Connect with us

Hi, what are you looking for?

उत्तर प्रदेश

यूपी पुलिस के दो अधिकारी बंधेंगे परिणय सूत्र में, इटावा की CO आयुषी सिंह और लखनऊ के ACP ऋषभ की हुई सगाई

इटावा के जसवंतनगर में तैनात सीओ आयुषी सिंह और लखनऊ कमिश्नरेट में एसीपी ऋषभ की लखनऊ में सगाई हुई। दिसंबर में दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे।

A couple standing side by side at a wedding, the woman in a purple embroidered lehenga with gold jewelry and a dupatta, the man in a black bandhgala with a pink pocket square, both hands clasped in front.

संदीप शुक्ला-

उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा (PPS) के दो युवा अधिकारियों के जीवन में एक नए सफर की शुरुआत हो गई है। इटावा जनपद के जसवंतनगर में क्षेत्राधिकारी (CO) के पद पर तैनात आयुषी सिंह और लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के रूप में कार्यरत ऋषभ की सगाई (रिंग सेरेमनी) राजधानी लखनऊ के अमर शहीद पथ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी के एक रिसॉर्ट में संपन्न हुई।

एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर तय किया रिश्ता

सगाई के इस निजी समारोह में दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान दोनों परिवारों के माता-पिता, करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा लोग ही मौजूद रहे, जिन्होंने नए जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

वाराणसी के रहने वाले हैं एसीपी ऋषभ

एसीपी ऋषभ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की 2022 की परीक्षा में 44वीं रैंक हासिल की थी और वह 2022 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह लखनऊ में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

पिता की हत्या के बाद भी नहीं टूटा आयुषी का हौसला

सीओ आयुषी सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने भी UPPSC-2022 की परीक्षा में 62वीं रैंक प्राप्त की थी और वह भी 2022 बैच की डीएसपी/सीओ अधिकारी हैं।

आयुषी का यहां तक का सफर संघर्ष भरा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2015 में उनके पिता योगेंद्र सिंह की अदालत परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय आयुषी 11वीं कक्षा में पढ़ती थीं। पिता के जाने के बाद परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन आयुषी ने हिम्मत नहीं हारी और पिता के अधिकारी बनाने के सपने को पूरा करने की ठानी।

दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन मेहनत जारी रखी और अप्रैल 2023 में घोषित UPPSC-2022 के परिणाम में उनका चयन डिप्टी एसपी के पद पर हुआ।

एक ही बैच के इन दोनों अधिकारियों की जोड़ी और उनकी सफलता की कहानी सोशल मीडिया और पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बनी हुई है।

दिसंबर में बजेगी शहनाई

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, सगाई की रस्म पूरी होने के बाद दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अगले महीने (दिसंबर) दोनों अधिकारी विवाह के बंधन में बंध जाएंगे। हालांकि शादी की तारीख अभी सामने नहीं आई है। पुलिस विभाग के सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने दोनों अधिकारियों को इस नई शुरुआत के लिए बधाई दी है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन