Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : दि एशियन एज में ‘प्रदूषण में विश्व गुरु’ खबर पर सोनिया की किताब पर भाजपाई हमले का पर्दा

Crowded bookstore scene with customers browsing shelves and stacks of books, one man wearing a mask in the aisle.

संजय कुमार सिंह

दिल्ली में प्रदूषण का मुद्दा गर्म है। देशबन्धु की लीड के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से पूछा है, वायु प्रदूषण में हम विश्व गुरु क्यों बन रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने कहा है, दिल्ली में प्रदूषण के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की लीड के अनुसार, सोमवार को दिल्ली के प्रदूषण का 80 प्रतिशत पटाखों के कारण था। खबर के अनुसार एक्यूआई खतरनाक से ‘बेहतर’ होकर खराब हुआ लेकिन फिर वापस खतरनाक की श्रेणी में चला गया। यह दिलचस्प है कि दिल्ली में दीवाली पर प्रदूषण का कारण पड़ोसी राज्यों में पराली जलाए जाने को बताया जाता रहा है। दोनों पड़ोसी राज्यों – हरियाणा और उत्तर प्रदेश में डबल इंजन यानी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। दूर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। दिल्ली में प्रदूषण की शुरुआती खबरों के साथ पंजाब में पराली जलाए जाने की खबर आई थी। लेकिन हरियाणा या उत्तर प्रदेश से ऐसी कोई खबर पहले पन्ने पर नहीं दिखी।

आज हिन्दुस्तान टाइम्स में पंजाब और हरियाणा की खेतों में आग की खबर सेकेंड लीड है। खबर का इंट्रो है, अनुसंधानकर्ताओं का अनुमान है कि पंजाब और हरियाणा की खेतों में आग के करीब 34 हजार मामले हैं। उत्तर पश्चिम की हवा हुई तो दिल्ली में फिर धुआँ आ सकता है। दीवाली के बाद यह हवा कम हो गई थी। इससे दिल्ली में पराली जलाने का प्रभाव कम हुआ। अनुमान है कि बुधवार और गुरुवार को इसकी शुरुआत फिर होगी। दीवाली पर पटाखों से दिल्ली में प्रदूषण की खबर आज दि इंडियन एक्सप्रेस में भी है। हालांकि, साथ छपी फोटो दिल्ली की सड़कों पर पानी की फुहार छोड़ने और इससे प्रदूषण कम करने की कोशिश दिखाई गई है। आप जानते हैं कि इन दिनों खास स्तर तक प्रदूषण करने वाली गाड़ियों को ही दिल्ली में प्रवेश की इजाजत है। पहले दिन सीमा पर गाड़ियां रोके जाने से भीड़ लग गई थी और फिर खबर पहले पन्ने पर नहीं दिखी। आज दि इंडियन एक्सप्रेस ने पहले पन्ने पर अंदर की एक खबर के बारे में बताया है कि अभी तक गाड़ियों पर 11 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाया गया हैं। इनमें ज्यादातर प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र के लिए है।

दैनिक भास्कर में आज दिल्ली में प्रदूषण की खबर पहले पन्ने पर नहीं है। लेकिन सोनिया गांधी की किताब की खबर है। मुख्य शीर्षक ‘…इसमें बेटा खोने का दर्द, प्रणब की पीएम बनने की इच्छा … सब कुछ’ है। अमर उजाला की लीड का शीर्षक है, 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 91 भारत के; दिल्ली एनसीआर की हवा में मामूली सुधार। कहने की जरूरत नहीं है कि यह खबर, शीर्षक या तथ्य भारत सरकार की योग्यता, क्षमता और इच्छा या प्राथमिकता पर टिप्पणी है। इसका अपना राजनीतिक महत्व है और यह सोनिया गांधी की किताब से कम नहीं है। नवोदय टाइम्स की लीड प्रदूषण ही है लेकिन कुछ हट कर। खबरें बता रही हैं कि प्रदूषण पटाखों और पराली के कारण है लेकिन इस खबर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में उत्सर्जन में तेज वृद्धि हुई है और तत्काल हस्तक्षेप की जरूरत है। इस खबर का मुख्य शीर्षक है – सुप्रीम कोर्ट ने पूछा, वाहनों से प्रदूषण पर क्या किए उपाय।   

ऊपर आपने पढ़ा कि दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में 91 भारत के हैं। ऐसे में प्रदूषण सिर्फ दिल्ली या एनसीआर में नहीं है। द टेलीग्राफ की लीड कलकत्ता में प्रदूषण के बारे में है। खबर के अनुसार प्रदूषण के कारण अस्पताल में दाखिले बढ़ गए है। बुजुर्ग और बीमार दीवाली की कीमत चुका रहे हैं। आज द हिन्दू में सोनिया गांधी की किताब या दिल्ली में प्रदूषण से संबंधित कोई खबर पहले पन्ने पर नहीं है। आप जानते हैं कि देश भर की कई जरूरी खबरें दिल्ली में पहले पन्ने पर नहीं छपती हैं या अखबार के लिए विशेष हों तो जरूर छपती हैं। द हिन्दू में आज दो प्रमुख खबरें हैं जो दूसरे अखबारों में पहले पन्ने पर नहीं हैं। इनमें लीड खबर है, अमेरिकी अदालत ने एनएसए डोभाल और रॉ के पूर्व प्रमुख गोयल के खिलाफ मुकदमों की अनुमति दी। खबर है कि खालिस्तानी अलगाववादी पन्नू की एक दीवानी याचिका पर यह आदेश जारी हुआ है। इसमें उसने अपनी हत्या की कथित साजिश का आरोप लगाया है; भारत ने इन आरोपों को ‘बेबुनियाद’ बताकर खारिज कर दिया है।

द हिन्दू की आज की दूसरी खबर है, लद्दाख में हिल काउंसिल चुनाव की घोषणा, लेकिन नागरिक समाज समूह अपनी मांग पर अड़े। लद्दाख प्रशासन ने मंगलवार को केंद्र शासित प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनावों के साथ-साथ हिल काउंसिल चुनावों की भी घोषणा की। लेकिन इससे लोगों की चिंताएं कम नहीं हुईं, जो केंद्र सरकार द्वारा इस क्षेत्र को संभालने के तरीके को लेकर हैं। यहाँ राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) और छठी अनुसूची (सिक्स्थ शेड्यूल) के दर्जे की मांग को लेकर अक्सर विरोध-प्रदर्शन होते रहे हैं। चुनाव की इस खबर को सोनम वांगचुक की संस्था को परेशान किए जाने और कल के अखबारों में छपी उनकी खबर के आलोक में देखिए। आज दि इंडियन एक्सप्रेस की एक खबर बताती है कि गोकुल डेयरी के मामले में सरकारी उम्मीदवारों के वोट से गोकुल डेरी का नतीजा महायुति यानी सत्ता के पक्ष में झुका। कांग्रेस नेतृत्व वाला पैनल हार गया।

द टेलीग्राफ की एक खबर के अनुसार, मुख्य मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट नगर निकाय चुनावों पर लगी रोक नहीं हटाता है, तो उनकी सरकार 30 नवंबर के बाद कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के सभी 209 प्रस्तावित वार्डों में ‘भाजपा  के लोगों’ को ‘समन्वयक’ (कोऑर्डिनेटर) के रूप में नियुक्त करेगी। इस घोषणा के बाद विपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछले दरवाजे से नगर निकाय पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम में पत्रकारों से बात करते हुए, सुवेंदु ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि नगर निकाय चुनाव तय समय पर हों, लेकिन वे यह सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक इंतजाम करेंगे कि कानूनी अड़चनों की वजह से नगर प्रशासन के कामकाज पर कोई असर न पड़े। उन्होंने कहा: “अगर सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट की वेकेशन बेंच द्वारा लगाई गई रोक को हटा देता है, तो चुनाव समय पर होंगे।”

सोनिया गांधी की किताब समकालीन भारतीय राजनीति की एक बड़ी और अपने किस्म की पहली व अनूठी घटना है। लेकिन कुछ लोग किताब की गलतियां ढूंढ़ रहे हैं। ये गलतियां और किताब के जिन मुद्दों की चर्चा हुई है उनमें ऐसा कुछ नहीं है जिससे समझ में आए कि पेंग्विन ने इसे प्रकाशित करने से मना क्यों किया होगा और ऐसा कुछ था तो रुपा ने क्यों उसी तारीख पर प्रकाशित कर दिया। जाहिर है, इस सरकार में यह मार्केटिंग का योजनाबद्ध तरीका नहीं हो सकता है। ऐसे में कल किताब जारी होने के बाद पहला मुद्दा यही होना चाहिए था। अमूमन किताबों के प्रचार या मार्केटिंग के लिए किताबों के विवादस्पद अंश पहले जारी किए जाते हैं। इस बार एन राम के इंटरव्यू में भी ऐसा कुछ नहीं था। बाकी जो खबरें छपी उसमें भी कुछ खास नहीं मिला। और तो और सोनिया गांधी ने खुद कहा था, ‘यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है’। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा था, “जब यह किताब आएगी तो कुछ तमाशा तो होगा ही। आखिरकार, दूसरों ने मेरी ‘कहानी’ बताने में दशकों बिताए हैं, अब मेरी बारी है।” (जारी)

आगे पढ़िए – हिन्दुस्तान टाइम्स में पहले पन्ने पर किताब की चर्चा तक नहीं है, किसी अंश का जिक्र तो दूर!

यह रहा लिंक – https://www.bhadas4media.com/hindustan-times-mein-pehla-panne-par-kitaab/

लेखक से संपर्क [email protected] के जरिए किया जा सकता है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास