Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

पद्म भूषण से सम्मानित हमारे समय की सबसे असाधारण कलाकारों में से एक अर्पिता सिंह के निधन पर कहीं कुछ लिखा छपा हुआ आपको दिखा?

पद्म भूषण से सम्मानित चित्रकार अर्पिता सिंह का 89 वर्ष की उम्र में निधन। वरिष्ठ पत्रकार दिबांग ने यादें साझा करते हुए हिंदी मीडिया की चुप्पी पर हैरानी जताई।

दिबांग द्वारा साझा की गई अर्पिता सिंह के साथ तस्वीर

(तस्वीर : मशहूर कलाकार सुबोध गुप्ता जी और पद्मभूषण अर्पिता सिंह जी के पीछे बैठे वरिष्ठ पत्रकार दिबांग जी)

नई दिल्ली। समकालीन भारतीय कला की दिग्गज और पद्म भूषण से सम्मानित चित्रकार अर्पिता सिंह का सोमवार, 9 नवंबर 2026 को दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। वे 89 वर्ष की थीं। उनके पति और जाने-माने चित्रकार परमजीत सिंह ने बताया कि उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उनका देहांत हुआ।

परमजीत सिंह के मुताबिक, अर्पिता सिंह कुछ सालों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं, लेकिन लगभग आखिरी समय तक सक्रिय रूप से काम करती रहीं। पिछले तीन दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अर्पिता सिंह (जन्म नाम अर्पिता दत्ता) का जन्म 22 जून 1937 को पश्चिम बंगाल के बरानगर में हुआ था। 1946 में वे परिवार के साथ दिल्ली आ गईं। दिल्ली पॉलिटेक्निक से फाइन आर्ट्स में डिप्लोमा हासिल करने के बाद उन्होंने वीवर्स सर्विस सेंटर में काम किया। 1962 में उन्होंने साथी कलाकार परमजीत सिंह से शादी की। उनकी बेटी अंजुम सिंह, जो खुद एक कलाकार थीं, का 2020 में कैंसर से निधन हो गया था।

अर्पिता सिंह अपने घने, कहानीनुमा और स्वप्निल चित्रों के लिए जानी जाती थीं, जिनमें महिलाओं के अनुभव, रोजमर्रा की जिंदगी, सामाजिक उथल-पुथल और मानवीय संकट बारीकी से उकेरे जाते थे। उनकी कला में भारतीय लघु चित्रकला, लोक कला, कांथा कढ़ाई और वस्त्र परंपराओं का असर साफ दिखता था। 2011 में उन्हें पद्म भूषण और 2014 में ललित कला अकादमी फेलोशिप से सम्मानित किया गया। उनके अन्य सम्मानों में कालिदास सम्मान और परिषद सम्मान शामिल हैं।

उनकी कृतियां भारत और विदेशों में प्रदर्शित हुईं। 2019 में किरण नादर म्यूजियम ऑफ आर्ट में उनका रेट्रोस्पेक्टिव हुआ, और 2025 में लंदन की सर्पेंटाइन गैलरीज में ‘Remembering’ नाम से उनकी बड़ी एकल प्रदर्शनी लगी। उनके निधन पर कला जगत ने गहरा शोक जताया है।

लेकिन हिंदी मीडिया में इतनी बड़ी कलाकार के जाने की खबर लगभग गायब है। वरिष्ठ पत्रकार दिबांग ने सोशल मीडिया पर अर्पिता सिंह से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए इस चुप्पी पर हैरानी जताई है। उन्होंने लिखा:

