Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : थाने में घुसकर पुलिस वालों को चाकू मारा और जनकपुर के लिए ट्रेन शुरू होने का प्रचार!

Hindi newspaper clipping about the Supreme Court taking action related to a suspended official and health concerns mentioned in the article.

नवोदय टाइम्स में सिंगल कॉलम की एक खबर बहुत कुछ कहती है। गोधरा ने देश की राजनीति बदल दी। उसके दोषी की सजा निलंबित हो रही है और गुजरात सरकार ने याचिका का विरोध नहीं किया। बूढ़े स्टेन स्वामी बीमार ही गिरफ्तार किए गए थे और सिपर तक के लिए तरसाए गए। जेल में ही मर गए। तरुण तेजपाल को निचली अदालत ने बरी कर दिया था, सरकार ने दबाव डालकर हाईकोर्ट से सजा दिलवाई और सुप्रीम कोर्ट में सजा बढ़ाने की अपील की है। कल भारत के मुख्य न्यायाधीश का कहा छपा था, फैसलों पर सवाल उठाएं, मगर संस्थाओं पर नहीं। तब जब चुनाव आयोग पर सवालों का जवाब नहीं है। कल ही देश को पीने का पानी मुहैया कराने वाली एक नामी संस्था के खिलाफ एफएसएसएआई के कार्रवाई की खबर थी और शाम में यह सार्वजनिक हो गया कि एफएसएसएआई सरकारी सेठ ए2 के हित में काम कर रहा हो सकता है। गजब की बेशर्मी और नंगई चल रही है, देश में। क्रोनोलॉजी समझिए।

संजय कुमार सिंह

आज की दो बड़ी खबरों में पहली खबर है, जामा मस्जिद थाने में पुलिस वालों पर हमला। 30 वर्षीय युवक नबील को एसआई अजय ने काउंसलिंग के लिए बुलाया था। घायल पुलिस वालों में अजय के साथ एसआई अरविन्द, एएसआई श्रीकृष्ण, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र और हेड कांटेबल बलजीत शामिल हैं।  इन्हें सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पैर में छह गोलियां लगी हैं और उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दैनिक भास्कर की इस खबर से स्पष्ट है कि हमला जामा मस्जिद इलाके में हुआ घायल पुलिस वाले नाम से हिन्दू लगते हैं। नबील नाम मुसलमान हो न हो, जामा मस्जिद इलाके का निवासी था तो मुसलमान ही होगा। फिर भी उसके पैरों में एक-दो नहीं छह गोलियां मारी गईं, फिर भी वह मरा नहीं है। भले इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके शिकार पुलिस वालों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देशबन्धु में इस खबर का शीर्षक है – दिल्ली में पुलिस अब अपने ही थानों में सुरक्षित नहीं।

यह सब दिल्ली की उसी पुलिस ने किया या उसी के साथ हुआ जिसने सरकार का विरोध करने वाले छात्रों-युवकों को जमकर पीटा था। पीटने के लिए कील लगी लाठियों का इस्तेमाल हुआ, पेलेट गन चले और पता ही नहीं चला कि आदेश किसने दिए थे। जब सरकार विरोधी बच्चों को पीटना मुद्दा बना तो पुलिस वालों ने प्रेस कांफ्रेंस करके और दूसरे तरीकों से बताया कि उनकी भी पिटाई हुई थी। इसमें यह भी सामने आया कि पुलिस वालों में कुछ गुंडे-लठैत भी थे। इनके बिना वर्दी में और फर्जी वर्दी में होने की भी चर्चा है। ऐसी स्थिति में वर्दी वाले पुलिसियों पर थाने में कोई थाने में हमला कर दे, सामान्य नहीं है। पीछा करने वाले भी घायल हो जाएं – नालायकी है। पर खबर एक सामान्य घटना की रिपोर्ट लग रही है जबकि यह शासन-व्यवस्था और प्रशासन की कमजोरी है। इसका कारण रिपोर्टिंग की कमजोरी भी है। खबरों का संपादन करते समय हमलोग कोशिश करते थे हमलावर और आरोपी अलग धर्म के हैं तो पहचान नहीं बताई जाए। पुलिस वालों को भी निर्देश होता है कि आत्मरक्षा में या अपराधी को काबू करने के लिए गोली चलाएं तो पैरों में लगे और कमर से ऊपर गोली न लगे। लेकिन अब मुठभेड़ पूर्व नियोजित और स्क्रिप्ट के अनुसार होती है अमूमन धर्म विशेष के अपराधी उड़ा ही दिए जाते हैं पर इस मामले में आरोपी मरा नहीं है और गोली पैर में लगी है तो मामला कुछ अलग लगता है। पुलिस वालों का घायल होना वैसे ही असामान्य है तो कुछ खास ही हुआ। उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल किए जाने के बारे में भी अभी कुछ विशेष जानकारी नहीं है। खबर के भिन्न और विशेष पहलुओं पर कुछ नहीं है।

आज की दूसरी बड़ी खबर अमर उजाला में भी है। मुख्य शीर्षक है, अयोध्या से जनकपुर तक ट्रेन शुरू, नेपाल को पुनर्निर्माण के लिए 15,000 करोड़। खबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की मुलाकात तथा आठ समझौते होने की है। शीर्षक में ‘ट्रेन शुरू’ सिर्फ अमर उजाला में है। हालांकि, इस मामले में हिन्दी अखबारों की बात कुछ अलग ही है। नवोदय टाइम्स की लीड का शीर्षक है, मोदी बोले – भारत नेपाल संबंध अटूट विश्वास का। देशबन्धु में लीड का शीर्षक नेपाल के प्रधानमंत्री का यह कहना है कि भारत सबसे भरोसेमंद पड़ोसी है। भारत के प्रधानमंत्री ने इस रिश्ते को अटूट बताया है। लेकिन दोनों देशों के संबंध अब पहले जैसे नहीं हैं। नेपाल के साथ भारत के संबंध शुरू से विशेष रहे हैं और बिना पासपोर्ट आना-जाना होता रहा है। नेपाल के लोग यहां नौकरी में भी हैं। चूंकि बिना पासपोर्ट आना जाना था, वे यहां रहते और नौकरी करते ही हैं तो उनके साथ कोई अलग व्यवहार नहीं होता था। अब जब मुसलमानों को ही परेशान किया जा रहा है और घुसपैठियों को बाहर करने के नाम पर एसआईआर हुआ तो विदेशी नागरिकों में नेपाली भी मिले। जाहिर है, यह सब उन्हें अच्छा नहीं लगा होगा और बुरा न लगे इसके लिए भारत ने कुछ किया हो तो उसकी जानकारी नहीं है।

दैनिक भास्कर ने आज पुलिस वालों पर हमला और नेपाल को सहायता की इन दोनों खबरों को बराबर महत्व दिया है। अंग्रेजी अखबारों में भी नेपाल की खबर को ज्यादा महत्व दिया गया है लेकिन एक व्यक्ति थाने में पुलिस वालों पर हमला करने की हिम्मत करता है, रोकने की कोशिश करने वालों को भी जख्मी कर देता है लेकिन पुलिस उसके पैर में गोली मारती है, कहा है कि वह मानसिक रूप से स्वस्थ है तो जरा सी बात पर जान से मार दिए जाने वाले अपराधी कौन होते हैं और उन्हें क्यों झेला जाता है? आज इस खबर के कई नए और अलग पहलुओं पर रोशनी डालने की जरूरत थी। इसी तरह नेपाल से संबंध सामान्य नहीं थे और उन्हें सामान्य करने की शुरूआत की जा रही लगती है। लेकिन खबरों से ऐसा नहीं लगता है। ऐसा शीर्षक द टेलीग्राफ का है।

दि इंडियन एक्सप्रेस के शीर्षक में ट्रेन शुरू होने या झंडी दिखाए जाने भर से अलग और विशेष शीर्षक है …, both PMs flag people ties। इसका अर्थ लोगों के संबंधों को महत्व दिया या रेखांकित किया भी हो सकता है। दि इंडियन एक्सप्रेस ने फ्लैग शीर्षक में हिन्दी शब्दों, विकसित भारत और सम्मुनत नेपाल के बीच अंग्रेजी के एंड का इस्तेमाल किया है। इससे लगता है कि यह खबर प्रधानमंत्री की विशेष दिलचस्पी वाली हो सकती है। शायद इसीलिए शीर्षक प्रधानमंत्री का प्रचार करने वाला है। उदाहरण के लिए, टाइम्स ऑफ इंडिया की लीड का शीर्षक हिन्दी में इस तरह होगा, प्रधानमंत्री ने बालेन से मुलाकात की, 15,000 करोड़ रुपए के इको पैकेज की पेशकश।

हिन्दुस्तान टाइम्स की लीड का शीर्षक है, प्रधानमंत्री ने बालेन के दौरे के दौरान 1.6 बिलियन डॉलर के नेपाल प्लान की घोषणा की। द हिन्दू की लीड का शीर्षक है, भारत ने बाढ़ प्रभावित नेपाल को 15,000 करोड़ रुपये की सहायता राशि पेश की। नेपाल के प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद, मोदी ने अगस्त में आई भीषण बाढ़ के प्रति संवेदना व्यक्त की; उन्होंने कहा कि यह धनराशि पड़ोसी देश को ‘मजबूत’ करेगी; भारत ने सीमा मुद्दों पर ‘अग्रणी’ दृष्टिकोण को दोहराया। दि एशियन एज का शीर्षक हिन्दी में कुछ इस तरह होगा, भारत ने 15 हजार करोड़ की नेपाल विकास सहायता की घोषणा की, आठ करार किए। इस खबर के दो फ्लैग शीर्षक हैं। इनमें एक अयोध्या जनकपुर ट्रेन के उद्घाटन की खबर देता है और सीमा पर एक पुल के उद्घाटन की सूचना देता है। मुझे लगता है कि आज की खबरों को इतना महत्व प्रधानमंत्री मोदी को महान बनाने की कोशिशों का हिस्सा है। जनकपुर तक ट्रेन शुरू, ऐसी ही खबर है। असल में यह भारत-नेपाल संबंधों को फिर से पहले जैसा करने की कोशिश की शुरुआत या जरूरी उपाय है। द टेलीग्राफ की खबर का शीर्षक ऐसा ही है – भारत, नेपाल ने संबंधों को फिर से दुरुस्त करने की शुरुआत की (रीसेट बटन दबाया)।

दैनिक भास्कर की खबर के अनुसार, नबील को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था और चाकू मार कर भाग रहे नबील ने पीछा करने वाले चार पुलिसकर्मियों को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। जाहिर है पुलिस वाले इस हमले के लिए तैयार नहीं थे और यह पेशेवर शैली नहीं हो सकती है। आरोपी के पैरों में छह गोलियां लगी हैं से पता चलता है कि पुलिस वालों को उसपर गुस्सा नहीं था या उसे जिन्दा रखने की कोई मजबूरी। तभी पुलिस ने आत्मरक्षा में और उसे काबू करने के लिए आठ गोलियां चलाईं। वरना बड़े-बड़े तीसमारखां आत्म हत्या कर लेते हैं या कैसे मरे – पता ही नहीं चला। ना तो वह स्थिति सही है ना यह – पर बदलाव बड़ा है और खबर उसकी नहीं है। जाहिर है, यह सत्तारूढ़ दल बदलने के कारण हो सकता है। वरना पुलिस वाले तो वही हैं जो पहले होते थे। पुलिस सुधार का बकाया, लंबित और जरूरी काम भी नहीं हुआ है।

जब देश, समाज, सरकार और प्रशासन की यह हालत है तब सुप्रीम कोर्ट चाहता है और अखबारों में छपा है कि दिल्ली में केवल बीएस 6 वाहन चलें। कहने की जरूरत नहीं है कि वाहनों से प्रदूषण काफी कम हुआ है और वह काफी महंगा है। दूसरी तरफ प्रदूषण के तमाम कारण हैं। दूर, पंजाब में पराली जलना या जलाया जाना भी इसका कारण बताया जाता है। ऐसे में दिल्ली में सिर्फ बीएस-6 वाहन चलने देने से एनसीआर के लोगों को भारी दिक्कत होगी और यह अभी ही कम नहीं है। इसलिए सुप्रीम कोर्ट की यह चिन्ता भी पहले पन्ने की खबरों में है। टाइम्स ऑफ इंडिया,  द हिन्दू और दूरे अखबारों की खबर के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से कहा है कि 22 लाख नामों को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। खबर के अनुसार 38 लाख अपील लंबित हैं, और ट्रिब्यूनल की जरूरत है। जाहिर है कि सुप्रीम कोर्ट चुनाव आयोग को यह पवित्र गाय मान रहा है और हटाए गाए लाखों नामों को सीधे बहाल करने के लिए नहीं कह रहा है। और ट्रिब्यूनल की जरूरत बता रहा है जबकि ट्रिब्यूनल से जो हुआ वह सर्वविदित है।  

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास