राजेश साहू-
आमतौर पर मैं अपने पे आउट को पब्लिक में नहीं बताता। लेकिन आज पे आउट देख लीजिए। इसी 18 नवंबर को एक प्यारी सी बिटिया का पिता बना। लोग कहते हैं, बिटिया के आने से किस्मत खुलती है। आज देख भी रहा।
ये पेआउट 4 महीने का है। आज इकट्ठा आ गया। बिटिया के आने के बाद आया, इसलिए यह खास हो गया। इस प्लेटफॉर्म पर पैसे अच्छे मिलते हैं। जरूरी यह है कि आप बिना अश्लील, गालीबाज, नफरती बने इस प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते रहें।
बहुत सारे लोग पे आउट से जुड़ी जानकारियों के लिए मैसेज करते हैं। वह जानना चाहते हैं कि कैसे पैसा कमाया जा सकता है। ये उन्हीं के लिए लिख रहा हूं। पहले नए लोग समझें। अगर आपके 100-200 फॉलोवर हैं, तब आप एक काम कीजिए। आप 10-20 X चलाने वालों के साथी बन जाइए। एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बना सकते हैं। 50-100 लोग हों तो और बढ़िया। ये सभी एक दूसरे को लेकर किसी तरह का ईर्ष्या भाव न रखते हों। सभी एक दूसरे की पोस्ट बस लाइक कर दें। अगर लगे कि कमेंट कर देना चाहिए तो कमेंट भी कर लें। रीट्वीट वगैरह भी अपनी मर्जी के मुताबिक देख सकते हैं।
ये मै इसलिए कह रहा क्योंकि अगर पोस्ट पर लाइक आते हैं तो कॉन्फिडेंस बढ़ता है। बेहतर पोस्ट करने की इच्छा बढ़ती है। कमेंट और रीट्वीट इसलिए ऑप्शनल बता रहा क्योंकि ये थोड़ा सा टाइम टेकिंग होता है। मैं नहीं चाहता कि आप इसमें ही उलझ जाएं। बहुत सारा रीट्वीट कर देंगे तो आपकी लिखी पोस्ट नहीं दिखेगी। फिर नया व्यक्ति कैसे जान पाएगा कि आप क्या लिखते हो? आपसे क्यों जुड़ना चाहिए?
इसके अलावा बीच बीच में एक दूसरे को प्रमोट कर लें। सबको फॉलो कर लें। फॉलो करने वालों को फॉलो बैक दे दीजिए। एक दूसरे को जोड़ने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। मैं तो फिलहाल हर समझदार व्यक्ति को फॉलो कर ही लेता हूं। तभी 23 हजार हैं। हां, कुछ लोग कई बार छूट जाते हैं, लेकिन कोशिश रहती है कि सबको जोड़े चलूं।
अब बात 50 लाख इंप्रेशन को पूरा करने के टास्क की। न्याय लोग ऐसे समझें – ये x की मॉनिटिजेशन पॉलिसी का हिस्सा है। आप तीन महीने में 50 लाख इंप्रेशन पार कर जाएंगे तो तब आपका अकाउंट मोनेटाइज हो जाएगा। फिर हर 14 दिन में पैसा आएगा। ये 50 लाख आपके पोस्ट करने से नहीं पूरा होगा। इसके लिए आपको बड़े अकाउंट्स के पोस्ट पर कमेंट करना होगा। अगर पोस्ट करते ही कमेंट कर दिया तो इस बात की संभावना ज्यादा होती है कि उस कमेंट पर इंप्रेशन बहुत बढ़िया आ जाए। जैसे किसी पोस्ट का इंप्रेशन 100k है, कई बार आपके कमेंट पर 20k इंप्रेशन हो जाता है। इसके लिए आपको कुछ बड़े अकाउंट्स का नोटिफिकेशन ऑन करना होगा। इस अकाउंट्स में पत्रकार, एक्टिविस्ट, नेता सभी हो सकते हैं। यह भी सच है कि निगेटिव कमेंट पर ज्यादा इंप्रेशन आता है। लेकिन ध्यान रहे,निगेटिव के चक्कर में गाली न देने लग जाइएगा।
विषय क्या चुने? ये आपके ऊपर है। आप जिसमें रुचि रखते हैं, उसमें से कुछ ऐसा निकालिए जिसे लोग जानना चाहते हों। रिलेवेंसी का ख्याल रखिए। मतलब जो कुछ चल रहा, उसी से जुड़ी पोस्ट हो। स्वस्थ आलोचना हो तो ज्यादा चलेगी। ये फल कौन सा है, सब्जी कौन सी है, इससे बचना होगा। क्योंकि ये इरिटेट करता है। आपको भी।
शुरुआत में 10 पोस्ट करिए। 20 कमेंट करिए। यह आपकी सुविधानुसार कम ज्यादा भी हो सकता है। जब ये सब करिए तो ब्लू टिक ले लीजिएगा। आपका महीने का 400 डॉलर नहीं आएगा। लेकिन मन में रखे रहिए। वक्त लगेगा। वह भी आयेगा।
भास्कर ग्रुप के पत्रकार राजेश साहू की एक्स पोस्ट.


