ज्ञानप्रकाश गिरि- युग बदल गए, पंचांग बदल गए, वाई-फाई की स्पीड 5G से 6G हो गई, लेकिन पुरुषों को धराशायी करने का ब्रह्मास्त्र आज भी वही पुराना वाला है- ‘दो नैन और एक अदा’।
इतिहास गवाह है कि जब-जब मर्दों के पास बहुत सारी शक्ति, अमृत या आधुनिक तकनीक आई है, तब-तब प्रकृति ने उनके इस अहंकार को तोड़ने के लिए सुंदरियों का अवतरण कराया है।
समुद्र मंथन का ही किस्सा ले लीजिए। मेहनत असुरों ने की, लेकिन जब अमृत निकला तो देवताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। तब भगवान विष्णु को खुद ‘मोहिनी अवतार’ यानी लेडीज गेटअप लेना पड़ा। असुर अमृत पीना भूलकर मोहिनी के ठुमकों में ऐसे उलझे कि देवताओं ने सारा अमृत गटक लिया। यानी भगवान ने भी मान लिया कि कूटनीति से ज्यादा ‘सौंदर्य नीति’ काम आती है।
यही फार्मूला आगे चलकर देवराज इंद्र ने भी अपनाया। जब भी कोई ऋषि-मुनि एक पैर पर खड़े होकर तपस्या शुरू करता और इंद्र का सिंहासन हिलने लगता तो इंद्र का ब्लड प्रेशर हाई हो जाता था। वह तुरंत अपनी ‘एचआर टीम’ (उर्वशी, रंभा, मेनका) को बुलावा भेजते। फिर आदेश देते- “जाओ, वाई-फाई जैमर लगाओ और तपस्या भंग करो।” बेचारी मेनका को तो विश्वामित्र जी की तपस्या तुड़वाने के लिए बाकायदा पारिवारिक जीवन तक में उतरना पड़ गया था।
महाभारत काल में तो भीष्म पितामह जैसे भीष्म-प्रतिज्ञा वाले ताऊजी को रास्ते से हटाने के लिए शिखंडी (जो पूर्व जन्म में अंबा थीं) को आगे किया गया। यानी पांडव सेना जानती थी कि ऐसे बुजुर्ग पराक्रमी को सीधे बाणों से गिराना नामुमकिन है, इसलिए भावनात्मक और वैचारिक मोर्चे पर ही सेंध लगानी पड़ेगी।
चाणक्य की विषकन्याओं के बारे में तो पूछिए ही मत। उन्होंने तो बाकायदा ‘जहरीले सौंदर्य’ की टीम तैयार कर रखी थी। बचपन से कन्याओं को थोड़ा-थोड़ा आर्सेनिक खिलाकर उन्हें ऐसा ‘वॉकिंग टाइम बम’ बना दिया जाता था कि दुश्मन राजा बस एक बार गले मिले और खेल ख़त्म। चाणक्य ने साबित कर दिया कि कूटनीति सिर्फ दिमाग से नहीं, कई बार खूबसूरती के रास्ते भी चलती है।
ले-देकर बात यह है कि सदियों से यही नियम चलता आ रहा है। ‘अक्ल बड़ी या भैंस’ की तर्ज पर हमेशा ‘अक्ल बड़ी या रूपसी’ का मुकाबला होता रहा है और हर बार अक्ल औंधे मुंह गिरी है।
हालांकि, ज़माना बदल चुका है। अब देवता और असुर नहीं लड़ते। अब टेक कंपनियां लड़ती हैं। यहीं से एंट्री होती है अमेरिका की उस मशहूर एआई चिप कंपनी के ‘बुढ़ऊ सीईओ’ की। दुनिया जानती है कि सिलिकॉन वैली के ये बुजुर्गवार आज के आधुनिक ‘कुबेर’ हैं। इनकी बनाई एआई चिप्स सोने के भाव बिक रही हैं।
चीन वाले पिछले कई वर्षों से अपनी पलकें बिछाए बैठे थे कि कैसे भी वह चिप बनाने की टेक्नोलॉजी हाथ लग जाए। उन्होंने अमेरिकी संसद में लॉबिंग की, जासूस भेजे, हैकर्स लगाए, पर हाथ कुछ नहीं आया।
तभी किसी चतुर चीनी रणनीतिकार ने इतिहास के पन्ने पलटे और चाणक्य तथा इंद्र के फॉर्मूले को री-स्टार्ट किया। उन्होंने तुरंत एक ‘आधुनिक मोहिनी’ को सेट किया और उसे सीधे बुढ़ऊ सीईओ के कॉरपोरेट केबिन में उतार दिया।
उधर बुढ़ऊ सीईओ अपनी अरबों की कंपनी और अत्याधुनिक एल्गोरिदम पर इतरा रहे थे, इधर सुंदरी ने दो बार पलकें झपकाईं और कॉरपोरेट प्रेज़ेंटेशन के बीच में ही सीईओ साहब का दिल ‘बफरिंग’ करने लगा। सुंदरी ने प्यार से पूछा, “डार्लिंग, ये अपने चिप्स का ब्लूप्रिंट थोड़ा मेरे लैपटॉप पर भी ब्लूटूथ से भेजना।”
बुढ़ऊ ने प्यार के खुमार में ऐसा ‘ड्रैग एंड ड्रॉप’ मारा कि पूरी कंपनी की टेक्नोलॉजी चीन के सर्वर पर सीधे अपलोड हो गई! अब चीन वाले उसी चिप को धड़ाधड़ बना रहे हैं और बहुत जल्द बाज़ार में ऐसी सस्ती चिप्स आ सकती हैं।
इधर बुढ़ऊ साहब अपनी टूटी हुई एआई और जवानी की यादों के साथ कॉरपोरेट ऑफिस में गमगीन बैठे हैं। इस पूरी गाथा से आज के मालदार और प्रभावशाली पुरुषों के लिए एक ही सबक निकलता है- सावधानी हटी, चिप्स बंटी!
इसलिए, यदि आप भी करोड़पति हैं, स्टार्टअप चला रहे हैं, या आपके पास कोई दुर्लभ टेक्नोलॉजी है और अचानक कोई हसीना आपकी पोस्ट पर दिल भेजने लगे या आपके साथ कॉफी पीने की जिद करे तो तुरंत समझ जाइए कि मामला समुद्र मंथन या इंद्र के स्वर्गलोक जैसा गंभीर है। बहुत फूंक-फूंक कर कदम रखिए, वरना एक प्यारी सी मुस्कान आपका ऐसा ‘सिस्टम अपडेट’ करेगी कि आपकी पीढ़ियां रद्दी के भाव बिक जाएंगी। इतिहास खुद को दोहरा नहीं रहा, इस बार सीधे चिप्स चुरा रहा है!
(डिस्क्लेमर: यह लेख विशुद्ध रूप से एक हास्य-व्यंग्य है। इसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति, कंपनी या लिंग विशेष की भावनाओं को आहत करना नहीं है, यह केवल ऐतिहासिक संदर्भों और वर्तमान कॉरपोरेट चर्चाओं का एक हल्का-फुल्का कटाक्ष है।)
इसे भी पढ़ें-