Remembering Arpita Singh.
नहीं रहीं अर्पिता जी.
पत्रकारिता के शुरुआती दिनों से उनसे बातचीत होती रही. पहली मुलाकात करीब 30 साल पहले हुई थी, जब बंगाली पत्रिका ‘देश’ के annual के कवर पर बना उनका चित्र खूब चर्चित हुआ था.
उनके चित्र घरेलू चीज़ों और महिलाओं के अनुभवों के सहारे आधुनिक जीवन की सच्चाइयों और संघर्षों को बारीकी से पकड़ते थे.
उन्हें कविता पढ़ने का बहुत शौक था. पिछले दिनों जब मिला तो विनोद कुमार शुक्ल की कविताओं का संग्रह ‘Treasurer of Piggy Banks’ उन्हें दिया. इसमें कवि और अनुवादक अरविन्द कृष्ण मेहरोत्रा ने शुक्ल की कविताओं का अंग्रेज़ी अनुवाद किया है. उन्हें संग्रह की कई कविताएँ पढ़कर सुनाईं, जो उन्हें बहुत पसंद आईं.
हाल में उन्हें उनका एक पुराना मज़ेदार वीडियो दिखाया, जो Vadehra Art Gallery द्वारा आयोजित Yoko Ono के शो की ओपनिंग पर रिकॉर्ड किया था. वीडियो देखकर बहुत खुश हुईं. बोलीं, “ये वीडियो मुझे भेजो.”
कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी पसंदीदा Brian Patten की एक कविता भेजी, साथ में उसका हिंदी अनुवाद भी. बताया कि उनकी बेटी की एक सहेली ने उसका हिंदी अनुवाद किया है.
“एक शख़्स, आख़िर, कितने अरसे तक ज़िंदा रहता है?.. ..

आख़िर, एक शख़्स की ज़िन्दगी कितनी लम्बी होती है?
और कितना जीता है वो जब ज़िंदा रहता है?
हम घबराते है, सैकड़ो सवाल करते हैं–
पर जब हल मिलता है हमें–
इतना सरल सा है असली जवाब.
एक शख़्स उतने अरसे के लिए ही जीता है,
जितने दिन हम उसे अपने अंदर सँभालते हैं,
जितने दिन हम उसके ख़्वाबों की फ़सल अपने साथ रखते हैं,
जितने दिन हम ख़ुद जीवित रहते हैं,
साझी यादें बरक़रार रखते हुए,
वो शख़्स जीता रहता है.
उसकी मेहबूबा के संग उसकी खुशबु, उसका स्पर्श रहेगा,
उसके बच्चों के पास उसकी मोहब्बत का वज़न.
एक दोस्त उसकी दलीलों को साथ ले लेगा,
एक और उसके पसंदीदा धुनें गुनगुनायेगा,
एक और उसकी वहशतों में अभी भी होगा शरीक.

और दिन, हैरान चेहरे लिए, बीतते जायेंगे,
और फिर हफ़्ते, और उसके बाद महीनें.
फिर एक दिन ऐसा आएगा,
जब कोई भी सवाल पूछने के लिए नहीं रहेंगे,
और पेट में ग़म की गुत्थियां सुलझने लगेंगी,
और सूजे हुए चेहरों पर छायेगा सुकून.
और उस दिन, वो समाप्त नहीं होगा,
बल्कि उस से हमारी जुदाई की समाप्ति होगी.

एक शख़्स, आख़िर, कितने अरसे तक ज़िंदा रहता है?
एक आदमी का ज़िन्दगी कितने मुख़्तिफ़ मीआदों में बटी होती है.”

वो हमेशा साथ रहेंगी.

हैरानी होती है कि 2011 में पद्म भूषण से सम्मानित हमारे समय की सबसे असाधारण कलाकारों में से एक अर्पिता सिंह पर हिंदी में एक भी ट्वीट नहीं दिख रहा. समकालीन भारतीय कला की इस दिग्गज कलाकार पर अखबारों और चैनलों की वेबसाइटें भी खामोश हैं.
देखना है, कल हिंदी के कितने अखबार उन पर कैसी और कितनी खबर छापते हैं.

– दिबांग

दिबांग की पूरी पोस्ट यहां देखें: x.com/dibang

वीडियो देखें- https://x.com/dibang/status/2119824420219068553/video/1?s=46

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन