नई दिल्ली। दैनिक भास्कर का संचालन करने वाली कंपनी DB Corp Ltd. ने अपनी 30वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) की तारीख घोषित कर दी है। कंपनी की AGM 2 सितंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) और अन्य ऑडियो-वीडियो माध्यम (OAVM) के जरिए आयोजित होगी। बैठक में कंपनी के प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शेयरधारकों के सामने रखे जाएंगे।
AGM में सबसे अहम प्रस्ताव सुधीर अग्रवाल की दोबारा मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्ति से जुड़ा है। कंपनी ने उन्हें 1 जनवरी 2027 से 31 दिसंबर 2031 तक पांच साल की अवधि के लिए फिर से मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव पर शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी।
इसके अलावा पवन अग्रवाल की दोबारा नियुक्ति का प्रस्ताव भी AGM के एजेंडे में शामिल है। रोटेशन के आधार पर रिटायर हो रहे पवन अग्रवाल को फिर से निदेशक बनाए जाने पर शेयरधारक मतदान करेंगे।
29 अगस्त से शुरू होगी ई-वोटिंग
AGM से पहले शेयरधारकों के लिए रिमोट ई-वोटिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह प्रक्रिया 29 अगस्त 2026 सुबह 9 बजे से 1 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी। 26 अगस्त 2026 तक कंपनी के शेयर रखने वाले शेयरधारक ही मतदान के पात्र होंगे।
कंपनी ने शेयरधारकों से 21 अगस्त 2026 तक अपना ई-मेल पता डिपॉजिटरी पार्टिसिपेंट (DP) के पास अपडेट करने को कहा है, ताकि AGM और ई-वोटिंग से संबंधित सूचनाएं समय पर मिल सकें।
AGM में वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड वित्तीय परिणामों को मंजूरी, कॉस्ट ऑडिटर के पारिश्रमिक की पुष्टि सहित अन्य प्रस्तावों पर भी शेयरधारकों की राय ली जाएगी।
गौरतलब है कि DB Corp ने वित्त वर्ष 2025-26 के नतीजों में आय में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की थी, हालांकि मुनाफे पर दबाव रहा। कंपनी ने शेयरधारकों के लिए 7 रुपये प्रति शेयर यानी 70 फीसदी इक्विटी डिविडेंड की भी घोषणा की है। अब 2 सितंबर को होने वाली AGM में सुधीर अग्रवाल और पवन अग्रवाल से जुड़े अहम प्रस्तावों समेत कंपनी के अन्य प्रस्तावों पर शेयरधारकों का फैसला होगा।
रिपब्लिक बांग्ला में स्वर्णाली और सुभ्रांग्शु को बड़ी जिम्मेदारी
कोलकाता। रिपब्लिक बांग्ला ने अपने एडिटोरियल विभाग में बड़ा बदलाव करते हुए वरिष्ठ पत्रकार स्वर्णाली सरकार (Swarnali Sarkar) और सुभ्रांग्शु चटर्जी (Subhrangshu Chatterjee) को एग्जिक्यूटिव एडिटर नियुक्त किया है। दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
नई जिम्मेदारी के तहत स्वर्णाली सरकार और सुभ्रांग्शु चटर्जी संयुक्त रूप से रिपब्लिक बांग्ला के पूरे एडिटोरियल ऑपरेशन का नेतृत्व करेंगे। चैनल के डेस्क, रिपोर्टिंग, एंकरिंग, गेस्ट रिलेशंस, डिजिटल टीम समेत विभिन्न संपादकीय गतिविधियां अब उनके नेतृत्व में संचालित होंगी।
रिपब्लिक बांग्ला प्रबंधन के मुताबिक, स्वर्णाली सरकार और सुभ्रांग्शु चटर्जी ने चैनल की संपादकीय यात्रा और उसके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एग्जिक्यूटिव एडिटर की नई भूमिका में दोनों से एडिटोरियल क्वालिटी को और मजबूत करने, अलग-अलग टीमों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और चैनल के विस्तार को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
कंपनी ने दोनों की नई नियुक्ति की घोषणा करते हुए टीम के सदस्यों से नए नेतृत्व को सहयोग देने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि दोनों वरिष्ठ पत्रकारों की संयुक्त जिम्मेदारी से चैनल के एडिटोरियल ऑपरेशन को मजबूती मिलेगी और रिपब्लिक बांग्ला को विकास के अगले चरण में ले जाने में मदद मिलेगी।
स्वर्णाली सरकार और सुभ्रांग्शु चटर्जी की नियुक्ति को रिपब्लिक बांग्ला के एडिटोरियल नेतृत्व में अहम बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। चैनल ने दोनों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वे टीम को एकजुट रखते हुए दर्शकों के लिए बेहतर और प्रभावी कंटेंट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


