लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने विभागीय अधिकारियों के बीच कार्यविभाजन में आंशिक संशोधन किया है। निदेशक, सूचना विशाल सिंह के हस्ताक्षर से 14 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश में अधिकारियों के दायित्व और वित्तीय अधिकार नए सिरे से निर्धारित किए गए हैं।
कार्यालय आदेश संख्या 731/सूएवंजसंनिवि(वैशप्रका)-2026 के मुताबिक पूर्व में निर्गत कार्यविभाजन संबंधी आदेशों में आंशिक संशोधन करते हुए अधिकारियों के बीच कार्य आवंटित किए गए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा को व्यापक जिम्मेदारी
आदेश के अनुसार अपर निदेशक श्री अरविंद कुमार मिश्रा को विभाग के समस्त कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास कई महत्वपूर्ण वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार भी रहेंगे। इनमें अपने कार्यालय एवं अधीनस्थ कार्यालयों के प्रयोग के लिए पुस्तकें, समाचार पत्र, पत्रिकाएं, नक्शे तथा अन्य प्रकाशनों की खरीद का पूर्ण अधिकार, वर्गीकृत विज्ञापन निर्गत करने का पूर्ण अधिकार तथा सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के अंतर्गत अपीलीय अधिकारी का दायित्व शामिल है।
उन्हें राज्य मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त मीडिया प्रतिनिधियों के उपयोगार्थ एसजीओवीपीसीआईआई एवं रियायती रेलवे कूपन निर्गत करने का अधिकार भी दिया गया है।
कार्यालय की गाड़ियों/मोटर वाहनों के डीजल-पेट्रोल एवं मोबिल ऑयल के लिए 15 हजार रुपये अथवा एक माह के खर्च, जो कम हो, तक की खरीद हेतु अग्रिम स्वीकृत करने का अधिकार भी उन्हें दिया गया है।
मुख्यालय एवं क्षेत्र प्रचार अभियान के कार्मिकों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के 2 लाख रुपये तक के भुगतान को स्वीकृत करने का अधिकार, वाहनों के डीजल-पेट्रोल क्रय एवं अनुरक्षण, टेलीफोन एवं बिजली बिलों के भुगतान तथा विभिन्न प्रकार के अवकाश एवं टीए बिलों की स्वीकृति जैसे अधिकार भी उनके कार्यक्षेत्र में रहेंगे।
व्यवस्था एवं सामान्य स्टोर के लिए 50 हजार रुपये तक, राज्य सूचना केंद्र लखनऊ एवं नई दिल्ली से संबंधित कार्यों के लिए 50 हजार रुपये तक तथा प्रकाशन संबंधी कार्यों के लिए 2 लाख रुपये तक की स्वीकृति एवं भुगतान का अधिकार भी आदेश में शामिल है।
विज्ञापन बीजकों में 5 लाख रुपये तक की सीमा के अधिकार को अग्रिम आदेशों तक प्रतिनिधायित किए जाने का भी उल्लेख आदेश में किया गया है।
अनुराग प्रसाद को सोशल और डिजिटल मीडिया का दायित्व
उप निदेशक अनुराग प्रसाद को सोशल मीडिया से संबंधित समस्त कार्य सौंपे गए हैं। उन्हें डिजिटल मीडिया विज्ञापन संबंधी कार्य का उच्चतर प्रभार तथा वेब मीडिया/वेब न्यूज पोर्टल विज्ञापन संबंधी कार्य का उच्चतर प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा सोशल मीडिया/डिजिटल मीडिया/ई-मीडिया के अनवरत अनुश्रवण का कार्य भी उनके जिम्मे रहेगा।
आत्रेय मिश्रा को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और क्रिएटिव एजेंसी
उप निदेशक आत्रेय मिश्रा को राष्ट्रीय समारोह संबंधी कार्य का उच्चतर प्रभार, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विज्ञापन संबंधी कार्य का उच्चतर प्रभार तथा क्रिएटिव एजेंसी से संबंधित समस्त कार्य सौंपे गए हैं।
उन्हें ई-ऑफिस/मानव सम्पदा पोर्टल संबंधी कार्यों के साथ निदेशक/अपर निदेशक द्वारा समय-समय पर सौंपे जाने वाले अन्य कार्य भी करने होंगे।
अन्य अधिकारियों के दायित्व भी बदले
आदेश में वैयक्तिक सहायक ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह को गीत-नाट्य विभाग, वेब मीडिया/वेब न्यूज पोर्टल विज्ञापन तथा डिजिटल मीडिया विज्ञापन संबंधी कार्यों का प्रभारी बनाया गया है।
वैयक्तिक सहायक ग्रेड-1 हरिशंकर तिवारी को निकासी शाखा तथा समाचार पत्र-पत्रिकाओं की सूचीबद्धता से संबंधित कार्य सौंपे गए हैं।
अतिरिक्त सूचना अधिकारी श्रीमती विनीता सिंह को उनके पूर्व आवंटित कार्यों के साथ-साथ सह प्रभारी, प्रकाशन स्टोर बनाया गया है।
वहीं वैयक्तिक सहायक ग्रेड-1 परशुराम मौर्य को निदेशक, कैंप कार्यालय का दायित्व सौंपा गया है।
आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी/कार्मिक अपने आवंटित कार्यों की पत्रावलियां उचित माध्यम से अधोहस्ताक्षरी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करेंगे।
इस कार्यविभाजन से सूचना विभाग में प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारों के साथ-साथ सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया, वेब न्यूज पोर्टल, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, विज्ञापन और प्रकाशन संबंधी जिम्मेदारियों का पुनर्संयोजन किया गया है।




