प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कथित विदेशी फंडिंग जांच पर टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक खबर के बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। एक्स (ट्विटर) पर कई हैंडल अलग-अलग पत्रकारों के नाम लेकर उन्हें इस जांच से जोड़ने में लगे हैं। जबकि मूल खबर में किसी पत्रकार या मीडिया संस्थान का नाम नहीं है और ED की ओर से भी आधिकारिक तौर पर किसी पत्रकार का नाम सामने नहीं आया है।
पहले जानिए टाइम्स ऑफ इंडिया ने क्या छापा है। प्रदीप ठाकुर की बाइलाइन से छपी इस खबर का शीर्षक है ‘ED tracking $1m transfer to meddle in domestic affairs’। खबर के मुताबिक ED ने दो विदेशी इकाइयों के खिलाफ जांच शुरू की है, जिन पर भारत के घरेलू मामलों में कथित दखल का संदेह है। जांच के केंद्र में ब्रिटेन की एक फर्म को भेजे गए 10 लाख डॉलर का संदिग्ध ट्रांसफर है। इस फर्म के तार भारत से जुड़े बताए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार एजेंसी ने टैक्स हेवन सेंट किट्स एंड नेविस में रजिस्टर्ड TCC Digital Markets Ltd को उस फंड का स्रोत माना है, जो कई परतों वाले लेनदेन के जरिए भारत में कुछ इकाइयों और व्यक्तियों तक पहुंचा। जर्मनी के Dr Matthias Karl Vogt Trust को इन 10 लाख डॉलर का असली स्रोत बताया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से अखबार ने लिखा है कि जर्मन कानून से बचने के लिए ट्रस्ट ने पहले यह रकम लिथुआनिया की XBase Digital UAB को भेजी।
शुरुआती जांच में ED को डॉ. मैथियास वोग्ट का एक बिना तारीख वाला पत्र मिला, जिसमें भुगतान डिजिटल करेंसी में किए जाने की बात कही गई है। खबर के अनुसार ED की खुफिया जानकारी से संदेह है कि ये डिजिटल एसेट हवाला के जरिए दुबई और लिथुआनियाई इकाई तक पहुंचे और फिर ब्रिटेन भेजे गए।
अखबार लिखता है कि ब्रिटेन की फर्म को फरवरी से मार्च 2026 के बीच उसके Airwallex (UK) Ltd खाते में 10 लाख डॉलर मिले। जांच से वाकिफ सूत्रों के मुताबिक कई परतों से गुजरने के बाद यह रकम आखिर में सेंट किट्स एंड नेविस की कंपनी की ओर से ‘ग्रांट’ की शक्ल में दो किस्तों (3,67,006 पाउंड और 3,71,746 पाउंड) में भेजी गई और फिर भारत में अंतिम उपयोगकर्ताओं तक पहुंची।
ED को एक और लेनदेन का पता चला है। कनाडा में रजिस्टर्ड ZBase Digital Inc ने फरवरी में उसी ब्रिटिश फर्म के Airwallex खाते में 5 लाख डॉलर भेजे थे। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय एजेंसियां Airwallex से इन ब्योरों का सत्यापन कर रही हैं। अखबार ने न तो ब्रिटिश फर्म का नाम छापा है और न ही भारत में पैसा पाने वालों का।
खबर छपने के बाद एक्स पर चर्चाओं का सिलसिला चल पड़ा। एक्स के Grok आधारित ट्रेंडिंग सारांश में इसे ‘India Probes $1.5M Foreign Funds Trail Through Six Countries to Journalists’ शीर्षक से दिखाया गया। यानी TOI में बताए गए 10 लाख और 5 लाख डॉलर को जोड़कर कुल 15 लाख डॉलर की बात हो रही है और पैसे का रास्ता जर्मनी, लिथुआनिया, दुबई, सेंट किट्स, ब्रिटेन होते हुए भारत बताया जा रहा है। हालांकि इसी सारांश में यह भी दर्ज है कि ED ने आधिकारिक तौर पर किसी का नाम नहीं लिया है।
टिप्पणीकार अभिजीत अय्यर-मित्रा ने ‘DELHI MEDIA GOSSIP’ लिखकर पोस्ट किया कि ED सूत्रों के मुताबिक यह जांच अब तीन ‘इन्वेस्टिगेटिव’ पत्रकारों पर केंद्रित है। उन्होंने नाम नहीं लिए, बल्कि इशारे किए। एक पत्रकार के बारे में कहा कि उसने हाल में एक बड़े वैश्विक बैंक की पड़ताल की, दूसरे पर इस पैसे से कोरियाई कार खरीदने की बात कही और तीसरे को एक्स पर माफी मांगने के लिए चर्चित बताया।
इसके बाद कई यूजर्स ने इन इशारों को अपनी तरफ से नामों से जोड़ना शुरू कर दिया। Grok के सारांश के मुताबिक ऑनलाइन यूजर्स इन्हें जोसी जोसेफ, रवि नायर और परंजय गुहा ठाकुरता से जोड़ रहे हैं। कुछ हैंडल्स ने यही नाम लेकर पोस्ट भी किए। ‘Megh Updates’ नाम के हैंडल ने ascendants.in वेबसाइट की एक खबर साझा की, जिसमें ‘सूत्रों’ के हवाले से रवि नायर और जोसी जोसेफ के नाम इस फंडिंग नेटवर्क से जोड़े गए हैं। हालांकि उसी खबर में यह भी लिखा है कि जब तक ED अपने निष्कर्ष और सबूत सार्वजनिक नहीं करती, पत्रकारों से जुड़े ये कथित संबंध अपुष्ट हैं।
एक अलग धारा में ‘Office Of Vijay Patel’ नाम के हैंडल ने Peek TV के संस्थापकों प्रियांशी शर्मा और वेदांत अग्रवाल तथा The Red Mike के संस्थापक सौरभ शुक्ला की जर्मनी यात्रा की तस्वीरें साझा कीं। हैंडल का दावा है कि इन लोगों ने जर्मन नेताओं से मुलाकात की, जर्मन संसद गए और यह यात्रा जर्मन सरकार के खर्च पर हुई। इसी हैंडल ने अगस्त में हैदराबाद के गोएथे-ज़ेंट्रम के एक कार्यक्रम में प्रियांशी शर्मा और स्क्रॉल के नरेश फर्नांडिस को बुलाए जाने पर भी सवाल उठाए। गौरतलब है कि इस यात्रा या कार्यक्रम का ED जांच से कोई संबंध न तो टाइम्स ऑफ इंडिया ने बताया है और न ही एजेंसी ने। विदेशी सरकारों के न्योते पर पत्रकारों के मीडिया दौरे कोई नई बात नहीं हैं।
कुल मिलाकर अब तक सार्वजनिक तथ्य उतने ही हैं जितने टाइम्स ऑफ इंडिया ने छापे हैं। ED दो विदेशी इकाइयों से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है और रकम के भारत में अंतिम उपयोगकर्ताओं तक पहुंचने की बात कही गई है। ये उपयोगकर्ता कौन हैं, यह न अखबार ने बताया है और न ED ने। सोशल मीडिया पर जिन पत्रकारों के नाम लिए जा रहे हैं, उनके खिलाफ इस मामले में कोई आधिकारिक आरोप या कार्रवाई सार्वजनिक नहीं है। खबर लिखे जाने तक इन पत्रकारों की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
भड़ास4मीडिया सोशल मीडिया पर किए जा रहे इन दावों की पुष्टि नहीं करता। संबंधित पत्रकार अपना पक्ष भेजना चाहें तो उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


