रणबीर कपूर-यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के निर्माताओं ने फिल्म क्रिटिक कमाल आर. खान (KRK) को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस फिल्म से जुड़ी कंपनी गॉडपावर मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मुंबई की लॉ फर्म Anand & Naik ने भेजा है। KRK ने इस नोटिस की तस्वीर खुद X पर साझा की है।
नोटिस में क्या आरोप
ईमेल से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि KRK ने X, YouTube और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर गॉडपावर मीडिया और फिल्म ‘Namit Malhotra’s Ramayana’ के खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोप प्रकाशित और प्रसारित किए। नोटिस के मुताबिक इससे कंपनी और फिल्म की प्रतिष्ठा और साख को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया।
लॉ फर्म ने KRK से ईमेल और उसके साथ भेजे गए नोटिस की प्राप्ति की पुष्टि करने को कहा है। साथ ही आगे के किसी भी पत्राचार में ईमेल में दर्ज सभी आईडी शामिल रखने का अनुरोध किया है। नोटिस में KRK के X, YouTube, Instagram और Facebook हैंडल का भी जिक्र है।
KRK का पलटवार
नोटिस साझा करते हुए KRK ने दावा किया कि 2000 करोड़ की फिल्म बनाने वाला प्रोड्यूसर एक क्रिटिक की आलोचना नहीं झेल पाया। उन्होंने लिखा कि सैकड़ों पेड क्रिटिक्स फिल्म की तारीफ कर रहे हैं, जबकि उन्होंने इसे “क्रैप फिल्म” बताया था। अपने पोस्ट में KRK ने नमित मल्होत्रा के लिए अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।
फिल्म का बैकग्राउंड
रामायण: पार्ट 1 पांच नवंबर 2026 को रिलीज हुई। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। पार्ट-1 का बजट करीब 2000 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि दोनों हिस्सों का कुल बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये है। इसे भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा (DNEG/Prime Focus) और यश हैं।
रिलीज के बाद मेकर्स ने थिएटर में अनधिकृत रिकॉर्डिंग और क्लिप्स शेयर करने के खिलाफ भी बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कानूनी चेतावनी जारी की थी। हालांकि KRK को भेजा गया नोटिस मुख्य रूप से उनकी आलोचना और कथित मानहानि से जुड़ा है।
संजय शर्मा बोले- नोटिस ने सब साबित कर दिया
4PM News Network के एडिटर-इन-चीफ संजय शर्मा ने KRK का पोस्ट कोट करते हुए X पर लिखा कि नमित मल्होत्रा ने नोटिस देकर साबित कर दिया है कि रामायण सुपर फ्लॉप ही साबित होगी। उनके मुताबिक जिस दिन ट्रेलर पर “नफरती चिंटू” इकट्ठा किए गए थे, उसी दिन फिल्म का भविष्य तय हो गया था। फिल्म पर संजय शर्मा ने अपनी राय विस्तार से भी रखी:
रामायण बनाने निकले थे, हजारों करोड़ की खिचड़ी बना डाली! अब PR और नफरती एंकर भी नैया पार नहीं लगा पा रहे!
न राम के किरदार में वह तेज, न रावण में वह रौब! न अभिनय में दम, न कहानी में जान। संगीत ऐसा कि भजन की जगह गजल की महफिल सजा दी! VFX का ऐसा ढोल पीटा मानो हॉलीवुड को पछाड़ देंगे, लेकिन मुझे तो वह भी फीका लगा।
ऊपर से टिकट इतने महंगे कि परिवार के साथ फिल्म देखने में जेब ढीली हो जाए!
निर्माताओं को लगा कि नफरत परोसने वाले टीवी एंकरों को बुलाकर हिंदुओं को खुश कर देंगे। अरे भाई, रामभक्त होना और नफरत का ग्राहक होना एक बात नहीं है!
मुंबई में कुछ फिल्म समीक्षकों का कभी बड़ा नाम रहा होगा। आज सवाल यह है कि कहीं पांच सितारों की चमक के पीछे शराब की बोतलों वाली खातिरदारी तो नहीं? ऐसे समीक्षकों की फौज खड़ी करके फिल्म हिट नहीं होती!
PR से पांच स्टार मिल सकते हैं, पांच सौ करोड़ के टिकट नहीं बिकते!
रामायण आस्था है, किसी निर्माता की कमाई की गारंटी नहीं।
राम के नाम पर फिल्म बेचने निकले थे, लेकिन भूल गए कि दर्शक श्रद्धा से टिकट खरीद सकता है, बेकार फिल्म की तारीफ नहीं!
– संजय शर्मा, एडिटर-इन-चीफ, 4PM News Network

