टीवी पत्रकार और चर्चित एंकर मनोज्ञा लोईवाल को NDTV ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। चैनल ने उन्हें Executive Editor और Anchor के पद पर पदोन्नत किया है। इससे पहले वह NDTV में Senior Editor एवं Anchor के तौर पर कार्यरत थीं।
दो दशक से अधिक लंबे पत्रकारिता करियर में मनोज्ञा लोईवाल ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई अहम घटनाओं की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा, चुनाव, आपदा, विदेश नीति और सामाजिक मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग को व्यापक सराहना मिली है।
NDTV से पहले मनोज्ञा ABP News में Editor (Special Projects) एवं Anchor के रूप में कार्य कर चुकी हैं। इससे पहले वह India Today Group और Aaj Tak के साथ जुड़ी रहीं, जहां उन्होंने पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर और बांग्लादेश से कई महत्वपूर्ण रिपोर्टें कीं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की थी। इसके अलावा वह Network18 और NewsX जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
मनोज्ञा लोईवाल को कोविड-19 महामारी के दौरान चीन के वुहान से लाइव रिपोर्टिंग करने वाली एशिया की पहली पत्रकारों में गिना जाता है। उन्होंने डोकलाम विवाद, रोहिंग्या संकट, नेपाल भूकंप, चक्रवात अम्फान, बालासोर ट्रेन हादसा, लोकसभा और विधानसभा चुनावों सहित भारत-चीन सीमा से जुड़े कई संवेदनशील घटनाक्रमों की भी जमीनी रिपोर्टिंग की है।
अपने करियर में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिनेता अमिताभ बच्चन समेत कई प्रमुख हस्तियों के इंटरव्यू किए हैं।
नई दिल्ली। उधर दूसरी तरफ एंकर विवेक शुक्ला ने NDTV के साथ अपनी नई पारी शुरू कर दी है। वह हाल ही में विस्तार न्यूज (Vistar News) से इस्तीफा देकर NDTV से जुड़े हैं।

विस्तार न्यूज में विवेक शुक्ला आउटपुट ऑपरेशंस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही वह एंकरिंग टीम का नेतृत्व करने के अलावा चैनल की कंटेंट प्लानिंग और बड़े राजनीतिक आयोजनों, चुनावी कवरेज, कॉन्क्लेव तथा हाई-प्रोफाइल इंटरव्यू की रणनीति तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा रहे थे।
करीब 12 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव वाले विवेक शुक्ला इससे पहले News18 Madhya Pradesh–Chhattisgarh, IBC24, Swaraj Express SMBC, Kashish News और Bansal News जैसे मीडिया संस्थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने एंकरिंग के साथ-साथ आउटपुट और संपादकीय जिम्मेदारियां भी निभाई हैं।
तेज-तर्रार एंकरिंग और राजनीतिक मामलों की गहरी समझ के लिए पहचान रखने वाले विवेक शुक्ला के NDTV से जुड़ने को चैनल की संपादकीय टीम के लिए एक अहम नियुक्ति माना जा रहा है। उनकी नई पारी को लेकर मीडिया जगत के सहयोगियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



