आरोप (खबर) को कमजोर करने वाला सरकारी ज्ञान और नियमों का हवाला अनाम अधिकारी के हवाले से टाइम्स ऑफ इंडिया में।
संजय कुमार सिंह
कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने कल प्रेस कांफ्रेंस करके आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में जाना था लेकिन हवाई अड्डे पर बताया गया कि उनके पासपोर्ट से संबंधित कुछ सवालों के जवाब नहीं दिए जाने के कारण वे विदेश नहीं जा सकते हैं। देश की मौजूदा स्थितियों सरकारी प्रचार, प्रधानमंत्री पर आरोप, उनकी राजनीति और राजनीतिक हमलों के मुकाबले के उनके तरीके, उनकी योग्यता-क्षमता पर हो रही टिप्पणियों के मद्देनजर सरकार की यह कार्रवाई खबर है। सीजेपी के आरोप के बाद यह और बड़ी खबर है। आरोप अकेले सौरव दास ने नहीं, सीजेपी के अन्य नेताओं ने भी लगाए हैं और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह अपना पक्ष रखती। मीडिया का काम है कि सरकार का पक्ष जनता को बताया जाता। कोई दो राय नहीं है कि आरोप और सरकारी जवाब से मीडिया को लगे कि मामले में दम नहीं है, राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है या सरकार को बदनाम किया जा रहा है तो खबर को महत्व नहीं दे। जो स्थितियां हैं उसमें आरोप का जवाब नहीं आना, नहीं मांगना और आरोप भी नहीं छपना बताता है कि मीडिया सरकार की गोदी में है और गुलामी कर रहा है।
मेरे दस अखबारों में आज यह खबर देशबन्धु और द हिन्दू में सिंगल कॉलम में है। टाइम्स ऑफ इंडिया में यह खबर दो कॉलम में है। अंग्रेजी के दोनों अखबारों में अंदर के पन्नों पर भी ढेरों विवरण है। हिन्दी के मेरे चार में से तीन अखबारों में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। अंग्रेजी के छह में से चार में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। सबसे दिलचस्प टाइम्स ऑफ इंडिया ही है। एक अनाम अधिकारी के हवाले से उसने सरकारी पक्ष रखा है जबकि द हिन्दू ने पहले पन्ने पर ही लिखा है, सरकार ने उन्हें हवाई अड्डे पर रोकने के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। द हिन्दू ने इस मुद्दे पर सौरव दास से बातचीत की और लिखा है, “उन्होंने सवाल उठाया कि 2019 में जब उन्हें भारतीय पासपोर्ट जारी किया गया था, तब सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कोई आपत्ति क्यों नहीं जताई गई? यही नहीं, उन्होंने कहा, (2019 में पासपोर्ट जारी होने के बाद) “मैं दो बार विदेश यात्रा कर चुका हूँ और मुझे कहीं रोका नहीं गया। इस बार यह मुद्दा इसलिए उठाया जा रहा है क्योंकि मैं सीजेपी आंदोलन से जुड़ा हूँ। मेरे जन्मस्थान और मेरे माता-पिता को इसमें घसीटा जा रहा है। लेकिन हम ऐसी सस्ती चालों से डरने वाले नहीं हैं।”
