एआई चिप बनाने वाली दिग्गज अमेरिकी कंपनी एनवीडिया (NVIDIA) के बोर्ड ने जेनसेन हुआंग को फिर से कंपनी का प्रेसिडेंट, सीईओ और बोर्ड डायरेक्टर बना दिया है. यह फ़ैसला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. हुआंग ने 12 नवंबर को इस्तीफ़ा दिया था.
इस घटनाक्रम पर प्रकाश के रे की टिप्पणी:
जेनसेन हुआंग की वापसी.
अगर ऐसा नहीं हुआ होता, तो एआई का सर्कुलर फ़ाइनेंस सिस्टम टूट जाता, चिप डिज़ाइन पिछड़ जाता और चीन एवं अमेरिका के बीच सहयोग पूरी तरह टूट जाता. फ़र्ज़ी मामला बनाकर हुआंग को निपटाने की कोशिश फ़िलहाल नाकाम हो गई है.
-प्रकाश के रे
इस घोषणा के बाद सोमवार को अमेरिकी शेयर बाज़ार खुलते ही एनवीडिया का शेयर करीब 30 प्रतिशत उछल गया.
कंपनी की 23 नवंबर 2026 की प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकों के बाद सर्वसम्मति से उन्हें बहाल करने का फ़ैसला किया. बोर्ड ने कहा कि वह हुआंग की स्पष्टवादिता और एनवीडिया का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता को लेकर संतुष्ट है. फ़ैसले की प्रक्रिया में बोर्ड को अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ स्तर से भी राय मिली, जिसके आधार पर बोर्ड आश्वस्त है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई ख़तरा नहीं है.
बोर्ड के चेयर हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि बोर्ड मानता है कि जेनसेन ही एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हैं और उनकी वापसी कंपनी के शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है. उन्होंने अंतरिम सीईओ के तौर पर काम करने के लिए कोलेट क्रेस का आभार जताया, जो कंपनी की चीफ़ फ़ाइनेंशियल ऑफ़िसर बनी रहेंगी. हार्वे जोन्स बोर्ड के चेयर बने रहेंगे.
हुआंग ने कहा कि नई औद्योगिक क्रांति की शुरुआत में दुनिया की सबसे अहम टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक का नेतृत्व करने के लिए लौटना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने बोर्ड, कर्मचारियों, शेयरधारकों, उद्योग जगत और साझेदारों के साथ अपने परिवार का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह काम पर लौटने के लिए बेताब हैं.
प्रेस रिलीज़ में यह भी कहा गया है कि हाल की उन रिपोर्टों के मद्देनज़र, जिनमें कहा गया था कि हुआंग एक विदेशी ख़ुफ़िया प्रयास के निशाने पर रहे हैं, बोर्ड ने केवल स्वतंत्र निदेशकों वाली एक कमेटी बनाई थी, जिसने जांच में मदद के लिए स्वतंत्र वकील नियुक्त किए हैं. बोर्ड ने दोहराया है कि यह जांच अपने निष्कर्ष तक जारी रहेगी. हुआंग ने जांच का पूरा समर्थन करने और उसमें सहयोग करने की बात कही है.
बोर्ड ने हाल ही में व्यापार अनुपालन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की निगरानी के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक ‘नेशनल सिक्योरिटी एंड एक्सपोर्ट कंट्रोल कमेटी’ भी बनाई है. साथ ही कंपनी ‘चीफ़ कम्प्लायंस ऑफ़िसर’ के नए पद के लिए तलाश शुरू कर रही है. एनवीडिया ने कहा है कि वह जारी सरकारी जांचों में सहयोग करती रहेगी.

कहते हैं कि अकेला आदमी कुछ नहीं कर सकता… कि किसी बड़े बदलाव के लिए बहुत सारे लोगों की जरूरत होती है… पर दुनिया के कारोबार की एक खबर इस धारणा पर नए सिरे से सोचने को मजबूर करती है।
Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग की कंपनी में वापसी हो गई है।
हुआंग की वापसी की खबर आने के साथ ही कंपनी के शेयरों में करीब 30 फीसदी से ज्यादा का उछाल आ गया है और उसकी मार्केट वैल्यू में करीब 72 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हो गया है।
ज़रा सोचिए, एक व्यक्ति के नेतृत्व में भरोसा जताने भर से बाजार में इतनी बड़ी हलचल पैदा हो सकती है!
बात सिर्फ इतनी है कि किसी संस्था, संगठन या व्यवस्था में एक व्यक्ति की भूमिका कितनी निर्णायक हो सकती है।
हम अक्सर कहते हैं कि व्यक्ति से बड़ा संगठन होता है, व्यवस्था होती है, संस्थान होते हैं। लेकिन क्या हमेशा ऐसा ही होता है? क्या कुछ लोग अपनी दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता, फैसले लेने की योग्यता और अपने व्यक्तित्व से पूरी व्यवस्था की दिशा बदलने की ताकत नहीं रखते?
दरअसल, अकेला आदमी सब कुछ नहीं कर सकता, लेकिन कभी-कभी एक अकेला आदमी बहुत कुछ बदल सकता है।डिस्क्लेमर- ऊपर कही बातें जेन्सेन हुआंग के नैतिक या अनैतिक क्रियाकलापों के मूल्यांकन करने के बारे में नहीं हैं।
-मनोज मलियानिल


