
पटना- हिंदुस्तान टाइम्स पटना के सीनियर असिस्टेंट एडिटर रहे अशोक कुमार सिन्हा (76) का निधन हो जाने की जानकारी सामने आई है। वह बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे और शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार को गुलबी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
दिवंगत सिन्हा के परिवार में दूरदर्शन में एंकर और अरविंद महिला कॉलेज की विजिटिंग फैकल्टी रहीं उनकी पत्नी निशा सिन्हा के अलावा उनकी बेटी नंदिता सिन्हा, दामाद सुजीत प्रसाद, बहू पूजा सिन्हा और पोते अक्षत व अर्जुन सिन्हा हैं।
सिन्हा ने अपनी पत्रकारिता की शुरूआत बहुत कम उम्र में की थी। उन्होंने 1972 में सर्चलाइट, पटना में सब एडिटर के तौर पर शुरुआत की। 1986 में टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपना पटना संस्करण लॉन्च किया तो वहां शुरूआती जुड़ने वालों में सिन्हा भी थे। बाद में वह हिंदुस्तान टाइम्स आए और बतौर डीएनई काम किया। इसके बाद सीनियर असिस्टेंट एडिटर के पद पर पहुंचे। कुछ समय तक पटना और रांची की संपादकीय टीम को भी लीड किया। सितंबर 2009 में रिटायर हुए थे।

हरदा (मप्र)। हरदा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और दैनिक भास्कर के किल्लौद संवाददाता हाजी रफीक खान (55) का मंगलवार देर रात हृदयाघात से दुखद निधन हो गया। बुधवार दोपहर उन्हें नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
उनके निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई और पत्रकारिता जगत ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया।

गिरिडीह। गिरिडीह के वरिष्ठ पत्रकार आलोक प्रभाकर का बुधवार रात नवजीवन नर्सिंग होम में उपचार के दौरान निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय पत्रकार समुदाय में गहरा शोक फैल गया। आलोक प्रभाकर लंबे समय तक ‘न्यूज़ लाइन’ से जुड़े रहे थे।
देवभूमि झारखंड न्यूज़ परिवार ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह गिरिडीह की पत्रकारिता जगत के लिए एक बड़ी क्षति है।