जाहिर है, जिन सवालों का जवाब नहीं दिए जाने के कारण सौरव दास को विदेश जाने से रोका गया उनके बिना न सिर्फ पासपोर्ट जारी हुआ, अभी तक यह मुद्दा ही नहीं था। इस बीच वे दो विदेश यात्राएं कर चुके हैं। रोके जाने या सवाल का जवाब ढूंढ़ने की प्रक्रिया क्यों शुरू हुई होगी, समझना मुश्किल नहीं है। वैसे भी पासपोर्ट अगर जन्म स्थान, तिथि या पिता के नाम में अंतर होने के बावजूद जारी हो गया तो पासपोर्ट जारी करने वाले और संबंधित जांच के जिम्मेदार लोग भी जवाबदेह हैं। दूसरी ओर सरकारी दस्तावेजों में ऐसी गलतियां आम हैं। अभी भी मेरी उम्र या जन्म तिथि मेरे वोटर्स आई कार्ड में गलत है। पासपोर्ट में जो है वही आधार में है लेकिन मतदाता सूची में अलग होने के कारण मुझे नोटिस जारी किया जा सकता है। यह नोटिस तब जब हो जब मैं सरकार के खिलाफ कुछ लिखूं या सरकार मुझसे नाराज हो – तो नोटिस का मतलब कौन नहीं समझेगा और अब तक जारी नहीं हुआ है तो मैं क्यों न मानूं कि आगे भी कुछ नहीं होगा।
तथ्य है कि कंप्यूटर के पहले जब नाम सुन और पूछ कर लिखे जाते थे, हिज्जे अलग हो सकते थे। अस्पष्ट लिखावट से देखकर लिखे जाते थे तो गलतियां स्वाभाविक हैं। इतने बड़े देश में, इतनी बड़ी आबादी के दस्तावेज में गलतियां न हों यह सुनिश्चित करना सरकार का काम है और अधिकारियों की जवाबदेही व जिम्मेदारी। इसीलिए आधार में इन बातों का ख्याल रखा गया था। आप जानते हैं कि आधार कैसे बना, उसके लिए किसकी सेवा ली गई थी और जाहिर है कि सब कुछ व्यवस्थित होने का लाभ मिला। इसलिए गलतियां नहीं हुईं या कम सुनाई पड़ती है। तकनीकी तौर पर अब यह संभव है कि उसी से मतदाता सूची बनती। मौजूदा सरकार ने यह सब करने की बजाय जबरन, बिना जरूरत, गैरे पेशेवर तरीके से एसआईआर करवाया और जो हुआ आप जानते हैं। रोज उसकी खबरें आ रही हैं पर वह अलग मुद्दा है।
सरकार सत्ता में होने का फायदा उठा रही है और सत्ता में गलत तरीके से बैठी हुई है। मीडिया दोनों खबरें छिपा और दबा रहा है। सरकार उसे सोशल मीडिया से गायब करवा रही है। इसके बावजूद आज टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर इस प्रकार शुरू होती है, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास को आईजीआई एयरपोर्ट पर यूके जाने से रोक दिया गया। इससे एक दिन पहले उनके पासपोर्ट को चिह्नित किया गया था। अगले दिन सौरव दास ने बताया कि सोमवार-मंगलवार रात एक बजे की उनकी फ्लाइट से ठीक 5 घंटे पहले उन्हें एक ‘शो-कॉज नोटिस’ (कारण बताओ नोटिस) जारी किया गया था। इसमें उनके पासपोर्ट में कुछ गड़बड़ियां होने का आरोप लगाया गया था। दास ने बताया कि नोटिस में उनके जन्म-स्थान के विवरण में गड़बड़ी होने का जिक्र था। इसके साथ ही, दूसरे कॉलम में अखबार ने लिखा है – सूत्रों ने कहा, गुजरे कुछ महीनों के दौरान सौरव दास के आधार, जन्म प्रमाणपत्र और पासपोर्ट के विवरण में मेल न होने के कारण चेन्नई पासपोर्ट कार्यालय ने दस्तावेजों की नए सिरे से जांच शुरू की है। खबर के इस हिस्से में पिछले कुछ महीनों की जगह, सही तारीख लिखी जाती तो मामला स्पष्ट हो जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने आज सौरव दास का पक्ष तो विस्तार में रखा ही है सरकार का पक्ष भी रखा है जो अधिकृत तौर पर जारी ही नहीं किया गया है। इसके जरिए यह बताने की कोशिश लगती है कि कार्रवाई सामान्य है और सौरव दास इसमें फंस गए तो संयोग होगा। कहने की जरूरत नहीं है कि कार्रवाई शुरू होने और नोटिस जारी किए जाने का समय सब कुछ कहता है और पासपोर्ट जारी होने के तुरंत बाद किया गया होता तो समय मुद्दा नहीं रहता। टाइम्स ऑफ इंडिया ने कहा है कि (नियमतः) जब किसी गलत सूचना का पता चले तो आरपीओ कारण बताओ नोटिस जारी कर सकता है। लेकिन यह सूचना उसे (भी) क्यों नहीं जिसपर इनकी जांच की जिम्मेदारी थी। अगर किसी को सोमवार की रात या मंगलवार की सुबह यात्रा पर निकलना है तो सोमवार को नोटिस जारी करने का क्या मतलब? जो नोटिस 2019 में पासपोर्ट जारी होने का बाद 2026 के नवंबर में एक सोमवार को जारी हुआ वह अक्तूबर या दिसंबर के किसी सोमवार को भी जारी हो सकता था। इसलिए, मुझे टाइम्स ऑफ इंडिया की दलीलें नहीं जमीं। हालांकि, अनाम अधिकारी ने कहा और अखबार ने लिखा है कि सौरव को नोटिस की जानकारी थी और वे जानबूझकर कर हवाई अड्डे गए ताकि प्रताड़ित किए जाने का प्रचार कर सकें।
जाहिर है, टाइम्स ऑफ इंडिया ने किसी अनाम प्रचारक का पक्ष रखा है। आज दैनिक भास्कर, अमर उजाला और नवोदय टाइम्स में यह खबर पहले पन्ने पर नहीं है। अंग्रेजी अखबारों में यह खबर हिन्दुस्तान टाइम्स, दि इंडियन एक्सप्रेस, दि एशियन एज और द टेलीग्राफ में पहले पन्ने पर नहीं है। अब आज की एक और खबर का हाल बताता हूं जो इसके मुकाबले ज्यादा अखबारों में पहले पन्ने पर छपी है। अब आज की एक ऐसी खबर जो मेरे दस में से तीन अखबारों में नहीं छपी है और इन तीन अखबारों में हिन्दी का एक ही है। अंग्रेजी के दो हैं। यह खबर जिन सात अखबारों में छपी है उनमें, अमर उजाला, द हिन्दू और द टेलीग्राफ में सिंगल कॉलम की खबर है। यह खबर हिन्दुस्तान टाइम्स, नवोदय टाइम्स, इंडियन एक्सप्रेस में पहले पन्ने पर नहीं है जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया, द हिन्दू, दि एशियन एज, द टेलीग्राफ, अमर उजाला, दैनिक भास्कर, देशबन्धु में पहले पन्ने पर है।
दैनिक भास्कर में आज यह खबर सोनिया गांधी के हवाले से है। राहुल गांधी के हवाले से कहा गया है, पिता की हत्या के लिए माहौल बनाया गया था। असल में कल जारी एक वीडियो में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी “बिलॉन्गिग : अ जर्नी ऑफ लव” पर चर्चा करते दिखे हैं। इस बातचीत में कुछ ऐसी बातें भी हैं जो किताब में भले न हो किताब के संदर्भ में की गई हैं। मामला देश के पूर्व प्रधानमंत्री की सुरक्षा हटाने और उनकी हत्या हो जाने का है। किताब में इसकी चर्चा है, इस पर राहुल गांधी की टिप्पणी भी है। लेकिन राहुल गांधी ने अब जो कहा है वह तो अपनी मां और बहन से बातचीत में कहा है लेकिन वीडियो सार्वजनिक तौर पर जारी किया गया है इसलिए खबर है। यह वैसे ही है जैसे किताब पर बातचीत वाले वीडियो में राहुल गांधी ने कहा था कि उन्होंने बचपन में देखा था कि खाने के समय मां पापा की गोद में होती थीं।
इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया आई और एक राय यह भी रही कि राहुल गांधी उसकी चर्चा जान-बूझ कर की थी। उसकी आलोचना करने वालों ने बता दिया कि उन्हें सामान्य प्रेम भी पसंद नहीं है और बहुत प्रेम से जुड़ी बहुत आम घटना की चर्चा भी लोग सार्वजनिक तौर पर नहीं कर पाते हैं। मकसद चाहे जो हो, यह साबित हो गया कि संघ और उसके समर्थक यह सब पसंद नहीं करते हैं। उनके यहां प्रेम नहीं बलात्कार आम है। बलात्कारी की सजा माफ हो जाए, मुद्दा नहीं है लेकिन कोई प्रेम न करे, एकांत में न बैठे, सट कर न बैठे, गोदी में न बैठे और बैठ ही जाए तो उसकी चर्चा न हो। इसमें एक बात और गौरतलब रही कि राहुल गांधी की आलोचना की गई उन्हें गैर जिम्मेदार (असल में पप्पू) साबित करने की कोशिशें जारी रहीं जबकि अब यह दिखने लगा है कि पप्पू बनाने वाले कितने बड़े पप्पू हैं। आज की खबर को ज्यादा महत्व मिलना इसी कोशिश का हिस्सा हो सकता है। वरना सौरव दास का ताजा मामला खतरे में पड़े हिन्दुओं को मिली और मिल रही सुरक्षा का मुद्दा भी है। उसपर भक्तों में सन्नाटा है।
दूसरी ओर राजीव गांधी की हत्या पुराना मामला है। सुरक्षा हटाने के लिए विश्वनाथ प्रताप सिंह की सरकार को जिम्मेदार माना जाए तो वे अब हैं नहीं और किताब में उल्लेख सार्वजनिक होने के बाद उनकी पर्याप्त आलोचना हो चुकी है। अब राहुल गांधी ने जो नई बात बताई है वह किताब के संदर्भ में और वैसे भी, पुरानी है लेकिन इसे ज्यादा महत्व मिला है। प्रचारकों ने इसपर सोशल मीडिया में लिखना शुरू कर दिया है। एक भक्त मित्र ने लिखा है, असत्य या अर्ध सत्य! राहुल गांधी ने कहा है कि राजीव गांधी की सुरक्षा जान-बूझ कर हटाई गई थी ताकि उनकी हत्या हो सके। जबकि सत्य यह है कि 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरुंबुदूर में जब धनु नामक मानव बम राजीव गांधी की ओर माला लिए बढ़ रही थी तो पुलिस सब इंस्पेक्टर अनुसूया अर्नेस्ट ने उसे रोका। तीन बार रोका। राजीव उस दृश्य को दूर से देख रहे थे। राजीव गांधी ने ऊंची आवाज में अनुसूया को आदेश दिया कि उसे मेरे पास आने दो। धनु पास गई। माला पहनाई और पैर छूने के बहाने बम को सक्रिय कर दिया। विस्फोट में राजीव गांधी के साथ अनुसूया सहित नौ सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। अब आप बताइए, किसकी गलती थी। आप चाहें तो उन्हें बता सकते हैं कि राजीव गांधी ने न सिर्फ अपनी हत्या करवाई, नौ सुरक्षाकर्मियों को भी अपने साथ मरवा दिया।
पता नहीं यह टिप्पणी वीडियो देखकर लिखी गई है या यूं ही पर वीडियो में बिहार दौरे में पथराव और विरोध का जिक्र है। भक्त मित्र बिहार से ही हैं। वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया है कि बिहार दौरे पर वे एक खुली जीप में यात्रा कर रहे थे तब उन पर पत्थर फेंके गए तथा नारेबाजी हुई। सोनिया गांधी के अनुसार, जब कोई नेता विपक्ष में होता है और किसी ऐसे राज्य में जाता है जहां प्रतिद्वंद्वी या अन्य दल की सरकार हो, तो वहाँ सुरक्षा को लेकर उतनी सख्ती या खास ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने इस दौरे को काफी डरावना बताया। राहुल गांधी उस दौरे में अपने पिता के साथ थे और उन्होंने पत्थरबाजी व विरोध को देखा था। सोनिया गांधी ने बताया कि लौटकर राहुल ने उनसे कहा था कि यदि पिता की सुरक्षा को लेकर कुछ नहीं किया गया, तो उन्हें बहुत जल्द उनके अंतिम संस्कार के लिए लौटना पड़ सकता है। वीडियो में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उनके पिता की सुरक्षा हटाना कोई महज हादसा या गलती नहीं थी, बल्कि हत्या के लिए माहौल बनाने के उद्देश्य से जानबूझ कर किया गया कदम था।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।
