-विश्वदीपक-
प्रधानमंत्री मोदी के बारे में सोनिया गांधी के विचार. उनकी आत्मकथा को सिर्फ इस अध्याय के लिए पढ़ा जाना चाहिए. मोदी जी का इतना सूक्ष्म अवलोकन कम लोगों ने किया है.
“दरअसल, हम लोग बिलकुल अलहदा वैचारिक दुनिया से आते हैं. इस देश को लेकर उनके खयाल मेरे विचारों से बहुत अलग हैं. भारत के बारे में जो कुछ भी मैंने जाना और सीखा है, वह सब मेरे परिवार के सदस्यों से मेरा जुटाया हुआ है, जो इस देश की सेवा में उनके जीवन और इस राष्ट्र में उनकी आस्था से निकला है- वह राष्ट्र, जिसने तमाम किस्म की नस्लों, संस्कृतियों, भाषाओं और आस्थाओं को अपने में समाहित किया, जो सभी के लिए स्वतंत्रता और समानता के सिद्धांतों पर आधारित है.
नरेंद्र मोदी का भारत के बारे में खयाल आरएसएस के वैचारिक प्रणेताओं और उनके अपने जीवन-अनुभव से मिलकर बना है. वह खयाल ऐसा है जो उनकी अपनी आस्था और संस्कृति को बाकी सब के ऊपर रखता है. इस खयाल वाले भारत में ऊंच-नीच, उसे कायम रखने वाली व्यवस्था और नियंत्रण केंद्रीय तत्त्व हैं. वे अपने विचार के लिए लड़ रहे थे, मैं अपने. मेरे विचार वाला भारत वर्चस्व के खिलाफ है. वह समावेश, सेकुलरिज्म और सामाजिक न्याय के साथ खड़ा होता है. इसलिए मेरा और उनका मामला पर्सनल नहीं था. उनकी राजनीति की राह मेरी राजनीतिक राह से बिलकुल अलग बनी थी. दोनों की दिशाएं भिन्न हैं.
फिर भी, उनके रास्ते में कुछ ऐसे तत्त्व हैं जो हमारे दौर के सत्ताधारी कुलीनों से उनकी असहजता को दिखलाते हैं. इस असहजता को मैं अच्छे से समझती हूं. दिल्ली के एक ड्राइंग रूम में चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच कभी-कभार मैं भी खुद को असहज पाती थी. मुझे भी लगता था कि ये चर्चाएं भारत के जमीनी हालात से कितना कटी हुई हैं.
मैंने अपने संसदीय क्षेत्र के गांवों में अपनी यात्राओं के दौरान लोगों की जो पीड़ा देखी है, जिंदा रहने के लिए उनका जो संघर्ष देखा है, वह सब कुछ दिल्ली में चर्चाएं करने वाले विशेषाधिकार प्राप्त सत्ताधारी समूह के लिए अकल्पनीय है. यह सच है कि श्री मोदी भी वैसी ही एक वंचित दुनिया से आते हैं और उन्होंने निश्चित रूप से बड़ी मेहनत कर के खुद को आरएसएस की सत्ता में स्थापित किया है. यह बात अलग है कि उनकी पृष्ठभूमि उतनी भी कमजोर नहीं रही होगी जितना उनकी पीआर टीम ने प्रचारित कर के बाजार में उनकी छवि बना रखी है.”
अनुवाद – अभिषेक श्रीवास्तव
साभार – द फॉलोअप स्टोरीज़
