Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

‘Huang Huang Bang Bang’: एनवीडिया सीईओ के जासूसी अफेयर को अमेरिकी अखबारों ने कैसे परोसा

न्यूयॉर्क पोस्ट ने पूरे पन्ने पर ‘Huang Huang Bang Bang’ छापा, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने एक कॉलम दिया, FT ने इसे शेयर बाजार की खबर बनाया, और स्कूप देने वाले न्यूयॉर्क टाइम्स ने पहले पन्ने पर जगह ही नहीं दी।

जेनसन हुआंग विवाद पर कैलिफ़ोर्निया पोस्ट का 9 नवंबर 2026 का पहला पन्ना

दुनिया की सबसे अहम AI चिप कंपनी एनवीडिया के सह-संस्थापक और सीईओ जेन्सन हुआंग का कथित चीनी जासूस से अफेयर पिछले हफ्ते अमेरिकी मीडिया की सबसे बड़ी खबर बन गया। लेकिन एक ही खबर को अलग-अलग अखबारों ने बिल्कुल अलग अंदाज में परोसा। किसी ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला बनाया, किसी ने शेयर बाजार और कारोबार का, तो किसी ने ऐसा शीर्षक लगाया कि पूरी दुनिया में उसकी चर्चा होने लगी।

पहले मामला संक्षेप में। अक्टूबर में न्यूयॉर्क टाइम्स ने खबर दी कि अमेरिकी खुफिया अधिकारी सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग को चीनी जासूस मानते हैं और जेन्सन हुआंग से उनकी नजदीकी पर नजर रखी जा रही है। एलिस हुआंग और जेन्सन हुआंग का आपस में कोई रिश्ता नहीं है, सिर्फ उपनाम एक है। शुक्रवार, 6 नवंबर को फाइनेंशियल टाइम्स ने दोनों के रिश्ते की खबर छापी। रविवार, 8 नवंबर को जेन्सन हुआंग ने कर्मचारियों को लिखे पत्र में माना कि वे अपनी पत्नी के प्रति बेवफा रहे, और एनवीडिया बोर्ड ने स्वतंत्र जांच का एलान किया। सोमवार, 9 नवंबर को यह खबर अमेरिकी अखबारों के पहले पन्नों पर थी।

न्यूयॉर्क पोस्ट: ‘Huang Huang Bang Bang’

सबसे ज्यादा चर्चा टैब्लॉयड अखबार न्यूयॉर्क पोस्ट के पहले पन्ने की हुई। सोमवार सुबह उसने और उसके कैलिफोर्निया संस्करण ‘कैलिफोर्निया पोस्ट’ ने पूरा पहला पन्ना इसी खबर को दिया और शीर्षक लगाया: ‘Huang Huang Bang Bang’ (ऊपर तस्वीर)। एक तरफ जेन्सन हुआंग की बड़ी तस्वीर, बीच में एलिस हुआंग की छोटी तस्वीर, और नीचे लिखा कि एनवीडिया बॉस ने चीनी ‘जासूस’ से अफेयर कबूला, जबकि कंपनी ने जांच शुरू की। ‘जासूस’ शब्द को अखबार ने उद्धरण चिह्नों में रखा।

दोनों का उपनाम एक होने पर बना यह शब्दों का खेल कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया से लेकर ब्लूमबर्ग जैसे गंभीर प्रकाशनों तक में उद्धृत होने लगा। ब्लूमबर्ग के एक ओपिनियन लेख ने लिखा कि यह रिश्ता किसी टैब्लॉयड के पहले पन्ने लायक था, और सोमवार सुबह वहीं पहुंच भी गया। पोस्ट की खबर की पहली लाइन भी उसी अंदाज में थी, जिसका मतलब था कि वह महिला उन्हें सिर्फ उनकी चिप्स के लिए चाहती थी।

वॉल स्ट्रीट जर्नल: पहले पन्ने पर एक कॉलम, संयमित शीर्षक

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने खबर को पहले पन्ने पर दाहिनी ओर एक कॉलम में जगह दी। शीर्षक था: ‘Nvidia Probes Reports CEO Was Spy Target’, यानी एनवीडिया उन खबरों की जांच कर रही है कि सीईओ जासूसी के निशाने पर थे। इसके नीचे की लाइन में दोनों पहलू एक साथ रखे गए: हुआंग ने बीजिंग से जुड़ी महिला से अफेयर माना, और बोर्ड को सुरक्षा में कोई सेंध नहीं दिखती। यानी जर्नल का जोर अफेयर से ज्यादा कंपनी की जांच और बोर्ड के रुख पर था।

वॉल स्ट्रीट जर्नल के पहले पन्ने पर एक कॉलम की खबर: Nvidia Probes Reports CEO Was Spy Target
वॉल स्ट्रीट जर्नल के पहले पन्ने पर एक कॉलम में छपी खबर

जर्नल ने कहानी को कारोबारी कागजात और ब्योरों से गढ़ा। कॉरपोरेट रिकॉर्ड के हवाले से उसने बताया कि एलिस हुआंग मार्च 2023 में मेगास्पीड की मैनेजिंग डायरेक्टर बनीं और 2024 की शुरुआत में कैलिफोर्निया में एनवीडिया के एक कार्यक्रम में जेन्सन हुआंग से मिलीं। अखबार ने ताइपे में दोनों की साथ ली गई तस्वीरों का जिक्र किया और लिखा कि सिंगापुर और ताइवान के अधिकारियों को भी शक था कि चीनी खुफिया एजेंसी ने एलिस को भर्ती किया है। जर्नल का सबसे तीखा बिंदु यह था कि खुफिया अधिकारियों को अफेयर का शक उसी दौरान था, जब हुआंग चीन को चिप निर्यात की छूट के लिए व्हाइट हाउस में लॉबिइंग कर रहे थे।

फाइनेंशियल टाइम्स: शेयर बाजार की नजर से

फाइनेंशियल टाइम्स ने ही शुक्रवार को रिश्ते की खबर सबसे पहले छापी थी, जिस पर तब एनवीडिया ने कहा था कि हुआंग हर साल हजारों ग्राहक कंपनियों के अधिकारियों से मिलते हैं। मंगलवार, 10 नवंबर के अंक में FT ने इसे पहले पन्ने की मुख्य खबर बनाया, लेकिन पूरी तरह बाजार के नजरिए से। शीर्षक था: ‘Nvidia shares fall as board investigates Huang’s exposure to China spy claims’, यानी बोर्ड की जांच के बीच एनवीडिया के शेयर गिरे।

शीर्षक के नीचे तीन बिंदु थे: सह-संस्थापक को नुकसानदेह झटका, सीईओ निदेशकों की जांच में मदद करेंगे, और कर्मचारियों का भरोसा फिर जीतने की कोशिश। उसी पन्ने पर FT के मशहूर ‘Lex’ कॉलम ने टिप्पणी की कि दुनिया जेन्सन हुआंग की कमजोरियों और किस्मत पर कुछ ज्यादा ही निर्भर है।

फाइनेंशियल टाइम्स का 10 नवंबर 2026 का पहला पन्ना: Nvidia shares fall as board investigates Huang’s exposure to China spy claims
फाइनेंशियल टाइम्स 10 नवंबर 2026 का पहला पन्ना

न्यूयॉर्क टाइम्स: स्कूप उसका, पर पहले पन्ने पर नहीं

दिलचस्प यह है कि इस पूरे मामले का असली स्कूप न्यूयॉर्क टाइम्स का था। उसी ने अक्टूबर में सबसे पहले बताया कि अमेरिकी अधिकारी एलिस हुआंग को चीनी जासूस मानते हैं। टाइम्स के मुताबिक, चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने एलिस को जेन्सन हुआंग के बारे में जानकारी जुटाने और चीन को AI चिप बेचने के मुद्दे पर उनकी सोच प्रभावित करने के लिए भर्ती किया था। शुक्रवार को टाइम्स ने यह भी छापा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन के बड़े अधिकारियों को इस रिश्ते के बारे में आगाह किया था।

फिर भी सोमवार के प्रिंट संस्करण में टाइम्स ने इसे पहले पन्ने पर नहीं, बल्कि बिजनेस पन्नों की प्रमुख खबरों में रखा। रविवार को जब बोर्ड ने जांच का एलान किया, तब टाइम्स ने वेबसाइट और सोशल मीडिया पर इसे ‘ब्रेकिंग न्यूज’ के तौर पर चलाया। उसकी भाषा बेहद नपी-तुली थी: हुआंग ने बोर्ड के सामने माना कि वे उस बिजनेस एग्जीक्यूटिव के साथ ‘इंटिमेट’ रहे, जिसे अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चीनी जासूस माना है। अखबार ने यह भी साफ लिखा कि जेन्सन हुआंग को महिला के जासूस होने की जानकारी नहीं थी।

Nvidia द्वारा जेनसन हुआंग के खिलाफ जांच शुरू करने पर द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक्स पोस्ट
न्यूयॉर्क टाइम्स ने बोर्ड की जांच को ब्रेकिंग न्यूज के तौर पर चलाया

द इकोनॉमिस्ट: गंभीर पत्रिका का चुटीला शीर्षक

ब्रिटेन की प्रतिष्ठित पत्रिका द इकोनॉमिस्ट आम तौर पर संजीदा शीर्षकों के लिए जानी जाती है, लेकिन इस बार उसने भी चुटकी लेने से परहेज नहीं किया। उसका शीर्षक था: ‘Jensen Huang is caught with his pants down’, यानी जेन्सन हुआंग रंगे हाथ पकड़े गए। इसके नीचे पत्रिका ने असली सवाल रखा कि क्या एनवीडिया के बॉस चीनी जासूस वाले इस विवाद से उबर पाएंगे।

जेनसन हुआंग विवाद पर द इकोनॉमिस्ट की एक्स पोस्ट
द इकोनॉमिस्ट Jensen Huang is caught with his pants down

ब्लूमबर्ग और एक्सियोस: सवाल और दस्तावेज

ब्लूमबर्ग ने एक तरफ ‘क्या-क्या पता है’ वाला व्याख्यात्मक लेख छापा, तो दूसरी तरफ ओपिनियन में उन सवालों की सूची बनाई जो कांग्रेस को हुआंग से पूछने चाहिए। ब्लूमबर्ग ने याद दिलाया कि कंपनी जिस रिश्ते को ‘असामान्य नहीं’ बता रही थी, वह असल में अंतरंग निकला। वेबसाइट एक्सियोस ने हुआंग का कर्मचारियों को लिखा पत्र हासिल कर छापा। बाजार ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी और रविवार रात से सोमवार के बीच एनवीडिया के शेयर करीब 4 फीसदी से ज्यादा गिर गए।

एक खबर, कई चेहरे

अमेरिकी और ब्रिटिश मीडिया की कवरेज से साफ है कि एक ही घटना को पत्रकारिता के अलग-अलग नजरियों से देखा गया। न्यूयॉर्क पोस्ट ने वही किया जो टैब्लॉयड सबसे अच्छा करते हैं: पूरे पन्ने पर एक ऐसा शीर्षक, जो खबर से भी ज्यादा मशहूर हो गया। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने उसी खबर को एक कॉलम में संयमित शीर्षक के साथ रखा, और फाइनेंशियल टाइम्स ने उसे शेयर बाजार की खबर बना दिया। जिस न्यूयॉर्क टाइम्स ने यह स्कूप दिया, उसने प्रिंट में इसे पहले पन्ने पर नहीं रखा। और इकोनॉमिस्ट ने दिखाया कि गंभीर पत्रकारिता भी चुटकी ले सकती है।

एक बात सब में साझा रही। एलिस हुआंग के जासूस होने का दावा अमेरिकी अधिकारियों का आकलन है, कोई अदालती फैसला नहीं, और बड़े अखबारों ने इसे इसी रूप में रखा। चीन ने जासूसी के आरोपों से इनकार किया है। जेन्सन हुआंग ने अफेयर तो माना है, लेकिन यह नहीं कहा कि वह महिला एलिस हुआंग ही थीं। एनवीडिया बोर्ड का कहना है कि उसके पास राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के राज़ लीक होने का कोई सबूत नहीं है।


वरिष्ठ पत्रकार मिलिंद खांडेकर ने इस मामले की जड़ पर टिप्पणी की है:

चिप चिप की बात

Nvidia की खबर बहुत बड़ी हो गई है। CEO जेनसन हुआंग के चीन की कथित जासूस एलिस हुआंग से प्रेम संबंध चर्चा में है, लेकिन संबंधों से परे जासूसी की जड़ में है AI चिप की कथित तस्करी।

अमेरिका और चीन में AI रेस लगी है, उसमें महत्वपूर्ण है Nvidia की चिप। यह चिप चीन के पास नहीं है और आरोप है कि एलिस की कंपनी के ज़रिए चीन तक पहुंच गई। अमेरिकी सरकार ने चीन को Nvidia की ताक़तवर चिप बेचने पर प्रतिबंध लगा रखा है। बिना सरकार को पूछे चिप नहीं बेची जा सकती है। कुछ पुरानी चिप को बेचने की अनुमति है लेकिन नई चिप बेचने पर रोक है। नई चिप पहले से ज़्यादा ताक़तवर है।

एलिस की कंपनी Mega Speed सिंगापुर से चल रही थी। उसके मलेशिया में डेटा सेंटर्स हैं। Mega Speed ने Nvidia से 1.36 लाख चिप ख़रीदी। Nvidia ने जाँच की तो 86 हज़ार चिप के इस्तेमाल की जानकारी मिल गई लेकिन 50 हज़ार चिप का पता नहीं चला। ये चिप चीन में तस्करी के रास्ते पहुँचने की आशंका है। इसके अलावा डेटा सेंटर्स का इस्तेमाल भी चीन की कंपनियों के करने की आशंका है। हालाँकि चीन के विदेश मंत्रालय ने आज कहा कि जासूसी के आरोप बेबुनियाद हैं। Mega Speed भी इन आरोपों का पहले ही खंडन कर चुकी है।

Nvidia का AI चिप के बाजार पर दबदबा है। ये चिप AI के लिए ब्रेन का काम करती है। AI मॉडल की ट्रेनिंग में इस्तेमाल होती है। हम जब AI इस्तेमाल करते हैं तब भी ये चिप ही दिमाग़ लगाती है। AI का दिमाग़ ही जासूस के हाथ लग गया, और इस दिमाग़ को बनाने वाले जेनसन हुआंग भी।

– मिलिंद खांडेकर
CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन