Connect with us

Hi, what are you looking for?

साहित्य

सोनिया गांधी से वो पहली वन-टू-वन मुलाकात, जब मैडम जवाब देने के बजाय मुझसे ही पूछने लगीं: उर्मिलेश

सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging’ की रिलीज पर वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश की यादें: राजीव गांधी से तीन मुलाकातें और 10 जनपथ में सोनिया गांधी से वह वन-टू-वन बातचीत।

अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के साथ सोनिया गांधी

उर्मिलेश

सोनिया गांधी जी की आत्मकथात्मक किताब Belonging: A Journey of Love आज ‘रिलीज’ हो रही है। अपने प्रकाशन और बाजार में उपलब्ध होने से पहले ही किताब को लेकर बहुत सारी चर्चा हो चुकी है। भारत में इसके प्रकाशन सम्बन्धी विवाद की चर्चा भी इसमें शामिल है। इसमें कोई संदेह नहीं कि यह किताब वर्ष 2026 की बेस्ट-सेलर ही नहीं, सुपर बेस्ट-सेलर साबित होने जा रही है।

भारत में इसका प्रकाशन HarperCollins ने किया है जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए किताब के प्रकाशक हैं Alfred A. Knopf (Penguin Random House)।

यह पुस्तक सोनिया गांधी द्वारा लिखी उनकी अपनी कहानी है, जिसमें उनका परिवार, समाज, देश और उसका राजनीतिक परिदृश्य भी है। पुस्तक के कुछेक अंश या उन अंशों के बारे में जो कुछ अब तक मीडिया में आया है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि सोनिया गांधी ने राजीव गांधी से अपने सम्बन्ध की शुरुआत और बाद के प्रसंगों पर जो कुछ लिखा है, वे बेहद मार्मिक हैं। अपने दिवंगत पति के व्यक्तित्व के विविध आयामों की उन्होंने इसमें विस्तार से चर्चा की है। पढ़ने के बाद किताब पर विस्तार से लिखने की इच्छा है।

फिलवक्त, कुछ बातें सोनिया गांधी के बारे में! एक पत्रकार के तौर पर अपने चार दशक से कुछ ज्यादा के कॅरियर में हमने कई बड़े नेताओं को देखा, उनसे मिलकर बातें कीं और उनकी राजनीति को समझने की कोशिश की। इनमें दिवंगत राजीव गांधी और सोनिया गांधी जैसे बड़े नेता भी शामिल हैं।

राजीव जी का दो बार इंटरव्यू किया। उस समय वह देश के प्रधानमंत्री थे और मैं टाइम्स ग्रुप के हिंदी अखबार नवभारत टाइम्स का राजनैतिक मामलों को ‘कवर’ करने वाला बिहार स्थित संवाददाता था। भूकंप पीड़ितों से मिलने आये राजीव गांधी का एक इंटरव्यू अस्पताल में लिया था। उस दौरे में सोनिया जी भी साथ में थीं। राजीव जी से इस मुलाकात को संभव बनाने में तारिक अनवर साहब की भूमिका थी। उन दिनों वह बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

राजीव जी से दूसरी बातचीत हमने किशनगंज में की थी, जब वह अपनी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी एम.जे. अकबर के चुनाव प्रचार में वहां पहुंचे थे। राजीव जी से तीसरी और आखिरी मुलाकात पटना एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में हुई थी। तब वह सरकार में नहीं थे। बातचीत ज्यादा नहीं हुई, बस साथ में चाय पीना हुआ और उनके दौरे से सम्बद्ध मुद्दों पर एक-दो सवाल-जवाब हुए। पर उस दिन वीआईपी लाउंज की एक खास घटना ने मुझे एक रोचक खबर दे दी। उस घटना से यह भी जाहिर हुआ कि राजीव गांधी राजनेता के रूप में चाहे जैसे भी रहे हों, पर एक इंसान के रूप में बहुत सहज और सुंदर थे। उक्त घटना का जिक्र मैं पहले भी अपनी पोस्ट और अपने एक आलेख में कर चुका हूं।

सोनिया गांधी जी से संसद के गलियारे में या सेंट्रल हॉल में आते-जाते कई झटके वाली (अति संक्षिप्त) मुलाकातें हुईं। ऐसी मुलाकातों के मुकाबले कुछ मिनटों की एक मुलाकात बेंगलुरु में हुई, जब वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंची थीं। उन दिनों मैं एचटी मीडिया के हिंदी अखबार हिंदुस्तान के लिए काम करता था। उन दिनों डी.के. शिवकुमार युवा कांग्रेस के तेजतर्रार नेता थे। जहां तक याद आ रहा है, कांग्रेस के उक्त अधिवेशन को ‘कवर’ करने दिल्ली या मुंबई से गये पत्रकारों के रखरखाव का प्रबंधन वही संभाल रहे थे। राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के मीडिया विभाग की अध्यक्ष अंबिका सोनी थीं और अधिवेशन के मंच संचालक जनार्दन द्विवेदी थे! लेकिन बेंगलुरु की मुलाकात एक ग्रुप में हुई थी। बातचीत भी कुछ खास नहीं!

सोनिया गांधी से मेरी औपचारिक और वन-टू-वन पहली मुलाकात 2004 के लोकसभा चुनाव से पहले 2003 या 2004 के किसी महीने में हुई थी। तब वह कांग्रेस अध्यक्ष थीं और चुनाव तैयारी के क्रम में नेशनल मीडिया से सम्बद्ध कुछ राजनीतिक संवाददाताओं/संपादकों से क्रमशः मिल रही थीं। कांग्रेस के मीडिया विभाग ने सोनिया जी से मिलने के लिए शॉर्ट-लिस्ट किये पत्रकारों में हिंदुस्तान अखबार की तरफ से मेरा नाम रखा था।

एक दिन दोपहर कांग्रेस मीडिया विभाग के दफ़्तर के तत्कालीन कर्ता-धर्ता टॉम वडक्कन (आजकल ये भाजपा में हैं) का फोन आया कि आप अपना एक बायोडाटा भेज दें, मैडम के यहां भेजना है। वहां से क्लियर होने के बाद इंटरव्यू/मुलाकात की तारीख और समय तय होगा। मैंने भेज दिया। दूसरे या तीसरे दिन बुलावा भी आ गया। हिंदी अखबार वाला था, शायद इसलिए पार्टी के मीडिया विभाग ने मुझे मैडम से बातचीत का 15 मिनट का समय तय किया था। टॉम मुझे 10, जनपथ के अंदर ले गये। कुछ मिनट के इंतजार के बाद मैं सोनिया जी के उस ड्राइंग रूम या मीटिंग हॉल में था, जहां वह लोगों से मिलती थीं/हैं और जिसकी अनेक तस्वीरें अखबारों में हमने देखी थीं।

संवाद की शुरुआत कुछ ‘डल’ रही, लेकिन धीरे-धीरे दिलचस्प होने लगी। सोनिया जी अनेक मसलों पर खुलकर बोल रही थीं, पर वह कोई बड़ी खबर देने वाले मूड में नहीं आ रही थीं। हमने बंगाल के एक तत्कालीन राजनीतिक विवाद पर पूछा तो उन्होंने जो जवाब दिया, उससे मुझे लिखने लायक एक ठीक-ठीक खबर मिल गई। इसके बाद यूपी-बिहार पर चर्चा शुरू हुई। मैडम मेरे सवालों का जवाब छोटे-छोटे वाक्यों में दे रही थीं, लेकिन वह ज्यादा कुछ बताने के बजाय मुझसे कुछ और जानने पर जोर देती नज़र आईं!

मैं हतप्रभ था। मैंने कहा भी, मैं तो यूपी पर आपसे बहुत कुछ सुनना चाहता हूं, पर आप तो मुझसे ही पूछने लगीं! वह हंसीं और फिर कुछ कहने लगीं! उस दिन हम लोगों की चर्चा में मेरी तरफ से एक शब्द आया: कुशवाहा! मैडम इस समुदाय के बारे में शायद ज्यादा जानना चाहती थीं। उन्होंने जो कुछ पूछा, मैंने बताया। बहुत उत्सुकता से कुशवाहा समुदाय के बारे में उन्होंने सुना! हमारी पहली और अब तक की उस आखिरी वन-टू-वन मुलाकात में राजनीति के अलावा ऐसे कई सामाजिक विषय/संदर्भ और ‘व्यक्ति’ भी चर्चा का विषय बने।

मुलाकात का निर्धारित 15 मिनट, 25 मिनट क्रॉस कर गया था। तभी एक तरफ से दरवाजा हल्का खुला और मैडम के एक सहायक ने अगली कुछ राजनीतिक बैठकों की उन्हें याद दिलाई, जिसमें भाग लेने के लिए कई प्रमुख नेता बाहर बैठे इंतजार कर रहे थे। बहरहाल, हमारी बातचीत कुछ देर और, शायद 30 मिनट से कुछ ज्यादा चली!

बाहर निकले। बाहर देखा, कई प्रमुख कांग्रेस नेता अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें मेरे एक परिचित नेता थे, कर्नाटक के जनार्दन पुजारी! उनसे हाथ मिलाया और फिर 10, जनपथ से निकलकर 24, अकबर रोड स्थित मीडिया विभाग के दफ़्तर की तरफ चल पड़ा। टॉम को सब मालूम हो चुका था। उन्होंने कहा: ‘आपको तो मैडम ने काफी समय दिया!’ लेकिन दफ़्तर पहुंचा तो माहौल कुछ ठीक नहीं दिखा! पर मेरी ‘स्टोरी’ अगले दिन के अखबार में पहले पेज पर छपी, सबसे नीचे के महत्वपूर्ण स्थान पर, एंकर के तौर पर! लेकिन उस स्टोरी पर मेरा नाम (बाइलाइन) नहीं था!

आज सोनिया जी की किताब आ रही है। एक लेखक के रूप में भी वह लोगों के सामने आयेंगी। बहुत-बहुत बधाई मैडम!

इसे भी पढ़ें: सोनिया गांधी की जुबानी उनके प्रधानमंत्री पद ठुकराने की कहानी इंडियन एक्सप्रेस ने छापी है, पढ़िए

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन