भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा से चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां चोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा पहनकर एक मोबाइल दुकान में घुसे और करीब 40 मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। घटना का करीब 30 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में कथित तौर पर एक आरोपी नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाए दुकान के भीतर दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि चोर दुकान से दर्जनों मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस ने चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में दिखाई दे रहे मुखौटे और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
ये होता है भरोसा! ये भरोसा आसानी से नहीं बनता है, बल्कि इसके लिये उदाहरण बनना पड़ता है. चोरों का पूरा भरोसा नरेंद्र मोदीजी पर है. मोदीजी ने केवल अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं या अडानी का ही भरोसा नहीं जीता है, बल्कि उन्होंने चोरों का भी पूरा भरोसा जीत रखा है.
यह भरोसा ही है, जिसकी बदौलत चोर मोदीजी का मुखौटा लगाकर चोरी करने पहुंचे. उन्हें भजनलाल शर्मा पर उतना भरोसा नहीं था, जितना मोदीजी पर था. मैं चोरों के इस भरोसे का सम्मान करता हूँ. साथ ही मोदीजी को भी बधाई देता हूँ कि वह पहले नेता हैं, जिन पर चोरों को भी पूरा भरोसा है.
-अनिल कुमार, वरिष्ठ पत्रकार

भारत के लोगों में कमियां बहुत सी हो सकती है लेकिन चाहे कुछ भी हो जाये हम अपने संस्कार नहीं छोड़ते। गुरू की प्रेरणा से मूरख से मूरख भवसागर तर जाते हैं। अडानी जैसे लैंब्रेटा स्कूटर धारी दुनिया के सबसे बड़े धनिकों में शामिल हो जाते हैं तो फिर चार लाख रुपये या 40 मोबाइल प्राप्त कर लेना कौन सी बड़ी बात है।
तेरे वास्ते मेरा सब काम हो रहा है।
करते हो तुम गुरुजी मेरा नाम हो रहा है।।
-राकेश कायस्थ, वरिष्ठ पत्रकार


