‘नेटवर्क18’ से जुड़ी एक अहम खबर सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ मीडिया प्रोफेशनल अविनाश कौल ने नेटवर्क18 में अपनी लंबी पारी का समापन कर दिया है। वह यहां नेटवर्क18 (ब्रॉडकास्ट) के सीईओ के साथ-साथ A+E नेटवर्क्स और TV18 के मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस भूमिका में वे नेटवर्क18 के मैनेजिंग डायरेक्टर और ग्रुप एडिटर-इन-चीफ राहुल जोशी को रिपोर्ट करते थे।
अविनाश कौल पिछले एक दशक से अधिक समय से Network18 Media & Investments Limited से जुड़े हुए थे। अगस्त 2025 में उनके पोर्टफोलियो का विस्तार किया गया था, जिसके तहत टीवी, डिजिटल और प्रिंट प्लेटफॉर्म्स पर सीधे राजस्व वृद्धि को गति देने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। इसके साथ ही टीवी और प्रिंट बिजनेस के ऑपरेटिंग वर्टिकल्स और रेटिंग्स सुधारने का दायित्व भी उनके पास था।
करीब 26 वर्षों के मीडिया अनुभव वाले अविनाश कौल पिछले लगभग 15 सालों से लीडरशिप भूमिकाओं में सक्रिय रहे हैं। ब्रांड बिल्डिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी और बदलते मीडिया परिदृश्य में टीमों का नेतृत्व करने में उनका योगदान अहम माना जाता है। इंडस्ट्री में उन्हें एक सहयोगी, दूरदर्शी और परिणाम-उन्मुख लीडर के तौर पर जाना जाता है, जो नवाचार और बिजनेस लक्ष्यों के बीच संतुलन पर जोर देते रहे हैं।
इसी कड़ी में न्यूज18 डिजिटल से भी एक और बड़ा बदलाव सामने आया है। मितुल संगानी ने न्यूज18 डिजिटल के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (CEO) पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अप्रैल 2025 में यह जिम्मेदारी संभाली थी। नेटवर्क18 के डिजिटल न्यूज कारोबार को खड़ा करने और विस्तार देने में मितुल संगानी की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है।
CEO के तौर पर मितुल संगानी न्यूज18 डिजिटल की पूरी बिजनेस रणनीति देख रहे थे। उनका फोकस रेवेन्यू ग्रोथ, ऑडियंस विस्तार, यूजर एंगेजमेंट और ब्रांड की विश्वसनीयता मजबूत करने पर रहा। इससे पहले वे टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म्स पर रीजनल न्यूज क्लस्टर के CEO भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने न्यूज18 इंडिया समेत 15 भारतीय भाषाओं के टीवी न्यूज चैनलों और उनके डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की कमान संभाली थी।


