वरिष्ठ पत्रकार और एंकर कार्तिक मल्होत्रा ने एनडीटीवी (NDTV) में सीनियर एग्जीक्यूटिव एडिटर, स्पेशल प्रोजेक्ट्स के पद पर जॉइन किया है। वे एनडीटीवी कोलैब (NDTV CoLab) में नई पहलों की कमान संभालेंगे। एनडीटीवी कोलैब नेटवर्क का ब्रांड कोलैबोरेशन और स्पेशल प्रोजेक्ट्स स्टूडियो है।
कार्तिक मल्होत्रा के पास बिजनेस जर्नलिज्म, एंकरिंग और देश-विदेश में बड़े मीडिया प्रॉपर्टीज खड़ी करने का 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। एनडीटीवी के मुताबिक यह नियुक्ति टीवी, डिजिटल, सोशल और लाइव फॉर्मेट्स के जरिए ब्रांड्स, संस्थानों और दर्शकों को जोड़ने वाले असरदार एडिटोरियल प्लेटफॉर्म और साझेदारियां बनाने की उसकी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
कार्तिक अपने करियर में भारत और विदेश में कई बड़े आईपी तैयार कर चुके हैं। उन्होंने ब्रांडेड कंटेंट बिजनेस को शुरुआत से खड़ा किया है, बड़ी टीमों का नेतृत्व किया है और नए एडिटोरियल व बिजनेस डिवीजन लॉन्च करके उन्हें आगे बढ़ाया है।
एनडीटीवी से पहले वे न्यूज9 (News9) में सीनियर एग्जीक्यूटिव एडिटर – बिजनेस और टीवी9 नेटवर्क में मैनेजिंग डायरेक्टर ऑफिस में वाइस प्रेसिडेंट – प्रोजेक्ट्स थे। वहां उन्होंने जर्मनी, दुबई और नई दिल्ली में हुए न्यूज9 ग्लोबल समिट के संस्करणों के साथ-साथ ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे’ और ‘द शीकोनॉमी एजेंडा’ जैसी राष्ट्रीय प्रॉपर्टीज पर काम किया।
उन्होंने बिजनेस प्रोग्रामिंग और साप्ताहिक टेक्नोलॉजी शो ‘द एआई रिपोर्ट’ की एंकरिंग और एडिटिंग भी की। इससे पहले वे मनी9 (Money9) के एग्जीक्यूटिव एडिटर रहे और न्यूज9, मनी9 और टीवी9 2.0 की बिजनेस रणनीति और प्रोडक्ट रोडमैप में योगदान दिया।
टीवी9 से पहले कार्तिक नेटवर्क18 में एडिटर, स्पेशल प्रोजेक्ट्स और सीनियर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर थे। वहां वे सीएनबीसी-टीवी18, सीएनएन न्यूज18, फोर्ब्स इंडिया और मनीकंट्रोल के ब्रांडेड आईपी के लिए जिम्मेदार थे और अलग-अलग लोकेशंस पर 60 से ज्यादा एंकर्स, प्रोड्यूसर्स, क्रिएटिव डायरेक्टर्स और प्रोजेक्ट मैनेजर्स की टीम का नेतृत्व करते थे।
टाइम्स नेटवर्क में कार्तिक ईटी नाउ (ET NOW) के लॉन्च से लेकर नंबर-1 बनने तक के सफर का हिस्सा रहे। बाद में वे टाइम्स एवेन्यूज (अब टाइम्स इन्फ्लुएंस) के ऑपरेशंस हेड रहे, जिस ब्रांडेड कंटेंट डिवीजन को खड़ा करने में उन्होंने मदद की थी। करियर की शुरुआत में उन्होंने सीएनबीसी-टीवी18 और करण थापर की आईटीवी प्रोडक्शंस में काम किया, जहां वे बीबीसी के लिए शो प्रोड्यूस करते थे।
एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा, “एनडीटीवी कोलैब वह जगह है जहां एनडीटीवी की पत्रकारिता की विश्वसनीयता भारत के सबसे दूरदर्शी ब्रांड्स और संस्थानों की महत्वाकांक्षाओं से मिलती है। इसे खड़ा करने के लिए हमें ऐसे संपादक चाहिए जो न्यूजरूम और बेहतरीन आईपी बनाने के बिजनेस, दोनों को समझते हों। कार्तिक में ठीक यही खूबी है। उनके पास खबरों की पैनी समझ है, अर्थव्यवस्था और बाजारों की गहरी जानकारी है और वैश्विक स्तर पर प्लेटफॉर्म बनाने का साबित रिकॉर्ड है। एनडीटीवी परिवार में उनका स्वागत करते हुए मुझे खुशी है।”
अपनी नियुक्ति पर कार्तिक मल्होत्रा ने कहा, “एनडीटीवी भारतीय पत्रकारिता में विश्वसनीयता का पर्याय है। आज सबसे अच्छी ब्रांड पार्टनरशिप ठोस बुनियाद पर बनती हैं: सही लोगों को साथ लाना, सही सवाल पूछना और ऐसी कहानियां कहना जो मायने रखती हैं। एनडीटीवी कोलैब बड़े पैमाने पर ऐसा काम करने का अनोखा मौका देता है। मैं अपने पार्टनर्स के लिए नई और अलग प्रॉपर्टीज बनाने और एआई आधारित वर्कफ्लो समेत नई टेक्नोलॉजी के जरिए उन्हें ज्यादा तेजी और असर के साथ दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्सुक हूं।”
अपनी नई भूमिका में कार्तिक एनडीटीवी कोलैब में ओरिजिनल आईपी विकसित करने, ब्रांड्स और संस्थानों के साथ लंबी साझेदारियां बनाने और बिजनेस, पॉलिसी, टेक्नोलॉजी और ग्लोबल अफेयर्स जैसे क्षेत्रों में नए फॉर्मेट तैयार करने पर फोकस करेंगे।
कार्तिक ने आईआईएम लखनऊ से एमबीए किया है और दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स से पत्रकारिता में बीए (ऑनर्स) की डिग्री ली है।
एनडीटीवी के मुताबिक यह नियुक्ति पारंपरिक न्यूज फॉर्मेट से आगे बढ़कर विश्वस्तरीय प्लेटफॉर्म्स का पोर्टफोलियो बनाने की उसकी बड़ी योजना का हिस्सा है। इन प्लेटफॉर्म्स का मकसद फैसले लेने वालों और दर्शकों को एक साथ लाना और जुड़ाव व ब्रांड कोलैबोरेशन के नए मौके बनाना है। असरदार प्रॉपर्टीज और मल्टीप्लेटफॉर्म स्टोरीटेलिंग पर नए सिरे से फोकस के साथ एनडीटीवी कोलैब का लक्ष्य विश्वसनीय और सार्थक बातचीत चाहने वाले ब्रांड्स का पसंदीदा पार्टनर बनना है।


