-बालेश्वर त्यागी-
जब मैं बेसिक शिक्षा मंत्री था, तब एक वरिष्ठ अधिकारी ने मुझे सुझाव दिया कि अपने गृह जनपद में ऐसा बेसिक शिक्षा अधिकारी रखो जो आपके बताए सारे काम करे, काम न करने पर सार्वजनिक रूप से फटकार सुन सके और काम तो करे ही, विनम्र भी रहे. मैंने उनसे पूछा कि चाहे वह ईमानदार न हो? उन्होंने उत्तर दिया कि इस पर तो समझौता करना पड़ेगा.
प्रशासन व्यवस्था में यही कठिनाई है. जो ईमानदार अधिकारी है, वह सभी काम नहीं कर सकता, फटकार नहीं सुन सकता और अपवाद को छोड़कर अधिकतर में विनम्रता भी नहीं होती. अति विनम्रता तो मैंने किसी ईमानदार अधिकारी में देखी ही नहीं. मैंने गृह जनपद में जिसे अधिकारी नियुक्त कराया, उसमें सबसे पहली प्राथमिकता पर उसकी ईमानदारी देखी.
आजकल राजशाही तो नहीं है, लोकतंत्र है. चुने हुए प्रतिनिधि सत्ता का संचालन करते हैं. एक तरह से वे उसी भूमिका में होते हैं. राजा का सबसे बड़ा गुण न्यायप्रियता का है. न्याय व्यवस्था का मूल ही नियमों के अनुसार कार्य करना है. जब भी कोई नियम विरुद्ध काम करता है, प्रभावित पक्ष न्यायालय की शरण लेता है और न्यायालय से अपने पक्ष में निर्णय लेता है.
सभी ईमानदार अधिकारी अच्छे होते हैं, मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं. उनमें भी चार श्रेणियां हैं. एक, जो कार्य नियमानुसार होना है वह होना ही चाहिए, और साथ में समस्या को सहानुभूतिपूर्वक देखना. दूसरे, जिनमें सहानुभूति का अभाव होता है, बस नियम में है तो ठीक, नहीं तो नहीं. तीसरे, ना करो ना डरो. और चौथे, हर सिफ़ारिश में नकारात्मकता देखना और अपने अहम को संतुष्ट करने के लिए उसे मुद्दा बनाना. खराब शब्दों में उन्हें पंगेबाज कह सकते हैं. मेरा मानना है कि प्रशासन में अभी भी प्रथम श्रेणी के अधिकारी ठीक-ठाक संख्या में हैं, इसलिए व्यवस्था का ठीक से संचालन हो पा रहा है.
हमारी कठिनाई यह है कि हम घर में पोंछा लगाने, बर्तन मांजने, झाड़ू लगाने के लिए ईमानदार, दयानतदार और कर्मठ व्यक्ति चाहते हैं. और जब अपने ऊपर शासन करने वाले को चुनने के लिए वोट देने जाते हैं, तो उसकी ईमानदारी, दयानतदारी और कर्मठता कुछ नहीं देखते. तब हम जाति देखते हैं, गोत्र देखते हैं, धर्म देखते हैं, अगड़ा-पिछड़ा देखते हैं, उसकी आर्थिक स्थिति देखते हैं. हम भूल जाते हैं कि कबीर दास ने कहा है- बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होय?
हमारे समाज में दोहरे मानक हैं. जिसका काम है, वह चाहता है कि उसका काम होना चाहिए, वह नियम-कानून को नहीं समझता. और जिसका काम नहीं है, वह चाहता है कि सारी व्यवस्थाओं का संचालन नियम से हो.
गाजियाबाद में रेलवे रोड पर नगर पालिका ने दुकानदारों को दुकानें आवंटित कीं. अधिकतर का काम अच्छा चला. कुछ समय बाद जब अतिक्रमण हटाओ अभियान चला तो उन्हें हटा दिया गया. जो लोग स्टेशन जाते थे, उन्हें चौड़ी सड़कें अच्छी लगीं. यातायात में सुविधा हो गई. उन्होंने इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की, लेकिन जिनका कारोबार चला गया, वे दुखी हुए. जिस दिन चुनाव हुआ, उस दिन सड़क से गुजरने वाले तो सुबह 8 बजे ही अपनी नौकरी पर दिल्ली चले गए. और जिसका रोजगार गया था, वह हरवाने के लिए बूथ पर खड़ा था.
इस संबंध में अपना अनुभव साझा करता हूं. उस समय प्रदेश में बीटीसी की परीक्षा में चयन के लिए प्रत्येक जनपद में 50 की संख्या निर्धारित थी. पार्टी के मंडल अध्यक्ष एक व्यक्ति को लेकर आए और बोले कि इसकी बहन ने बीटीसी की परीक्षा दी है, इसे पास कराओ. मैंने उन्हें बताया कि इस बार कॉपियों की जांच कंप्यूटर से होगी, उसमें कोई मदद नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि आप तो विभाग के मंत्री हैं, आप कहेंगे तो अधिकारी क्या नहीं कर देंगे.
मैंने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि कंप्यूटर से जांच में कोई सहायता नहीं हो सकती, लेकिन वे सहमत नहीं हुए. मैंने कहा कि मैं इसमें कोई सहायता नहीं कर सकूंगा. इस परीक्षा में केवल 50 बच्चियों का चयन होना है. इसलिए एक बच्ची को पास कराने के लिए किसी ऐसी बच्ची को फेल कराना पड़ेगा, जिसकी कोई सिफारिश नहीं है. मैं ऐसा चाहकर भी नहीं कर सकता. वे मुझे भला-बुरा कहकर चले गए.
ऐसा ही एक प्रकरण पुलिस में सब इंस्पेक्टर की भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा का था. मेरे एक अच्छे कार्यकर्ता के छोटे भाई ने परीक्षा दी थी. उन्होंने मुझसे सहायता की अपेक्षा की. सच कहूं तो मैं चाहता था कि उसकी कोई सहायता कर पाऊं. मैंने संबंधित अधिकारी से कहा भी, लेकिन उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कंप्यूटर से होने के कारण उन्होंने असमर्थता प्रकट कर दी. आंसर शीट बदलने के लिए मैं नहीं कह सकता था और वह अधिकारी भी मेरे कहने से आंसर शीट बदलने वाले नहीं थे.
वे कार्यकर्ता सच में बड़े अच्छे हैं. चुनावों में जब मैं उनके घर गया, तब उन्होंने अपने पड़ोसी को भी बुला लिया, जो संभवतः इस प्रकरण को लेकर मुझे ऊलजलूल कहता था. उसने कहा कि आपने इसके भाई की नौकरी तो लगवाई नहीं. मैंने कहा कि भई, मैं चाहकर भी मदद नहीं कर सकता था. तब उसने कहा कि आप क्या बात करते हो, आप गृह राज्य मंत्री थे. आप जहां पांव रख दो, वहां घास जल जाए. मैं उसका क्या उत्तर देता. कब्र का हाल मुर्दा ही जानता है.
