Connect with us

Hi, what are you looking for?

उत्तर प्रदेश

कानपुर: अमर उजाला, जागरण और हिंदुस्तान पर जबरन कॉपियां थोपने का आरोप, बर्रा के वितरक साहू बोले- एक साल से झोले में बच रही रद्दी, अंदर से टूट चुका हूं

कानपुर के बर्रा सेंटर के वितरक साहू का वीडियो वायरल: अमर उजाला, जागरण और हिंदुस्तान पर जबरन प्रतियां थोपने का आरोप, कहा- एक साल से झोले में रद्दी बच रही है।

कानपुर के बर्रा सेंटर के अखबार वितरक साहू, वायरल वीडियो से

कानपुर। शहर के बर्रा सेंटर के एक अखबार वितरक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिंदुस्तान, तीनों अखबार समूहों पर जरूरत से ज्यादा प्रतियां थोपने का आरोप लगाया है। वितरक साहू ने वीडियो में कहा है कि इन प्रतियों की वजह से वे भारी नुकसान में हैं, अंदर से पूरी तरह टूट चुके हैं, और उन्होंने आत्मदाह तक की चेतावनी दी है।

वीडियो में साहू बताते हैं कि पिछले एक साल से उनके झोले में रोज अखबार बच रहे हैं, जो आखिर में रद्दी बन जाते हैं। उनका कहना है कि वे प्रतियां कम करने के लिए कई बार कह चुके हैं, लेकिन न तो कोई संस्थान, न एजेंट और न ही सर्कुलेशन इंस्पेक्टर (सीआई) कॉपी कम कर रहा है। उन्होंने इस हालत के लिए सीधे तौर पर तीनों अखबार संस्थानों को जिम्मेदार ठहराया है।

साहू का कहना है कि आज जो वितरक इस बोझ को ढो रहे हैं, उसकी जिम्मेदारी भी संस्थानों की है। उनके मुताबिक, अगर संस्थान समय रहते प्रतियों पर नियंत्रण कर लेते तो वितरकों के पास कॉपियां न बचतीं और कोई आदमी इस कदम तक मजबूर न होता। वीडियो में उन्होंने कहा कि इसे सिर्फ धमकी न समझा जाए।

वीडियो सामने आने के बाद वितरकों के बीच यह संदेश तेजी से फैल रहा है। अखबार वितरण से जुड़े लोगों का पुराना दर्द रहा है कि सर्कुलेशन के आंकड़े ऊंचे दिखाने के लिए उन पर मांग से ज्यादा प्रतियां डाली जाती हैं। बिना बिकी प्रतियां लौटाने की सुविधा न होने पर उसका पूरा नुकसान वितरक और हॉकर को उठाना पड़ता है।

इस मामले में अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिंदुस्तान का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

अगर आप या आपका कोई परिचित गहरे तनाव या निराशा से गुजर रहा है, तो सरकार की मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेली–मानस (Tele-MANAS) पर 14416 पर बात कर सकते हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन