उत्तराखंड के श्रीनगर (गढ़वाल) में बैकुंठ चतुर्दशी मेले के उद्घाटन समारोह में साप्ताहिक ‘रीजनल रिपोर्टर’ की संपादक और वरिष्ठ पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम में जाने से रोक दिया गया। पौड़ी पुलिस पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप है। घटना को लेकर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई है।
रीजनल रिपोर्टर की खबर के मुताबिक गंगा असनोड़ा कार्यक्रम की लाइव कवरेज करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें न तो कार्यक्रम स्थल में जाने दिया गया और न ही मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने का मौका मिला। उस वक्त मंच पर मुख्यमंत्री विकास की घोषणाएं कर रहे थे, ढोल-दमाऊं बज रहे थे और सरकार की उपलब्धियां गिनाई जा रही थीं।
आखिर कौन से सवाल थे इतने असहज?
कार्यक्रम स्थल के बाहर नाराजगी जाहिर करते हुए गंगा असनोड़ा ने सवाल किया कि क्या सरकार पत्रकारों के सवालों से डर रही है? उन्होंने पूछा कि आखिर उनके कौन से सवाल थे, जिनसे सत्ता के गलियारों में असहजता हो सकती थी। क्या किसी पत्रकार को केवल इसलिए रोका जा सकता है कि वह सरकार से सवाल पूछना चाहती है?
उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या उनके सवाल सरकार की राजनीतिक रणनीति और चुनावी समीकरणों के लिए चुनौती बन सकते थे। स्थानीय पुलिस और एलआईयू की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्होंने जानना चाहा कि उन्हें रोकने के पीछे कौन सी खुफिया रिपोर्ट या निर्देश थे।
गंगा असनोड़ा ने कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को संबोधित करते हुए कहा कि वह केवल पत्रकार नहीं, बल्कि श्रीनगर की बहू और इस शहर की नागरिक भी हैं, इसके बावजूद उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया? उन्होंने बताया कि सूचना विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर भी उन्हें रोकने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कुछ लोगों की नारेबाजी और कथित अभद्र व्यवहार पर भी आपत्ति जताई और इस घटना को प्रेस की स्वतंत्रता का हनन बताया।
उन्हें रोकने के प्रशासनिक कारणों पर संबंधित अधिकारियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है।
गोदियाल बोले- अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि गंगा असनोड़ा थपलियाल प्रदेश के वरिष्ठ एवं दिवंगत पत्रकार पुरुषोत्तम असनोड़ा की बेटी हैं और पत्रकारिता की परंपरा से जुड़ी हुई हैं। एक महिला पत्रकार को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना और उनके साथ अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह न केवल पत्रकार के सम्मान और अधिकारों का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी सवाल खड़े करता है।
गोदियाल ने पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से किसी पत्रकार को रोकने की नौबत क्यों आई? क्या सरकार और उसके नुमाइंदे पत्रकारों के सवालों से इतने असहज और भयभीत हैं कि अब उन्हें सवाल पूछने और कवरेज करने से भी रोका जाने लगा है? उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनका काम सत्ता की प्रशंसा करना नहीं, बल्कि जनता के सवालों को सत्ता के सामने रखना है।
उन्होंने कहा कि यह और भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस श्रीनगर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करते हैं, वहां एक महिला पत्रकार को इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। गोदियाल ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने और गंगा असनोड़ा थपलियाल के सम्मान एवं पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में सत्ता को सवालों से असहज नहीं, बल्कि जवाबदेह होना चाहिए।”
सोशल मीडिया पर भी निंदा
लुसुन राजेन टोडरिया ने फेसबुक पर लिखा-
महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल जी को बैकुंठ चतुर्दशी मेले में मुख्यमंत्री से सवाल पूछने जाने से रोकना और अभद्र व्यवहार निंदनीय है। अगर मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल में जनहित के कार्य किए हैं तो सवालों से इतना भाग क्यों रहे हैं। गंगा असनोड़ा थपलियाल एक निर्भीक और सच्ची पत्रकार हैं। गंगा को रोकना हमेशा नुकसानदायक ही होता है।
-लुसुन राजेन टोडरिया

संयम, साहस, निर्भीकता और सामाजिक प्रतिबद्धता की गंगा
गंगा असनोड़ा थपलियाल कौन हैं, उनकी पत्रकारिता और जीवन संघर्ष कैसा रहा, इस पर लेखक अरुण कुकसाल ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर यह आलेख लिखा था-
प्रिय गंगा को उसके बचपन से देखता आ रहा हूं। उसके पिता आदरणीय पुरुषोत्तम असनोड़ा उत्तराखंड के अग्रणी पत्रकारों में रहे हैं। वे पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान रखते थे। पत्रकारिता और जीविकोपार्जन उनके व्यक्तित्व के दो अलग-अलग, बिल्कुल स्वतंत्र पक्ष थे। उन्होंने इन दोनों को आपस में मिलाने-नजदीक लाने की कभी कोशिश तो क्या, कभी सोचा भी नहीं। अपने राजनैतिक मित्रों और अन्य राजनेताओं से वे हमेशा दूरी बनाए रखते थे। उनसे कभी कोई व्यक्तिगत हित की अपेक्षा की हो, ऐसा कभी नहीं हुआ। सामाजिक सरोकारों के लिए वे व्यक्तिगत और व्यावसायिक हितों की हमेशा अनदेखी करते थे। सार्वजनिक जीवन में मुखर होने के बजाय वे बैठकों और आंदोलनों में सबको अपने से आगे करके खुद को दिखाने की होड़ से विरक्त रहते और घनघोर विकट वक्त में भी सहजता बनाए रखते थे।
पुरुषोत्तम असनोड़ा अद्भुत नैसर्गिक गुणों के कारण उन लोगों में भी सम्मान अर्जित किए हुए थे, जो उनसे वैचारिक मतभेद रखते थे। ऐसा व्यक्ति सब मित्रों के बीच सर्वप्रिय तो होगा ही। पुरुषोत्तम असनोड़ा हम मित्रों के अग्रज, हर दिल अजीज और मार्गदर्शी थे। विगत शताब्दी के उत्तरार्ध में ‘नशा नहीं, रोजगार दो आंदोलन’ और ‘पृथक राज्य आंदोलन’ की सक्रियता के चलते गैरसैंण में उनकी दुकान ‘असनोड़ा पुस्तक भंडार’ और उसके पीछे का किराए का घर सामाजिक कार्यकर्ताओं, विशेषकर उत्तराखंड संघर्ष वाहिनी से जुड़े मित्रों के लिए मुख्य पड़ाव और ठिया हुआ करता था। गैरसैंण राजधानी के लिए संघर्षरत सभी जन-संगठनों के तो वे मार्गदर्शी अभिभावक थे।
आज भी हम मित्रों के लिए गैरसैंण की मुख्य पहचान पुरुषोत्तम असनोड़ा जी से है। जब भी गैरसैंण का जिक्र होता है, उनकी जीवंत यादें स्वतः चली आती हैं।
श्रीमती लीला असनोड़ा और पुरुषोत्तम असनोड़ा जी की सुपुत्री गंगा का शुभजन्म पैतृक गांव फयाटनौला, तल्ला सिलोर पट्टी, जनपद अल्मोड़ा में 4 फरवरी 1981 को हुआ। एक साल की नन्ही आयु में गंगा का गैरसैंण आना हो गया था। असनोड़ा जी की तीन सुपुत्रियों और एक सुपुत्र में गंगा सबसे बड़ी है।
घर के बड़े होने का अहसास व्यक्ति में सर्वप्रथम पारिवारिक जिम्मेदारी का भाव सृजित करता है। स्वभाव में अभिभावकत्व आकर अपनी इच्छाओं एवं सीमाओं को संकुचित करने और संयम के साथ सबको साथ लेकर चलने की आदत बचपन से ही हो जाती है। गंगा असनोड़ा इसकी अपवाद नहीं, वरन पर्याय है।
गंगा असनोड़ा की शिक्षा-दीक्षा गैरसैंण, अहमदाबाद, लखनऊ और श्रीनगर (गढ़वाल) में हुई। नित्य-प्रतिदिन सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों से गुंजायमान पारिवारिक वातावरण ने गंगा को बचपन से ही एक व्यापक और गहन सामाजिक दृष्टि, समझ तथा अध्ययनशीलता स्वतः प्रदान की है। उसकी अध्ययनशीलता अभी भी जारी है। वर्तमान में वह एलएलबी की छात्रा के रूप में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पौड़ी से शिक्षा ग्रहण कर रही है।
गंगा असनोड़ा ने गढ़वाल विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त करने के बाद 2000 में अमर उजाला, देहरादून से अपने व्यावसायिक करियर की शुरुआत की। श्रीनगर (गढ़वाल) में अमर उजाला की ब्यूरो चीफ रहते हुए 2014 में उसने प्रबंधन की गलत और अनावश्यक दखलंदाजी का खुला विरोध करते हुए अखबारी नौकरी से विदा ले ली। पिता की निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का अनुसरण करते हुए ही यह साहस उसमें आया था।
वर्तमान में वह विगत 12 वर्षों से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में साप्ताहिक रीजनल रिपोर्टर की संपादक और श्री कम्युनिकेशन, श्रीनगर (गढ़वाल) की प्रकाशक के रूप में सक्रिय है। सामाजिक सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध गंगा असनोड़ा थपलियाल को कई संस्थाओं द्वारा समय-समय पर सम्मानित किया जाता रहा है। इनमें उमेश डोभाल स्मृति सम्मान-2022 प्रमुख है।
आज के समय में गंगा असनोड़ा की देश-प्रदेश में एक निर्भीक और बेबाक पत्रकार की पहचान है। एक ओर जहां देश में क्षेत्रीय से लेकर राष्ट्रीय मीडिया का अधिकांश हिस्सा जनविरोधी नीतियों और अन्याय को सार्वजनिक न करके सत्ता और संपत्तिवानों की चरण वंदना और चाकरी में दिखाई दे रहा है, वहीं गंगा असनोड़ा जैसे पत्रकार पूरी निष्ठा और ताकत के साथ आम जन के सामाजिक सरोकारों के लिए बुलंद आवाज बने हैं। जनपक्षीय विषयों पर गंगा असनोड़ा की लगातार बेबाक और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के सकारात्मक परिणाम मिलते रहे हैं।
उसकी निरंतर अध्ययनशीलता ने उसकी रिपोर्टिंग को प्रामाणिकता और सार्थकता प्रदान की है, जिससे समसामयिक समस्याओं के उजागर होने के साथ उनके समाधानों की ओर भी ध्यान आकृष्ट हुआ है। विशेषकर उत्तराखंड राज्य के नीति-नियंताओं, प्रशासकों, राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जन-सामान्य ने यह सहर्ष स्वीकारा है।
गंगा असनोड़ा के लिए यह पहचान और मुकाम हासिल करना आसान नहीं था। नियति ने कदम-दर-कदम कई प्रहार उसके जीवन पर किए। इससे उसकी जीने की राह और चाह कुछ समय के लिए शिथिल और विचलित हुई। परंतु विरासत में मिली व्यापक और गहन सामाजिक दृष्टि, समझ तथा अध्ययनशीलता ने गंगा को जीने का नया हौसला प्रदान किया। नियति की बनाई जीवनीय लकीर को ‘परे हट’ कहकर उससे बड़ी और मजबूत जीवन की जीवंत लकीर उसने स्वयं सृजित की है।
बहुत मुश्किल होता है उसके दुखों के बारे में कहना और लिखना, जो आपके पारिवारिक रिश्तों का हिस्सा हो। प्रिय बेटी गंगा का विवाह वरिष्ठ पत्रकार डॉ. उमाशंकर थपलियाल के सुपुत्र और होनहार पत्रकार भवानीशंकर थपलियाल से 25 नवंबर 2005 को हुआ। मात्र 10 वर्षों के बाद काल का क्रूर चक्र घूमा और उसने गंगा असनोड़ा के खुशनुमा और खुशहाल वैवाहिक जीवन को पलभर में अदृश्य कर दिया।
महाशिवरात्रि, 17 फरवरी 2015 की प्रातः भवानीशंकर और उसी दोपहर को उनके पिता उमाशंकर जी की हृदय गति रुक जाने से असमय मृत्यु हो गई थी। वह अभी इस दुख की परछाई से अलग भी न हो पाई थी कि गंगा के देवर कालीशंकर की भी 8 जून 2015 को असामयिक मृत्यु हो गई। काल की क्रूरता जारी रही और उसके पिता और हमारे अग्रज पुरुषोत्तम असनोड़ा जी 15 अप्रैल 2020 और उसकी सास श्रीमती सुशीला थपलियाल जी 2 मई 2020 को स्वर्ग सिधार गए।
मात्र 5 वर्षों में 5 परिजन, जो पारिवारिक जीवन के मूल आधार स्तंभ थे, उनके बिना अकेले ही आगे की जीवनीय राह को सुचारु करना कड़ी चुनौती थी।
यह बात सर्वविदित है कि महिलाओं के संघर्ष हर स्तर और स्थिति में दोहरे होते हैं, पुरुष की तुलना में तो कई गुना तीव्र, तीखे और त्रासदीपूर्ण। ऐसे में घर, परिवार, समाज और व्यावसायिक जीवन को साधने की चुनौती का सामना करना हर किसी के वश में नहीं होता है।
प्रिय गंगा ने बेहतर और मजबूत तरीके से साबित किया है कि जीवन में प्रियजनों की मौत से उपजी सामाजिक सहानुभूति और अकेलेपन से ज्यादा बेहतर है, जीवंत जीवन की ख्वाहिश और भरोसे के साथ जीना। इसी का परिणाम है कि गंगा असनोड़ा अपनी सुपुत्री चेतना और सुपुत्र एकाग्र के साथ सुखी जीवन निभाने एवं सफल जीविका का संचालन तथा सामाजिक सरोकारों में योगदान बखूबी कर रही है।
यह बात अलग है कि हर समय हंसती-खिलखिलाती प्रिय बेटी गंगा असनोड़ा के अंतर्मन के दुखों को जानना-समझना हर एक के लिए कठिनतम है। उसके अंतर्मन के लिए सांसारिक खुशियां दून्या मिखाइल की कविता की इन पंक्तियों की तरह हैं-
कोई दस्तक दे रहा है दरवाजे पर…
कितना निराशाजनक है यह…
कि तुम नहीं, नया साल आया है…
यह प्रसन्नता की बात है कि 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गंगा असनोड़ा थपलियाल को उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की महिला शाखा द्वारा अल्मोड़ा में ‘साधारण महिलाएं, असाधारण अनुभव’ सम्मान प्रदान किया जा रहा है।
बधाई और शुभाशीष, प्रिय बेटी गंगा…
-अरुण कुकसाल
ग्राम- चामी, पौड़ी (गढ़वाल), उत्तराखंड
