चेन्नई। इंडिया टुडे टीवी ने तमिलनाडु के दर्शकों के लिए ‘इंडिया टुडे तमिल’ YouTube चैनल लॉन्च किया है। यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म तमिल भाषा में तमिलनाडु से जुड़ी खबरों, समसामयिक घटनाओं और इन-डेप्थ एनालिसिस पर फोकस करेगा। चैनल की शुरुआत सोमवार को चेन्नई में आयोजित India Today Tamil Nadu Roundtable के दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने की। विजय मई 2026 में मुख्यमंत्री बने थे और उनकी TVK सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चैनल लॉन्च करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने “Let truth speak louder” यानी “सच्चाई को और बुलंद होने दें” का संदेश दिया। यह मुख्यमंत्री विजय की पद संभालने के बाद पहली बड़ी मीडिया बातचीत भी है।
राजनीति से लेकर नीति तक पर चर्चा
India Today Tamil Nadu Roundtable में तमिलनाडु की राजनीति, अर्थव्यवस्था, निवेश और प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के नेताओं, नीति-निर्माताओं, कारोबार जगत और मनोरंजन उद्योग से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
TVK सरकार के पहले 100 दिनों के कामकाज पर स्पोर्ट्स मिनिस्टर आधव अर्जुन प्रस्तुति देंगे। वहीं, बीजेपी छोड़कर स्वतंत्र राजनीतिक पहल शुरू करने वाले के. अन्नामलाई ‘Annamalai Beyond BJP’ सत्र में अपनी राजनीतिक यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर बात करेंगे।
परिसीमन और कावेरी विवाद भी चर्चा में
तमिलनाडु में चल रही परिसीमन की बहस पर एक अलग सत्र में MDMK सांसद दुरई वैको, कांग्रेस सांसद प्रवीण चक्रवर्ती, बीजेपी नेता तमिलिसाई सौंदरराजन और DMK प्रवक्ता सलेम धरनिधरन अपने विचार रखेंगे।
वहीं कावेरी जल विवाद पर PMK सांसद अंबुमणि रामदास के साथ चर्चा होगी। DMK सांसद दयानीधि मारन भी एक अलग राजनीतिक चर्चा में शामिल होंगे। अभिनेता ध्रुव विक्रम के साथ मनोरंजन जगत से जुड़ा विशेष सत्र भी कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर फोकस
राउंडटेबल में तमिलनाडु की आर्थिक संभावनाओं और निवेश के माहौल पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा भ्रष्टाचार, शिक्षा, ऊर्जा, वित्त और स्वास्थ्य जैसे राज्य के अहम मुद्दों को भी चर्चा के केंद्र में रखा जाएगा।
India Today Tamil का उद्देश्य तमिल भाषा में स्थानीय खबरों और विश्लेषण को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मजबूत करना है। YouTube चैनल के जरिए तमिलनाडु से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य के राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण भी उपलब्ध कराया जाएगा।


