नीरेंद्र नागर
यह तो हम जानते ही थे कि भारत सरकार फ़िल्मी कलाकारों और स्टार खिलाड़ियों को मोदी के समर्थन में लिखी-लिखाई स्क्रिप्ट भेजती है और वे उन्हें मोदीभक्ति में या दबाव में, पैसे लेकर या फ़्री में X पर श्रद्धाभाव से पोस्ट कर देते हैं। लेकिन हमें यह नहीं पता था कि विदेशी नेताओं के मोदी के समर्थन में पोस्ट भी इसी तरह लिखवाए जाते हैं और उसके लिए बाक़ायदा विदेशी फ़र्मों को पैसा दिया जाता है।
हाल ही में यह भंडाफोड़ हुआ कि अमेरिका की ऐसी ही एक फ़र्म ने इस साल जून में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से प्रधानमंत्री मोदी के पक्ष में सोशल मीडिया पर लिखवाया। इसके अलावा भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच फ़ोन वार्ताएँ करवाने के लिए भी भारत सरकार ने एक और फ़र्म को पैसे दिए।
यानी पैसे देकर लिखवाया जा रहा है और पैसे ही देकर बातचीत करवाई जा रही है और संदेश यह दिया जा रहा है कि दुनिया भर में मोदी जी का डंका बज रहा है। शायद बाक़ी देशों के नेताओं से भी पैसे देकर ही मोदी या सरकार समर्थक बयान दिलवाए जाते होंगे।
ख़ैर, इस पोस्ट का मक़सद मोदी सरकार के प्रचार तंत्र की पोल खोलना नहीं है बल्कि उस काम के नाम पर बात करना है जिसे अंग्रेज़ी में Lobbying कहा जाता है। Lobbying का मतलब है किसी राजनेता या सरकार को किसी मुद्दे पर सहमत कराने का प्रयत्न करना।
हिंदी अख़बारों को इसके लिए कोई शब्द नहीं मिला तो वे इसी को चला रहे हैं, लेकिन लिप्यंतर ग़लत कर रहे हैं। वे इसे लॉबिंग लिख रहे हैं जबकि इसका सही उच्चारण है लॉबिइंग।
कारण यह कि Lobbying में Lobby और ing के मिलने से y ग़ायब नहीं होता – न स्पेलिंग में, न उच्चारण में। इसीलिए इसका उच्चारण होगा – लॉबी+इंग = लॉबिइंग।
आप टोक सकते हैं कि लॉबी+इंग के मिलने से तो लॉबीइंग होना चाहिए, लॉबिइंग क्यों हो रहा है। इसका जवाब पाने के लिए आपको Lobby के अंत में आने वाले y का उच्चारण समझना होगा।
Lobby के अंत में जो y है, उसे हम हिंदी में भले ही ‘ई’ लिखते हैं लेकिन उसका उच्चारण न ‘इ’ जैसा है, न ‘ई’ जैसा। वह दोनों के बीच का उच्चारण है जिसे हम ‘मँझली इ’ कह सकते हैं। लेकिन ऐसी कोई मात्रा हिंदी में नहीं है इसलिए कोई इसके लिए ‘इ’ लिखता है, कोई ‘ई’। मसलन ऑक्सफ़र्ड और बुल्के के शब्दकोशों में इसे ‘इ’ लिखा जाता है (वे Lobby का उच्चारण लॉबि लिखते हैं) लेकिन आम प्रचलन में लॉबी ही लिखा जाता है।
हिंदी में इस उच्चारण के लिए यह नियम अपनाया गया है कि यह ध्वनि अगर शब्द के अंत में है तो उसे ‘ई’ लिखा जाए (Lobby=लॉबी, Baby=बेबी, Many=मेनी आदि) परंतु अगर यह ध्वनि शब्द के बीच आए तो उसे ‘इ’ लिखा जाए। जैसे Carry को कैरी लिखा जाता है लेकिन Carrier को कैरिअर/कैरियर, हालाँकि Carry (kæri) और Carrier (kæriə) – दोनों में ही y और i का समान उच्चारण है – मँझली इ (i) का।
तो जिस तरह से कैरी मगर कैरियर, वैसे ही लॉबी मगर लॉबिइंग।
ऐसा ही एक और मिलता-जुलता शब्द है Skiing जो Ski (स्की) से बना है। उसे हिंदी मीडिया में आम तौर पर स्कीइंग ही लिखा जाता है, लेकिन NDTV हिंदी, जनसत्ता, इंडिया टीवी की कुछेक ख़बरों में मुझे स्कींग भी मिला जो कि बिल्कुल ग़लत है।
यह शब्दचर्चा लिखते समय मुझे विष्णु खरे याद आ गए जिन्होंने बहुत साल पहले मुझे Lobbying का उच्चारण बताया था। उन्होंने ही Colony के बारे में बताया था कि उसका उच्चारण कॉलोनी नहीं, कॉलनी (कॉल्अनी) होता है। शायद तभी से मेरे मन में अंग्रेज़ी शब्दों के उच्चारण और उनके नियमों को समझने का बीज पड़ गया। आज मैं इस विषय में जो भी जानता-समझता हूँ, उसमें उनका प्रमुख श्रेय है।

