Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

वेब-सिनेमा

शब्दचर्चा 94 : अधिकतर साइटें लिख रहीं हैं सतलुज, NBT सतलज – सही कौन?

नीरेंद्र नागर-

दिलजीत दोसाँझ की फ़िल्म SATLUJ Zee5 के OTT प्लैटफ़ॉर्म से हटाए जाने के बाद और चर्चित हो गई है तथा पंजाब के गाँवों में खुलेआम दिखाई जा रही है।

जागरण से लेकर हिंदुस्तान तक सारी प्रमुख हिंदी साइटें इसे ‘सतलुज’ लिख रही हैं लेकिन एक नवभारत टाइम्स है जो अपनी हर ख़बर में इसे ‘सतलज’ लिख रहा है।

आज की शब्दचर्चा 94 में हम यही पता करेंगे कि SATLUJ मूवी का नाम हिंदी में कैसे लिखा जाना चाहिए – सतलज या सतलुज।

मूवी के नाम की अंग्रेज़ी स्पेलिंग (SATLUJ) को देखते हुए इसे सतलुज ही लिखा जाना चाहिए। हो सकता है कि इस अंग्रेज़ी स्पेलिंग के चलते ही अधिकतर हिंदी साइटें इसे सतलुज लिख रही हैं।

यह भी हो सकता है कि इन साइटों के उपसंपादकों/संवाददाताओं को पता हो कि पंजाब में इसे सतलुज (ਸਤਲੁਜ) ही बोला और लिखा जाता है।

लेकिन तब सवाल उठता है कि नवभारत टाइम्स इसे क्यों सतलज लिख रहा है।

इसका कारण यह है कि जिस नदी के नाम पर मूवी का नाम रखा गया है, उसे हिंदी में सतलज कहा और लिखा जाता है। यानी पंजाब में सतलुज लेकिन हिंदी प्रदेशों में सतलज।

अब यह सतलुज नाम पंजाब से बाहर जाते ही सतलज कैसे हो गया, यह रिसर्च का विषय है। हिंदी के शब्दकोशों में इसका जवाब नहीं मिलता। परंतु अंग्रेज़ी के शब्दकोशों और नक़्शों में इसका जवाब मिल सकता है जहाँ इस नदी के नाम की स्पेलिंग दी हुई है SUTLEJ.

यानी मूवी बनाने वालों ने फ़िल्म का नाम स्थानीय उच्चारण के हिसाब से SATLUJ रखा परंतु नदी के नाम की मूल अंग्रेज़ी स्पेलिंग है SUTLEJ. अब जो नहीं जानता हो कि इस नदी को पंजाब में क्या कहते हैं, वह SUTLEJ को सतलेज या सतलज समझ सकता है।

एक वजह यह भी हो सकती है कि हिंदी प्रदेशों में भी पहले सतलुज बोला जाता रहा हो लेकिन लु का ‘उ’ धीरे-धीरे ग़ायब हो गया हो (जैसे बाहु>बाँह) और सतलज बन और चल गया हो।

वैसे सतलुज नाम भी अपने-आपमें किसी पहेली से कम नहीं है। कारण, हिंदी शब्दसागर के अनुसार यह बना है संस्कृत के शतद्रु से जिसका मतलब है सौ धाराओं वाली।

अब शतद्रु से सतलुज कैसे बना होगा? शत का सत तो समझ में आता है मगर द्रु को लुज?

इसका संभावित कारण दिखता है विपर्यय में। भाषा विज्ञान में विपर्यय एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके चलते समय के साथ शब्दों की मात्राएँ या ध्वनियाँ इधर से उधर हो जाती हैं। जैसे बिंदु का बूँद, उँगली का अंगुली, लार का राल, ससुर का सूसर, लखनऊ का नखलऊ आदि।

हो सकता है, शतद्रु का द्रू पहले रुद् में बदला हो, फिर रुद लुज में। यानी ‘र’ का ‘ल’ और ‘द’ का ‘ज’ में परिवर्तन।

यह कोई अनोखी बात नहीं है। संस्कृत के हरिद्रा और पर्यंक हिंदी में हलदी और पलंग हो गए – ‘र’ की ध्वनि ‘ल’ में बदल गई। इसी तरह अद्य से आज, दीदी से जीजी बन गए – ‘द’ का ‘ज’ हो गया।

संभव है, शतद्रु भी इसी तरह पहले शतरुद और बाद में सतलुज हो गया हो।

चलिए, सतलुज और सतलज पर चर्चा तो हो गई मगर निष्कर्ष क्या निकला? निष्कर्ष यही कि यदि नदी का नाम हिंदी में लिखना हो तो सतलज लिखें लेकिन अगर मूवी का नाम लिखना हो तो सतलुज। इस हिसाब से बाक़ी साइटें सही हैं, नवभारत टाइम्स ग़लत।

पिछली शब्दचर्चा…

शब्दचर्चा 93 : स्मृति मलहोत्रा शादी के बाद क्या हुईं – ईरानी या इरानी?

Pahad Ki Dada: Hill Mail Uttarakhand
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन