Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

वक्फ ज़मीन खुलासे का प्रतिशोध और हनीट्रैप सिंडिकेट का चक्रव्यूह? हाईकोर्ट से पत्रकार सत्येन्द्र को बड़ी राहत, “ऑफ द रिकॉर्ड” पैरवी और “वकीलों की फौज” से बेनकाब हुआ पूरा खेल!

गोरखपुर के थाना कैंट में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 में पत्रकार सत्येन्द्र कुमार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिली। वक्फ संपत्तियों और कथित हनीट्रैप गैंग के खुलासों के बाद दर्ज हुआ था मुकदमा।

गोरखपुर: खोजी पत्रकारिता और गोरखपुर के कथित हनीट्रैप गैंग की संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े विस्फोटक खुलासों के बाद पत्रकार सत्येंद्र पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 (थाना कैंट) को लेकर सियासी, प्रशासनिक और न्यायिक गलियारों में नई हलचल तेज हो गई है। इस मामले में पत्रकार सत्येन्द्र कुमार को माननीय उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) से राहत मिलने के बाद जहां इसे कथित हनीट्रैप सिंडिकेट की रणनीति के लिए करारा झटका माना जा रहा है, वहीं इस पूरे प्रकरण में शाहिद खान को बगैर किसी ठोस साक्ष्य के सलाखों के पीछे धकेले जाने, हनीट्रैप गैंग के विरुद्ध सबूतों के बावजूद कोई कार्रवाई न होने तथा शिकायतकर्ता महिला की बदहाल आर्थिक हैसियत के बावजूद पत्रकारों के खिलाफ हाईकोर्ट में बड़े प्राइवेट अधिवक्ताओं की फौज और राज्य सरकार के AAG द्वारा की जा रही “ऑफ द रिकॉर्ड” पैरवी ने सिस्टम की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वक्फ सौदों के खुलासे से भड़की चिंगारी: 10 महीने पुरानी फर्जी कहानी पर बिना जांच दर्ज हुई डकैती की FIR

न्यायिक प्रक्रिया में शामिल दस्तावेजों के अनुसार, वर्ष 2025 में “वक्फ अमेंडमेंट एक्ट” लागू होने के बाद गोरखपुर मंडल में करोड़ों व अरबों रुपये की वक्फ संपत्तियों की खरीद-फरोख्त को लेकर पुख्ता दस्तावेजों के आधार पर इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट प्रसारित व प्रकाशित की गई। इस प्रकरण में अदनान फारुख अली उर्फ “मियां साहब” और उनके गुर्गे इकरार अहमद का नाम सामने आने के बाद खबरों को रोकने व हटाने का चौतरफा दबाव बनाया गया। लेकिन दबाव के आगे झुकने के बजाय पत्रकार सत्येंद्र ने दरगाह शहीद मुबारक खां की आड़ में संचालित अवैध कारनामों को अंजाम देने वाले कथित पेशेवर बदमाश इकरार अहमद और उसके कथित हनीट्रैप गैंग की परतें उधेड़ कर रख दीं।

हैरत तब हुई जब हनीट्रैप गैंग के विरुद्ध कई प्लेटफार्म पर प्रचलित जांचों और अंतर्राज्यीय नेटवर्क को लेकर सामने आ रहे अकाट्य सबूतों के बीच खबर प्रसारित करने व जांच कराने वाले पत्रकार सत्येंद्र व संपादक जमशेद समेत अन्य के खिलाफ एक महिला द्वारा डकैती, अपहरण, चेन स्नेचिंग और हत्या के प्रयास जैसे संगीन आरोप लगाते हुए थाना कैंट में तहरीर दी गई। यहां पुलिस की नीयत और मिलीभगत पर सवाल उठना लाजिमी था, क्योंकि प्राप्त तहरीर में लगभग दस महीने पूर्व की एक कथित फर्जी घटना दर्शाई गई थी, परंतु तहरीर को बगैर किसी प्रारंभिक जांच के आनन-फानन में FIR में तब्दील कर दिया गया।

सफेदपोश के दबाव में “कठपुतली” बनी पुलिस और हाईकोर्ट में आठ महंगे वकीलों की घेराबंदी

न्यायिक रिकॉर्ड में उपलब्ध दस्तावेजों में किसी प्रभावशाली सफेदपोश के दबाव में हनीट्रैप गैंग के लिए काम करने का गंभीर आरोप पुलिस पर लगाया गया है और इन आरोपों के समर्थन में तमाम ऑडियो, वीडियो व रिपोर्ट्स होने का दावा पेश किया गया है। दस माह पूर्व दर्शाई गई कथित घटना पर बगैर किसी जांच के गिरफ्तारी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना, उच्चाधिकारियों के लिखित आदेश के बावजूद घटना और गैंग से जुड़े लोगों की CDR न निकालना, बगैर किसी साक्ष्य के मुकदमे के अभियुक्त शाहिद खान को जेल भेजा जाना, मात्र वादिनी मुकदमा और उसके बेटे के बयान के आधार पर आरोप पत्र प्रेषित किया जाना, हनीट्रैप गैंग पर चल रही जांच को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास किया जाना, पत्रकारों को हाईकोर्ट से मिलने वाली राहत को बाधित करने के लिए बड़े प्राइवेट वकीलों और उनके जूनियर मिलाकर कुल आठ वकीलों की फौज खड़ी करना, साथ ही राज्य के महत्वपूर्ण मामलों को संभालने वाले वरिष्ठ विधि अधिकारी AAG द्वारा पत्रकारों के खिलाफ “ऑफ द रिकॉर्ड” खड़े होकर बेंच के सामने दलीलें पेश करना… जैसी तमाम कड़ियों ने बेंच के समक्ष पत्रकारों की ओर से रखे गए हनीट्रैप सिंडिकेट के तर्कों की कलई खोलकर रख दी।

पर्दे के पीछे से सरकारी तंत्र का बेजा इस्तेमाल: हनीट्रैप का “पुराना पैटर्न” बेनकाब

पत्रकारों की ओर से काउंसिल ने मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला को पेशेवर और हनीट्रैप गैंग का हिस्सा बताते हुए तर्क दिया कि महिला द्वारा अब तक विभिन्न मामलों में लगभग नौ लोगों के खिलाफ अलग-अलग कई मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। मामलों को सनसनीखेज बनाने और फंसाने के लिए महिला झूठे तर्कों का सहारा लेते हुए वर्तमान घटना को पूर्व के मुकदमों से जोड़कर नया केस खड़ा करने जैसी शातिराना रणनीति अपनाती चली आ रही है। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के बावजूद महिला की ओर से हाईकोर्ट में बेंच के सामने प्राइवेट वकीलों की भारी-भरकम फौज और “ऑफ द रिकॉर्ड” जाकर स्टेट के AAG द्वारा न्यायालय के सामने दलीलें पेश करना इस बात की ओर सीधा इशारा करता है कि पूरे प्रकरण के पीछे बैकडोर से सक्रिय हनीट्रैप गैंग और उससे जुड़े सफेदपोश लोग पूरी ताकत से पैरवी कर रहे हैं।

सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न: एक साधारण केस में “ऑफ द रिकॉर्ड” क्यों उतरे AAG… क्या तय होगी जवाबदेही?

यह इस पूरे घटनाक्रम का सबसे चौंकाने वाला और गंभीर पहलू है कि एक साधारण से व्यक्तिगत विवाद (डकैती के मामले) में सरकार के सबसे वरिष्ठ विधि अधिकारियों में शामिल AAG खुद अदालत में क्यों पेश हो रहे हैं, जबकि जनहित और भ्रष्टाचार से जुड़े कई बड़े मामले लंबित हैं। यदि वे उपस्थित हो भी रहे थे, तो “ऑफ द रिकॉर्ड” क्यों? इस मुकदमे के संबंध में इलाहाबाद हाईकोर्ट की वेबसाइट पर लगातार AGA का नाम प्रकाशित होता रहा, जबकि बेंच के सामने AGA की जगह AAG अपनी दलीलें पेश करते रहे। यह इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि मामला सामान्य नहीं है, बल्कि इसके पीछे पर्दे के पीछे से काम कर रहा एक बड़ा प्रशासनिक व सियासी दबाव है, जो अधिकारियों और शासन को सीधे कटघरे में खड़ा करता है।

हालांकि जब पत्रकारों के काउंसिल द्वारा AAG का नाम न्यायिक आदेश में दर्ज करने की पुरजोर मांग बेंच से की गई, तब माननीय बेंच ने शाहिद खान और सत्येंद्र के विषय में जारी किए गए अपने आदेश में AAG का नाम अंकित कर दिया। इसका सीधा नतीजा यह हुआ है कि अब AAG को “ऑन द रिकॉर्ड” आकर पैरवी करनी होगी, जिससे इस प्रकरण में उनकी भूमिका और जवाबदेही स्पष्ट हो सकेगी।

सत्येंद्र को “हिस्ट्रीशीटर” साबित करने की चाल पड़ी उल्टी: सुप्रीम कोर्ट-हाईकोर्ट की राहतों ने ध्वस्त किया नैरेटिव

पत्रकारों पर दर्ज डकैती के मुकदमे में हाईकोर्ट की बेंच के सामने प्राइवेट वकीलों की फौज समेत AAG के तर्क जब कमजोर पड़ने लगे, तब पत्रकार सत्येंद्र पर दर्ज नौ मुकदमों का हवाला देकर उन्हें अपराधी साबित करने की पुरजोर कोशिश की गई। लेकिन यह दांव तब पूरी तरह धराशायी हो गया जब पत्रकार सत्येंद्र के काउंसिल ने बेंच के सामने आधिकारिक दस्तावेज रखते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा उन्हें लगातार टारगेट किया जाता रहा है… जिस कारण लगभग सभी मामलों में उन्हें हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से राहत प्राप्त है।

दस्तावेजों की गंभीरता को देखते हुए बेंच ने पत्रकार सत्येंद्र को पुलिस द्वारा टारगेट किए जाने के तथ्यों से इनकार नहीं किया और तथ्यों को संज्ञान में लिया। रिकॉर्ड से यह भी स्पष्ट हुआ कि 2017 से मीडिया में सक्रिय सत्येन्द्र पर 2017 से पहले केवल पारिवारिक विवाद के एक या दो मुकदमे थे, लेकिन 2022 से खोजी पत्रकारिता में कदम रखने के बाद हर बड़े खुलासे के बाद उन पर मुकदमे दर्ज किए गए… जिनमें से लगभग सभी मामलों में हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के आदेश रिकॉर्ड पर मौजूद हैं। इसके साथ ही पत्रकार सत्येंद्र के साथ सहयोगी जमशेद के जुड़ने के बाद जमशेद पर भी अब तक तीन मुकदमे दर्ज होने का तथ्य रखा गया… जबकि सत्येंद्र के साथ कार्य शुरू करने से पूर्व जमशेद पर कोई भी मुकदमा दर्ज नहीं था।

जर्नलिस्ट प्रेस क्लब गोरखपुर के सदस्यों की “सोशल मीडिया भविष्यवाणी” और धमकियां भी अब न्यायिक रिकॉर्ड पर

हनीट्रैप गैंग के कथित सदस्य तथा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब गोरखपुर के सदस्य सुभाष गुप्ता, फैय्याज अहमद और कथित हनीट्रैप के गुर्गे जफर खान द्वारा पत्रकार सत्येंद्र को जलाकर मारने की सोशल मीडिया पर दी गई धमकी का मामला अदालत तक पहुंचने के बाद जफर खान द्वारा डिलीट किए गए सोशल मीडिया कंटेंट के साक्ष्यों को भी बेंच के सामने रखा गया। इसके अतिरिक्त, हनीट्रैप गैंग की कथित सदस्य महिला द्वारा पत्रकार सत्येंद्र पर दर्ज कराए गए डकैती के मुकदमे से कई दिनों पहले ही उपरोक्त कथित पत्रकारों द्वारा अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल से पत्रकार सत्येंद्र को जल्द जेल भिजवाने संबंधी प्रसारित की गई पोस्ट की ओर भी बेंच का ध्यान आकृष्ट कराया गया। साथ ही इन सभी के विरुद्ध हाईकोर्ट के समक्ष पत्रकार सत्येंद्र द्वारा दाखिल की गई याचिका को भी न्यायिक रिकॉर्ड पर रखा गया… जिसे माननीय बेंच ने गंभीरता से लिया है।

अपने ही बिछाए जाल में फंसा हनीट्रैप सिंडिकेट: निचली अदालत से सुप्रीम कोर्ट की दहलीज तक पहुंचा पूरा खेल

इस प्रकरण से जुड़े तमाम दस्तावेजों, ऑडियो और वीडियो साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद कानून के दिग्गज जानकारों का मानना है कि कथित हनीट्रैप गैंग और उसके मददगारों ने डकैती का यह फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर अपने पैरों पर खुद ही कुल्हाड़ी मार ली है। अब तक इस पूरे नेटवर्क को हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के सीधे न्यायिक दायरे में लाने का कोई सीधा रास्ता नहीं था, परंतु डकैती का मुकदमा दर्ज होने के कारण इस मामले से जुड़ा संपूर्ण घटनाक्रम और हनीट्रैप गैंग के सभी संरक्षकों व मददगारों के नाम अब निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक के न्यायिक रिकॉर्ड पर दर्ज हो चुके हैं, और यह मामला अब देश की सर्वोच्च अदालत की दहलीज पर दस्तक दे रहा है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेश देखें:

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास