अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर पत्रकार के सवाल पर भड़क गए। मंगलवार को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने द इंडिपेंडेंट के पत्रकार एंड्रयू फाइनबर्ग को बार-बार चुप रहने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने पत्रकार से पूछा, “तुम्हें क्या हुआ है? क्या तुम बीमार इंसान हो?” इस दौरान अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी पत्रकार पर निशाना साधा।
यह घटना उस कार्यक्रम के दौरान हुई, जिसमें ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कथित धोखाधड़ी की जानकारी देने वालों को इनाम देने वाली एक नई योजना के बारे में जानकारी दी। इस योजना के तहत सूचना देने वालों को 30,000 डॉलर तक का इनाम देने का प्रावधान है।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ट्रंप से ईस्ट पोटोमैक पार्क में किए जा रहे बदलावों और वहां नए गोल्फ कोर्स के निर्माण को लेकर सवाल पूछने की कोशिश की गई। द इंडिपेंडेंट के पत्रकार एंड्रयू फाइनबर्ग ने गोल्फ कोर्स का जिक्र करते हुए सवाल शुरू किया। उन्होंने कहा, “गोल्फ कोर्स के बारे में, सर, आपके पास बहुत सारे गोल्फ कोर्स हैं…” लेकिन ट्रंप ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और बार-बार कहा, “चुप रहो, चुप रहो।”
इसके बाद ट्रंप ने पत्रकार से पूछा, “तुम्हें क्या हुआ है? क्या तुम बीमार इंसान हो?” इस पर फाइनबर्ग ने जवाब दिया, “जहां तक मुझे पता है, नहीं, सर।” ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि तुम कौन हो, लेकिन तुम्हें सावधान रहना चाहिए।”
पत्रकार ने कहा- मैं अपना काम कर रहा था
घटना के बाद एंड्रयू फाइनबर्ग ने अपनी पत्रकारिता का बचाव किया। मंगलवार को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी सालाना स्वास्थ्य जांच हुई थी और सब कुछ ठीक रहा। उन्होंने कहा कि वह अपना काम कर रहे थे और अगले दिन भी अपना काम जारी रखेंगे।
इस घटना पर उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्रंप और पत्रकार के बीच हुई बातचीत का वीडियो साझा करते हुए फाइनबर्ग को निशाना बनाया। वेंस ने लिखा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस में दुर्व्यवहार करने वाले एक मूर्ख पत्रकार को करारा जवाब दिया।


वेंस की टिप्पणी पर फाइनबर्ग ने पलटवार किया। उन्होंने लिखा कि अगर उपराष्ट्रपति उनका अपमान करना चाहते हैं, तो कम से कम उनमें उनके सोशल मीडिया खाते को टैग करने की हिम्मत होनी चाहिए।
पत्रकारों के साथ ट्रंप का टकराव जारी
डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति रहने के दोनों कार्यकालों में पत्रकारों के साथ उनके टकराव की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान सीएनएन की एंकर कैटलन कॉलिन्स को देखकर भी ट्रंप उन पर भड़क गए थे। यह घटना ऐसे समय हुई थी, जब उनका प्रशासन व्हाइट हाउस के प्रेस पूल से सीएनएन को बाहर करने की कोशिश कर रहा था।
हालांकि, बाद में एक संघीय न्यायाधीश ने सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ को व्हाइट हाउस के प्रेस पूल से बाहर रखने के प्रशासन के प्रयास पर रोक लगा दी थी।
ट्रंप इससे पहले भी संवेदनशील मुद्दों पर सवाल पूछने वाले पत्रकारों को निशाना बना चुके हैं। जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों पर सवाल पूछे जाने के बाद नवंबर में उन्होंने एयर फोर्स वन विमान में एक महिला पत्रकार को ‘Quiet, piggy’ यानी ‘चुप रहो, मोटी’ कहकर संबोधित किया था।
ताजा घटना ने एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति और पत्रकारों के बीच सवाल-जवाब के दौरान होने वाले टकराव को चर्चा में ला दिया है।
ये भी पढ़ें…



