आकांक्षाएं हैं और भविष्य को लेकर बेचैन एक समाज है. यहां मतदाता कई बार वह फैसला करता है, जिसकी व्याख्या करने में राजनीतिक पंडितों के पसीने छूट जाते हैं. बिहार को समझने का दावा करना आसान है, उसे समझते रहना मुश्किल.

OTT की महान दार्शनिक ‘महारानी’ का संवाद है कि “जब-जब आपको लगता है कि आप बिहार को समझ चुके हैं, बिहार आपको झटका देता है”. 2025 के चुनाव में अकु भाई ऐसे ही कई झटकों के करेंट सूत्र खंगालकर ले आए हैं. उन्होंने नतीजों की सतह पर तैरती कहानियों से आगे जाकर उन अदृश्य धाराओं को पकड़ने की कोशिश की है, जो चुनाव के पहले बह रही थीं.

हवा का रुख किसने बदला? जमीन के नीचे कौन-सी हलचल चल रही थी? और जो राजनीतिक तस्वीर दिखाई दे रही थी, उसके पीछे असल कहानी क्या थी? यह सब पढ़ते हुए कई बार लगता है कि बिहार ने फिर बहुतों को चौंका दिया है.

राजनीति को कवर करना और उसे समझना, दोनों अलग-अलग काम हैं. चुनाव के दिनों में पत्रकारों के सामने सूचनाओं का अंबार होता है. हर नेता के पास अपनी कहानी है, हर दल के पास अपनी जीत का गणित और हर समर्थक के पास अपने दावे. रैलियों की भीड़ देखकर नतीजे लिखने लगें तो कई बार मुंह की खानी पड़ती है. जातीय समीकरण जोड़कर भविष्यवाणी करें तो कोई नया समीकरण सारे जोड़-घटाव बिगाड़ देता है. तुक्केबाजी से भी कभी-कभार सही नतीजा निकल आता है, लेकिन पत्रकारिता तुक्केबाजी का नाम नहीं है. इक्का-दुक्का बार तीर निशाने पर लग जाए तो उसे दृष्टि नहीं कहते.

असली पत्रकारिता चुनावी शोर के बीच उन आवाजों को सुनना है, जो मंचों से सुनाई नहीं देतीं. मतदाता के मन तक पहुंचना है. उसके मौन को पढ़ना है. और सबसे मुश्किल काम है, नतीजे आने के बाद भी अपने बनाए निष्कर्षों की समीक्षा करना. अकु श्रीवास्तव की इस किताब में एक मजे हुए पत्रकार का यही अनुभव दिखाई देता है. पर यह अनुभव और परिपक्व दिखता अगर वे बांकीपुर उपचुनाव का भी विश्लेषण करते. उस चुनाव में किसका गर्दा उड़ा. यह नतीजा तो अंग्रेजी संस्करण में आ ही सकता था. वह तो अभी छप कर आयी है.

मैं बिहार को भारतवर्ष की संस्कृति का सच्चा मानक मानता हूं. वह धरती जहां ‘मिथिला की सीता का त्याग’ है, ‘बुद्ध का धैर्य’ है, ‘महावीर का अपरिग्रह’ है. जहां ‘चाणक्य की राजनीति’ है, ‘आर्यभट्ट की मेधा’ है, ‘अशोक का धम्म’ है और ‘नालंदा-विक्रमशिला की ज्ञान परंपरा’ है. जहां ‘विद्यापति की देसिल बयना’ है और लोकजीवन की वह सहजता है, जिसमें जीवन के बड़े दर्शन छोटी-छोटी कहावतों में उतर आते हैं. बिहार केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, भारत की सभ्यतागत स्मृति का बड़ा हिस्सा है. विडंबना देखिए कि आंकड़ों की मेज पर बिहार अक्सर पीछे खड़ा दिखाई देता है, लेकिन भारतीयता की सांस्कृतिक पंक्ति में वह पहली कतार में है.

शायद इसी विडंबना के गर्भ से पलायन की त्रासदी भी पैदा हुई. जिस मिट्टी ने कभी दुनिया को ज्ञान दिया, उसी मिट्टी का बेटा रोटी की तलाश में अपना घर छोड़ने को मजबूर हुआ. जिस धरती ने साम्राज्य बनाए, वहां के नौजवान को अपना भविष्य बनाने के लिए दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा. पलायन केवल रोजगार का आंकड़ा नहीं है. यह खाली होते गांवों की कहानी है. त्योहारों पर घर लौटने वाली ट्रेनों की कहानी है. बूढ़े मां-बाप की प्रतीक्षा और परदेस में जवान होते बच्चों की कहानी है. यह उस आदमी की कहानी है जो गांव छोड़ देता है, लेकिन गांव उसे कभी नहीं छोड़ता. उसके भीतर एक पूरा बिहार चलता रहता है.

अकु भाई ने इस पीड़ा को एक खूबसूरत मिसरे में बांधा है- “जरूरतों ने पर काट दिए और रोटी पैरों की जंजीर बन गई”. इस एक पंक्ति में पलायन का पूरा भूगोल और मनुष्य की पूरी विवशता समाई हुई है. किताब पढ़ते हुए एक बात समझ आई कि पलायन अब बिहार की नियति भर नहीं रह गया है, वह उसकी राजनीति का सवाल भी बन चुका है. कभी दूसरे राज्यों को बिहार के मजदूरों की जरूरत बताई जाती थी. अब सवाल उठने लगा है कि बिहार का युवा बिहार की जरूरत है. इस बदलाव में एक राज्य की आत्मछवि बदलने की आकांक्षा छिपी है. जो नौजवान कल तक बाहर जाने को अपनी नियति मानता था, वह अब अपने ही राज्य में अवसर मांग रहा है. अकु भाई इस बदलाव की राजनीतिक यात्रा को बहुत करीने से पकड़ते हैं. पलायन की पीड़ा कैसे चुनावी मुद्दा बनी और कैसे इसने राजनीतिक विमर्श की दिशा बदली, यह समझना इस चुनाव को समझने की पहली शर्त है.

अकु श्रीवास्तव की किताब'गरदा उड़ गईल' (Garda Ud Gayeel: A Clean Sweep) का कवर
अकु श्रीवास्तव की किताब गरदा उड़ गईल

बिहार की राजनीति में जाति एक स्थायी हकीकत रही है. मंडल के बाद की राजनीति ने सत्ता का चरित्र बदला. लालू प्रसाद यादव के दौर में मुस्लिम-यादव यानी ‘MY समीकरण’ ने एक लंबी राजनीतिक धुरी बनाई. सामाजिक न्याय की राजनीति ने वंचित समुदायों को सत्ता में अपनी हिस्सेदारी का अहसास कराया. लेकिन राजनीति किसी एक समीकरण पर हमेशा नहीं टिकती. समय बदलता है तो आकांक्षाएं भी बदलती हैं.

अकु ने ‘MY’ की एक नई व्याख्या की है. मुस्लिम-यादव के पारंपरिक समीकरण के सामने ‘महिला-युवा’ का नया ‘MY’. यह केवल अंग्रेजी के दो अक्षरों का खेल नहीं है. यह मतदाता की बदलती प्राथमिकताओं को पढ़ने की कोशिश है. जाति का महत्व अपनी जगह है, लेकिन उसके साथ अब महिला मतदाता की स्वतंत्र राजनीतिक आकांक्षा और युवा मतदाता की रोजगार तथा भविष्य को लेकर बेचैनी भी जुड़ गई है. पुराने MY के सामने नए MY की चुनौती को समझना इस चुनाव के सबसे दिलचस्प राजनीतिक सूत्रों में से एक है. आखिर कोई भी राजनीतिक समीकरण हमेशा के लिए नहीं होता.

समाज बदलता है तो उसके वोट देने के कारण भी बदलते हैं. इस चुनाव के पहले ‘SIR’ की प्रक्रिया हुई. मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विवाद हुए, सवाल उठे और राजनीति में इसकी खूब चर्चा हुई. लेकिन किसी मुद्दे की चर्चा और उसके वास्तविक राजनीतिक प्रभाव को समझना दो अलग बातें हैं. अकु श्रीवास्तव ने इस पूरे प्रसंग की परतें खोलने की कोशिश की है. SIR के इर्द-गिर्द खड़े हुए सवाल, उसके राजनीतिक अर्थ और चुनावी माहौल में उसकी भूमिका को पढ़ते हुए कई ऐसी गुत्थियां सुलझती हैं, जिन पर चुनाव के दौरान खूब शोर था. लोकतंत्र में मतदाता सूची केवल सरकारी कागज नहीं होती. वह नागरिक की लोकतांत्रिक मौजूदगी का दस्तावेज है. इसलिए यह सवाल भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि लोकतंत्र में मतदाता की पहचान और उसकी भागीदारी को लेकर हमारी समझ कितनी साफ है.

एक समय चुनाव त्रिकोणीय दिखाई दे रहा था. NDA और महागठबंधन के बीच प्रशांत किशोर की जन सुराज की चर्चा ने एक तीसरे विकल्प की उम्मीद पैदा की थी. पदयात्रा, सभाएं और नई राजनीति के दावे दूर तक सुनाई दे रहे थे. लेकिन चुनाव आते-आते इस हवा में कौन-सा विक्षोभ पैदा हुआ? जो राजनीतिक उत्सुकता दिखाई दे रही थी, वह वोट में क्यों नहीं बदल सकी? क्या किसी नेता की लोकप्रियता और राजनीतिक संगठन खड़ा करने की क्षमता दो अलग चीजें हैं? जन सुराज के उभार और उसके चुनावी प्रदर्शन के बीच की दूरी को समझने में अकु भाई की पड़ताल दिलचस्प है.

प्रशांत किशोर की राजनीति का प्रसंग इसलिए भी दिलचस्प है कि वे लंबे समय तक दूसरों के लिए चुनावी रणनीतियां बनाते रहे और फिर खुद मैदान में उतर आए. रणनीति बनाना और जनता के बीच संगठन खड़ा करना अलग-अलग हुनर हैं. एक में आंकड़े और संदेश काम आते हैं, दूसरे में भरोसा, कार्यकर्ता और लंबा सामाजिक जुड़ाव. चुनाव ने इस अंतर को उजागर किया. लेकिन क्या जन सुराज की कहानी यहीं खत्म हो जाती है? मुझे लगता है कि बिहार की राजनीति में इस प्रयोग के आगे के अध्यायों पर भी नजर रखनी होगी. अकु भाई के विश्लेषण से इस सवाल पर सोचने के लिए कुछ नए सूत्र मिलते हैं.

चुनाव में घोषणापत्रों की भाषा भी बदल रही है. कभी घोषणापत्र चुनाव से पहले जारी होने वाला ऐसा दस्तावेज होता था, जिसे पढ़ने वाले कम और छापने वाले ज्यादा होते थे. अब घोषणापत्र संकल्प और प्रण में बदल रहे हैं. चुनाव केवल भविष्य के वादों पर नहीं, मौखिक गारंटी पर भी लड़े जा रहे हैं. मतदाता को बताया जा रहा है कि उसे क्या मिलेगा, कब मिलेगा और कैसे मिलेगा. अकु भाई खूबसूरती से समझाते हैं कि कैसे राजनीति में भरोसे की भाषा बदल रही है. घोषणापत्र अब केवल विचारधारा का दस्तावेज नहीं, मतदाता से सीधे संवाद का माध्यम बन गया है. बिहार के इस चुनाव में यह बदलाव साफ दिखाई देता है.

आज के बिहार को समझने के लिए उसके अतीत की ओर लौटना भी जरूरी है. झारखंड के अलग होने से बिहार की आर्थिक संरचना और संसाधनों का भूगोल बदल गया. किसी राज्य का विभाजन नक्शे पर खींची गई रेखा भर नहीं होता. उसके साथ संसाधन बंटते हैं, अवसर बंटते हैं और कई बार एक पूरे समाज की मनोवैज्ञानिक संरचना भी बदल जाती है. बिहार के विकास की कहानी में इस विभाजन का असर आज भी महसूस किया जा सकता है.

मगध का विस्तार, मौर्य साम्राज्य, बौद्ध और जैन परंपराएं, नालंदा और विक्रमशिला जैसे ज्ञान केंद्र. बिहार का इतिहास किसी गौरवगाथा से कम नहीं. लेकिन अब इतिहास यह सवाल भी पूछता है कि जिस समाज ने कभी ज्ञान और शासन की नई परिभाषाएं गढ़ी थीं, वह आज अपने नौजवानों के लिए अवसर क्यों नहीं जुटा पा रहा है? बिहार के सामने शायद सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह अपने गौरवशाली अतीत और आकांक्षी भविष्य के बीच की दूरी कम करे.

राजद, कांग्रेस, भाजपा, जदयू और वाम दलों की राजनीति को पढ़ते हुए यह भी समझ आता है कि चुनाव केवल किसी एक दल की रणनीति से नहीं जीते जाते. नेतृत्व की अपनी सीमाएं होती हैं, संगठन की अपनी ताकत और सामाजिक आधार की अपनी शर्तें. उम्मीदवार का चयन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और गठबंधन के भीतर तालमेल जैसे सवाल कभी-कभी बड़े नारों से भी ज्यादा निर्णायक हो जाते हैं. बिहार का यह चुनाव बताता है कि राजनीति में पुरानी पूंजी हमेशा नए बाजार में काम नहीं आती. मतदाता को हर बार नए सिरे से समझना पड़ता है.

2025 का बिहार विधानसभा चुनाव भारतीय राजनीति के लिए एक केस स्टडी है. आने वाली कई पीढ़ियां राजनीति शास्त्र की कक्षाओं में इस चुनाव की कहानियां पढ़ेंगी. वे समझने की कोशिश करेंगी कि जाति के पुराने समीकरणों के बीच नए समीकरण कैसे बने? महिला मतदाता की भूमिका कैसे बदली? रोजगार और पलायन जैसे मुद्दे किस तरह चुनावी विमर्श के केंद्र में आए? और एक तीसरे राजनीतिक विकल्प की उम्मीद जमीन पर आकार क्यों नहीं ले सकी? उस समय अकु श्रीवास्तव की यह किताब एक जरूरी दस्तावेज की तरह सामने रहेगी. किसी चुनाव का इतिहास केवल नतीजों की तालिका नहीं होता. उसके भीतर छिपे सामाजिक बदलावों, राजनीतिक मनोविज्ञान और समय की धड़कन को दर्ज करना भी जरूरी होता है. “गरदा उड़ गईल” यही काम करती है.

अकु श्रीवास्तव की बात किए बिना यह लेख पूरा नहीं हो सकता. उन्हें पत्रकारिता में 45 वर्ष से अधिक हो चुके हैं. हमने पत्रकारिता का लंबा वक्त साथ में गुजारा है. अकु भाई उम्दा किस्म के लिखाड़ हैं. कई किताबें लिख चुके हैं. ‘उत्तर उदारीकरण के आंदोलन’ जैसे विषयों पर अकादमिक काम भी किया है. फिलहाल वे पंजाब केसरी समूह के साथ दिल्ली में ‘नवोदय टाइम्स’ के संस्थापक संपादक हैं.

एक अच्छी राजनीतिक किताब का काम किसी दल की जीत का उत्सव मनाना या किसी की हार का शोकगीत लिखना नहीं है. उसका काम अपने समय को दर्ज करना है. उससे सवाल करना है. आने वाले समय के लिए कुछ ऐसे सूत्र छोड़ जाना है, जिनसे इतिहास की गुत्थियां सुलझाई जा सकें. बिहार को समझने का दावा करना आसान है. उसे समझने की कोशिश करते रहना मुश्किल. अकु भाई ने इस मुश्किल काम में एक अच्छी कोशिश की है. बिहार ने इस बार भी अपने हिस्से के झटके दिए हैं. अकु श्रीवास्तव ने उन झटकों की आवाज दर्ज कर दी है.

जय जय.

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन