नई दिल्ली। भारतीय पत्रकारिता जगत के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। वरिष्ठ पत्रकार शिवांगी सक्सेना ने जर्मनी के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान डॉयचे वेले (Deutsche Welle) की हिंदी टीम में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल ली है।
अपनी नई पारी की जानकारी साझा करते हुए शिवांगी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह बताते हुए बेहद उत्साहित हूं कि इस महीने मैंने जर्मनी में डॉयचे वेले की हिंदी टीम के साथ मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के रूप में नई भूमिका शुरू की है। इस अवसर के लिए मैं आभारी हूं और प्रभावशाली कहानियां कहने, दर्शकों से जुड़ने तथा प्रामाणिक पत्रकारिता में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”
शिवांगी सक्सेना इससे पहले दैनिक भास्कर की नेशनल रिपोर्टिंग टीम में बतौर सीनियर रिपोर्टर कार्यरत थीं। राष्ट्रीय महत्व के कई मुद्दों पर उनकी रिपोर्टिंग को सराहा गया है। मैदानी पत्रकारिता में उनकी पकड़ और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर संवेदनशील रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है।
उन्होंने अपनी पत्रकारिता की यात्रा में न्यूज़लॉन्ड्री और गांव कनेक्शन जैसे संस्थानों के लिए भी काम किया है। इन दोनों संस्थानों में रहते हुए उन्होंने जमीनी मुद्दों, ग्रामीण भारत और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग की।
शिवांगी ने सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी की है। प्रिंट, डिजिटल और फील्ड रिपोर्टिंग का विविध अनुभव रखने वाली शिवांगी की यह नई अंतरराष्ट्रीय पारी उनके पेशेवर जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है।
डॉयचे वेले दुनिया के प्रमुख सार्वजनिक अंतरराष्ट्रीय प्रसारण संस्थानों में से एक है और हिंदी सहित कई भाषाओं में वैश्विक मुद्दों पर पत्रकारिता करता है। ऐसे में शिवांगी सक्सेना का इस संस्थान से जुड़ना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारतीय पत्रकारिता की युवा प्रतिभाओं के वैश्विक मंचों तक पहुंच बनाने का भी एक सकारात्मक उदाहरण है।


