देश की बड़ी अंग्रेज़ी न्यूज़ वेबसाइटों के पाठक तेज़ी से घट रहे हैं। ब्रिटेन की मीडिया पत्रिका प्रेस गजट (Press Gazette) ने सिमिलरवेब (Similarweb) के आंकड़ों के आधार पर दुनिया की 50 सबसे बड़ी अंग्रेज़ी न्यूज़ वेबसाइटों की अक्टूबर 2026 की रैंकिंग जारी की है। इसमें सबसे तगड़ी मार भारतीय वेबसाइटों पर पड़ी है।
टॉप 50 में नौ वेबसाइटें भारत की हैं, लेकिन साल-दर-साल सबसे ज़्यादा ट्रैफिक गंवाने वाली छह वेबसाइटों में से चार भारतीय हैं।
किसका कितना ट्रैफिक गिरा
अक्टूबर 2025 के मुकाबले अक्टूबर 2026 में सबसे बड़ी गिरावट News18 की रही। उसकी विज़िट 58 फीसदी घटकर 6.31 करोड़ रह गईं। हिंदुस्तान टाइम्स का ट्रैफिक 50 फीसदी घटकर 7.39 करोड़, इंडियन एक्सप्रेस का 42 फीसदी घटकर 6.58 करोड़ और इंडिया टुडे का 40 फीसदी घटकर 5.54 करोड़ विज़िट पर आ गया।
विदेशी साइटों में यूएसए टुडे और बिज़नेस इनसाइडर का ट्रैफिक भी 42-42 फीसदी गिरा।
हिंदुस्तान टाइम्स की गिरावट महीने-दर-महीने साफ दिखती है। अप्रैल 2026 में उसकी विज़िट 13.58 करोड़ थीं, जो जुलाई में 9.43 करोड़, अगस्त में 8.44 करोड़, सितंबर में 7.69 करोड़ और अक्टूबर में 7.39 करोड़ रह गईं। सितंबर में भी हिंदुस्तान टाइम्स (-56%) और News18 (-53%) सबसे ज़्यादा गिरावट वाली साइटों में थे।
महीने-दर-महीने के हिसाब से वन इंडिया का ट्रैफिक सितंबर के मुकाबले 40 फीसदी घटकर 6.12 करोड़ रहा, जबकि इंडिया डॉट कॉम 39 फीसदी बढ़कर 4.85 करोड़ विज़िट पर पहुंचा।
अकेला न्यूयॉर्क टाइम्स बढ़ा
दुनिया की टॉप टेन अंग्रेज़ी न्यूज़ साइटों में सिर्फ़ न्यूयॉर्क टाइम्स ऐसा रहा जिसका ट्रैफिक साल भर में बढ़ा। उसकी विज़िट 11 फीसदी बढ़कर 68.47 करोड़ हो गईं। पूरी टॉप 50 सूची में सिर्फ़ दस साइटों का ट्रैफिक पिछले साल से ज़्यादा रहा।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने तीसरी तिमाही में 4.2 लाख नए डिजिटल सब्सक्राइबर जोड़े हैं और उसके कुल डिजिटल सब्सक्राइबर 1.38 करोड़ हो गए हैं। बढ़त वालों में यूरोन्यूज़ (+54%), वैरायटी (+41%) और अल जज़ीरा (+40%) भी शामिल हैं।
गिरावट की वजह क्या
प्रकाशक इस गिरावट के लिए बड़े पैमाने पर गूगल के एआई ओवरव्यू और एआई मोड को ज़िम्मेदार मान रहे हैं, जहां पाठक को सर्च पेज पर ही जवाब मिल जाता है और वह वेबसाइट पर क्लिक नहीं करता। गूगल के कोर अपडेट्स और सोशल मीडिया से आने वाले ट्रैफिक में कमी को भी वजह बताया जा रहा है। ध्यान रहे कि सिमिलरवेब के आंकड़े अनुमान पर आधारित होते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार सौमित्र रॉय इन आंकड़ों को मीडिया के भरोसे के संकट से जोड़कर देखते हैं। उनका कहना है, “जो ईमानदारी से लोगों के मुद्दे उठाएगा, बिना बिके छपेगा, वही टिकेगा। बाकी सबका वजूद ख़तरे में है। ट्रैफिक गिरा है। अब बीजेपी आईटी सेल और गोदी दलालों का सत्ता समर्थक दुष्प्रचार नहीं चलने वाला। अखबार और डिजिटल का धंधा अब सिर्फ़ काली कमाई से ही चल पाएगा। चलाना है तो खोजी खबरें छापो, वरना दुकान बंद करो। है हिम्मत?”
